ब्रेकिंग न्यूज़
Chabahar port strike : अमेरिका ने चाबहार को बनाया निशाना, तनाव का माहौल

इंटरनेशनल डेस्क / सत्ता संदेश

अमेरिका और ईरान के बीच हो रही जंग की आंच चाबहार बंदरगाह तक पहुंच चुकी है। होर्मुज और आसपास के इलाकों में 90 से अधिक ठिकानों पर हवाई हमलों के बाद अमेरिकी सेना ने चाबहार को भी निशाना बनाया है। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान में अमेरिकी सेना की एयर स्ट्राइक के बाद चाबहार और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हमलों में बंदरगाह, एक समुद्री यातायात नियंत्रण टावर और पास की सैन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है।

पश्चिम एशिया में संकट कितना गहरा?

गुरूवार को ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर खामेनेई को मशहद शहर में सुपुर्द-ए-खाक भी किया जाना है, ऐसे में अमेरिकी हमलों के बाद पश्चिम एशिया में संकट गहराने लगा है। दोनों पक्षों की तरफ से आक्रामक बयानबाजी का सिलसिला भी जारी है।

अमेरिका ने ईरान के चाबहार पर हमला किया, संघर्ष पर ट्रंप क्या बोले?

दरअसल, अमेरिका ने बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात ईरान के दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर चाबहार पर नए हमले किए। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देश दूसरे दिन भी एक-दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं। ईरान की सरकारी मीडिया में आई खबरों के मुताबिक चाबहार में विस्फोटों की आवाज सुनी गई। शहर के कुछ हिस्सों में बिजली भी गुल हो गई। स्थानीय लोगों ने कई धमाके सुने। आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी जगहों पर भी नुकसान की खबर है। यह हमले चिंताजनक इसलिए भी है क्योंकि अप्रैल में अमेरिका-ईरान युद्धविराम की घोषणा के बाद से भारत की मदद के विकसित इस रणनीतिक बंदरगाह पर पहली बार हमले हुए हैं। 

90 ईरानी ठिकानों पर हमले, अमेरिकी सेना क्या बोली?

अमेरिकी सैन्य अधिकारियों के अनुसार, समुद्र में बने बुनियादी ढांचे और सैन्य सुविधाओं को निशाना बनाया गया। वाशिंगटन की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि इन जगहों की मदद से ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाता है। खतरों को भांपते हुए अमेरिकी सेना की मध्य पूर्व कमान- सेंटकॉम (CENTCOM) ने लगभग 90 ईरानी ठिकानों को निशाना बनाया। एक्स पर जारी बयान में सेंटकॉम ने लिखा, अमेरिकी सेंट्रल कमांड बलों ने ईरान के खिलाफ अतिरिक्त हमले शुरू किए हैं। इसका मकसद होर्मुज में खतरों को कम करना और जहाजों को नुकसान पहुंचाने की ईरान की ताकत पर नकेल कसना है।

इन हमलों के बाद अमेरिका ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक दल के खिलाफ हालिया आक्रामकता अनुचित हैं। इसके लिए ईरान जवाबदेह है। अमेरिकी हमलों से पहले मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन मालवाहक जहाजों पर कथित तौर पर ईरान की सेना ने हमले किए। ट्रंप ने तेहरान को चेतावनी दी थी कि अगर तेहरान महत्वपूर्ण शिपिंग लेन में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना जारी रखेगा, तो इसके अंजाम ‘बहुत खराब’ होंगे।

ईरान ने अमेरिका पर पलटवार करने के लिए कुवैत और बहरीन में उसके सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। ट्रंप के आक्रामक बयान के बीच ईरान की संसद के अध्यक्ष और मुख्य वार्ताकार गालिबाफ ने कहा, अमेरिका ने अभी तक यह नहीं सीखा है कि धमकाना और वादे तोड़ना बीते दिनों की बात हो चुकी है।

ट्रंप ने क्यों कहा- ईरान के साथ वार्ता समय की बर्बादी?

यह भी महत्वपूर्ण है कि ईरान में अमेरिकी सेना के ताजा हमलों से पहले नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ मौजूदा हालात में बातचीत करना उन्हें समय की बर्बादी लगता है। तल्ख अंदाज में ट्रंप ने तेहरान के नेताओं को बेवकूफ भी बताया था। उन्होंने शांति समझौते को लेकर भी कहा कि ईरान की तरफ से सीजफायर का उल्लंघन किया गया, ऐसे में उन्हें लगता है कि समझौता टूट चुका है। तेहरान की तरफ से भी अमेरिका को दो-टूक जवाब दिया गया है।

पंजाब के 13 जिलों में बारिश और तेज़ हवाओं का येलो अलर्ट, अगले 4 दिन मौसम रहेगा सक्रिय

पंजाब में तापमान में 2.6 डिग्री की वृद्धि हुई। शुक्रवार को बारिश की कमी से पारा चढ़ गया। हालांकि, आज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने शनिवार को 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है। छह जुलाई से चार दिन के लिए भारी बारिश का भी यलो अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार को राज्य में मुख्य रूप से मौसम शुष्क बना रहा। कुछ जगहों पर ही हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई। शनिवार को पंजाब के 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। 

इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून के पंजाब के बाकी हिस्सों में अगले चार से पांच दिन में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। फाजिल्का 38.0 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। न्यूनतम तापमान में भी 2.7 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जो फिलहाल सामान्य के करीब है।

सबसे कम 25.2 डिग्री का न्यूनतम पारा एसबीएस नगर और पठानकोट का दर्ज हुआ। छह जुलाई से पंजाब में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का पीला अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट अगले चार दिनों तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि के दौरान तापमान में छह डिग्री तक की कमी दर्ज की जा सकती है। इससे राज्य में गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

मानसून की प्रगति

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। यह अगले चार से पांच दिन में पंजाब के शेष हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। मानसून की सक्रियता से राज्य में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होगी। इससे किसानों और आम जनता को राहत मिलेगी।

पंजाब में 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, तापमान में 5°C तक गिरावट के आसार

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

पंजाब में चार दिन भारी बारिश का अलर्ट है। कई इलाकों में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पारा अब सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे पहुंच गया है, जिससे उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। 

फरीदकोट में सबसे अधिक 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिन भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में चार से पांच डिग्री तक की कमी आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, अमृतसर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पंजाब के न्यूनतम तापमान में भी 1.4 डिग्री की गिरावट आई है, जो सामान्य के नजदीक बना हुआ है। फरीदकोट में सबसे कम 24.5 डिग्री न्यूनतम पारा दर्ज किया गया। फरीदकोट में 22.8 मिलीमीटर, पठानकोट में 4.5 मिलीमीटर, पटियाला में 2.0 मिलीमीटर और होशियारपुर में 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अमृतसर का अधिकतम पारा 34.0 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री रहा। लुधियाना का अधिकतम 33.0 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री दर्ज किया गया।

भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर फंड में ऑस्ट्रेलिया करेगा 500 मिलियन डॉलर का निवेश, पीएम मोदी की मौजूदगी में करेगा ऐलान

इंटरनेशनल डेस्क / सत्ता संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने मेलबर्न में ‘इंडिया-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम’ और ‘इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन’ में शिरकत की। इस दौरान पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के साथ आर्थिक और रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने की कोशिश की।

पीएम ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता, सप्लाई चेन में रुकावट और ऊर्जा संकट के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में, भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्वाभाविक और भरोसेमंद साझेदार के तौर पर आगे बढ़ना स्वाभाविक और जरूरी है।

ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े पेंशन फंड ऑस्ट्रेलियनसुपर ने भारत में बडे़ निवेश का एलान भी किया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘भारत ऑस्ट्रेलियनसुपर के 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश का स्वागत करता है, जिसकी घोषणा आज सुबह मेलबर्न में उनके चीफ एग्जीक्यूटिव मिस्टर पॉल श्रोडर ने की। यह भारत की विकास और सुधार की राह में वैश्विक भरोसे की एक और मिसाल है। यह उन बड़े मौकों को भी दिखाता है जो हमारी तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था ग्लोबल निवेशकों को देती है।’

बुधवार को पहुंचे पीएम मोदी

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में, हमने दोनों देशों की क्षमताओं को मिलाकर भविष्य में सहयोग के लिए एक मजबूत ढांचा तैयार किया है। बता दें कि पीएम मोदी अपना इंडोनेशिया का दौरा पूरा करने के बाद बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे।

पीएम मोदी के पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया की साझा विरासत का जश्न मनाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इसका वीडियो शेयर करते हुए इसे शानदार बताया।

पीएम ने की तारीफ

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ पारंपरिक वाद्ययंत्र डिजेरिडू और तबला के साथ एक संगीत जुगलबंदी भी देखी। प्रस्तुति देखने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि यह दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है। पीएम ने कलाकारों की तारीफ भी की।

ऑस्ट्रेलिया के बाद पीएम मोदी न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे। लेकिन उसके पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, शिक्षा, मोबिलिटी, टेक्नोलॉजी, खेल पर अहम चर्चा होगी।

डॉक्यूमेंट्री वैन के जरिए संगत को दिखाई श्री गुरु रविदास के जीवन पर फिल्म
  • माछीवाड़ा साहिब ब्लॉक के गांव नीलां कलां में एक डॉक्यूमेंट्री वैन के ज़रिए गांव की संगत को श्री गुरु रविदास जी के जीवन पर एक डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म दिखाई गई*
  • पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी के बराबरी और भाईचारे के संदेश को घर-घर तक पहुंचा रही है
  • नीलां कलां के गांववालों ने डॉक्यूमेंट्री के ज़रिए श्री गुरु रविदास जी के महान जीवन दर्शन के बारे में जाना
  • पंजाब सरकार की कोशिश है कि एक डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म के ज़रिए युवा पीढ़ी को गुरु रविदास जी की विरासत से जोड़ा जाए: सरपंच कुलजिंदर कौर

समराला, लुधियाना, 07 जुलाई:

पंजाब सरकार की तरफ़ से श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को श्रद्धा, आदर और उत्साह के साथ मनाने और उनके महान जीवन दर्शन, इंसानियत, बराबरी और भाईचारे के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के मकसद से एक खास जागरूकता कैंपेन चलाया जा रहा है। इस कैंपेन के तहत डॉक्यूमेंट्री वैन मंगलवार शाम को ब्लॉक माछीवाड़ा साहिब के गांव नीलों कलां पहुंची, जहां वैन पर एक बड़ी 12 ft × 8 ft की LED स्क्रीन के ज़रिए श्री गुरु रविदास जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं, समाज सुधारों और इंसानियत के लिए दिए गए उनके अनमोल योगदान के बारे में एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई।

डॉक्यूमेंट्री फिल्म के दौरान गांव की संगत ने गुरु साहिब के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, उनके आदर्शों और इंसानियत की भलाई के लिए दिए गए संदेशों को बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ ध्यान से देखा और सुना। फिल्म में गुरु रविदास जी द्वारा जातिवाद, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ दिए गए संदेशों को असरदार तरीके से दिखाया गया, जिससे वहां मौजूद लोगों को सामाजिक एकता, आपसी मेलजोल और बराबरी के उसूलों को अपनाने की प्रेरणा मिली।

इस मौके पर गांव नीलों कलां की सरपंच कुलजिंदर कौर, पंचायत मेंबर, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में गांव वाले मौजूद थे। उन्होंने श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की इस अनोखी पहल की बहुत तारीफ़ की और कहा कि ऐसी डॉक्यूमेंट्रीज़ नई पीढ़ी को अपने महान गुरुओं की शिक्षाओं और विरासत से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का दिया गया समानता, भाईचारा, सच्चाई और मानव सेवा का संदेश आज भी समाज के लिए ज़रूरी है और इसे हर वर्ग तक पहुँचाने की ज़रूरत है।

गाँववालों ने कहा कि पंजाब सरकार की यह मुहिम न सिर्फ़ लोगों को गुरु साहिब के जीवन और विचारधारा के बारे में जागरूक कर रही है, बल्कि समाज में आपसी प्यार, एकजुटता और सामाजिक मेलजोल को भी मज़बूत कर रही है। उन्होंने कहा कि गाँव के इलाकों में ऐसे जागरूकता प्रोग्राम आयोजित करने से बच्चों, युवाओं और आम लोगों को अपनी धार्मिक और सामाजिक विरासत के बारे में ज़्यादा जानकारी मिलती है।

उल्लेखनीय है कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब सरकार राज्य भर के गांवों में डॉक्यूमेंट्री वैन के माध्यम से डॉक्यूमेंट्री फिल्में दिखाकर गुरु साहिब की शिक्षाओं को लोगों तक पहुंचा रही है, ताकि समाज में समानता, भाईचारा, सामाजिक न्याय और मानवता के उच्च मूल्यों को और मजबूत किया जा सके।

पीएम मोदी के दौरे से पहले केंद्रीय मंत्री ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का किया निरिक्षण

जालंधर / सत्ता संदेश

रेल मंत्रालय तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुनर्विकसित जालंधर कैंट (जेआरसी) रेलवे स्टेशन का दौरा कर पीएम नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री 17 जुलाई 2026 को इस स्टेशन पुनर्विकास परियोजना का उद्घाटन करने वाले हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रेल सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब के लोगों को यह ऐतिहासिक सौगात प्रदान करने तथा क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय यात्री सुविधा केंद्र में परिवर्तित करने के लिए वे उनके प्रति कृतज्ञ हैं।

लगभग 110 वर्ष पुराने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग ₹125 करोड़ की लागत से किया गया है। इस परियोजना में स्टेशन की ऐतिहासिक वास्तुकला को संरक्षित रखते हुए पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले तत्वों को भी समाहित किया गया है।

पुनर्विकसित स्टेशन में विशाल डबल-हाइट एयर कॉन्कोर्स, मजबूत स्टील प्लेटफॉर्म रूफिंग, स्लिप-प्रतिरोधी फर्श, ऊर्जा-कुशल एलईडी प्रकाश व्यवस्था, शहर के दोनों ओर से सुविधाजनक प्रवेश तथा 6 मीटर और 9 मीटर चौड़ाई वाले दो नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

अन्य प्रमुख सुविधाओं में 40 मीटर चौड़ी ट्रफ रूफ, जो 200 मीटर लंबे प्लेटफॉर्म (8,720 वर्गमीटर) को कवर करती है, 36 मीटर चौड़ा 1,770 वर्गमीटर का एयर कॉन्कोर्स, 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाला नया द्वितीय प्रवेश स्टेशन भवन तथा 4,855 वर्गमीटर का पार्किंग क्षेत्र शामिल है।

वर्तमान में जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन औसतन 7,500 यात्रियों का आवागमन होता है। स्टेशन पर 66 अप तथा 66 डाउन ट्रेनों का ठहराव है, जिनमें दो जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, एक हमसफर एक्सप्रेस, एक गरीब रथ एक्सप्रेस तथा अनेक मेल/एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनें शामिल हैं। यह स्टेशन पूर्णतः यात्री सेवाओं के लिए समर्पित है तथा यहां किसी प्रकार का माल परिवहन नहीं किया जाता।

निरीक्षण के दौरान श्री रवनीत सिंह ने यात्री सुविधाओं एवं चल रही तैयारियों का विस्तृत अवलोकन किया तथा पुनर्विकास कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्नत सुविधाओं से युक्त यह स्टेशन यात्रियों की सुविधा में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा तथा भारतीय रेलवे की आधुनिक, सुरक्षित, सुगम एवं विश्वस्तरीय अवसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा। साथ ही, यह पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को भी प्रभावी रूप से प्रदर्शित करेगा।

सीनियर सिटिजन के अधिकारों की रक्षा के लिए ADC की अध्यक्षता में हुई मीटिंग
  • सीनियर सिटिजन के अधिकारों की रक्षा के लिए बनी डिस्ट्रिक्ट लेवल कमेटी की मीटिंग एडिशनल डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई
  • सीनियर सिटिजन हमारे समाज की कीमती संपत्ति हैं – डॉ. नरिंदर सिंह
  • कहा! सीनियर सिटिजन हर समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन 14567 पर संपर्क कर सकते हैं

लुधियाना / सत्ता संदेश

एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (रूरल डेवलपमेंट) डॉ. नरिंदर सिंह की अध्यक्षता में सीनियर सिटिजन के अधिकारों की रक्षा के लिए बनी डिस्ट्रिक्ट लेवल कमेटी की मीटिंग लोकल ऑफिस में हुई, जिसमें जिले के सीनियर सिटिजन को आ रही समस्याओं पर चर्चा हुई।

मीटिंग की शुरुआत में डिस्ट्रिक्ट सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर वरिंदर सिंह टिवाना ने बताया कि पंजाब सरकार लुधियाना जिले में लगभग 2.50 लाख सीनियर सिटिजन को हर महीने लगभग 37.38 करोड़ रुपये की बुढ़ापा पेंशन का फायदा दे रही है और जिले में लगभग 2.80 लाख लोगों को सीनियर सिटिजन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा, लुधियाना जिले में करीब 700 बेघर सीनियर सिटिजन को 7 ओल्ड एज होम में रखकर उनकी देखभाल की जा रही है।

मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे एडिशनल डिप्टी कमिश्नर डेवलपमेंट डॉ. नरिंदर सिंह ने पुलिस डिपार्टमेंट के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे ओल्ड एज होम में रहने वाले सीनियर सिटिजन का पुलिस वेरिफिकेशन करके एक महीने के अंदर डिस्ट्रिक्ट सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर को ज़रूरी रिपोर्ट भेजें। उन्होंने लीड बैंक मैनेजर लुधियाना को निर्देश दिया कि वे जिले की सभी बैंक ब्रांचों में सीनियर सिटिजन की सुनवाई प्रायोरिटी के आधार पर करें और इसके लिए लिखित कार्रवाई करें।

उन्होंने सीनियर सिटिजन को होने वाली मुश्किलों जैसे ड्राइविंग लाइसेंस का रिन्यूअल, नया अकाउंट खोलना, सर्विस सेंटर, हॉस्पिटल, सरकारी और प्राइवेट ऑफिस में सीनियर सिटिजन के लिए अलग लाइन लगवाने का खास ध्यान रखा। उन्होंने आगे कहा कि सभी सब डिविजनल मजिस्ट्रेट सीनियर सिटिजन के मामलों की प्रायोरिटी के आधार पर सुनवाई करें और अपने कोर्ट के बाहर सीनियर सिटिजन के बैठने का सही इंतजाम करें।

एडिशनल डिप्टी कमिश्नर डॉ. नरिंदर सिंह ने असिस्टेंट सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि जिले के सीनियर सिटिजन को सभी सरकारी अस्पतालों में इलाज दिया जाए, वहीं ओल्ड एज होम में रहने वाले सीनियर सिटिजन के हेल्थ चेक-अप के लिए मेडिकल टीमों का शेड्यूल बनाकर जिला प्रशासन के साथ शेयर किया जाए और सीनियर सिटिजन को बेहतर हेल्थ सुविधाएं दी जाएं।

उन्होंने सभी सीनियर सिटिजन से अपील करते हुए कहा कि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी हो तो वे पंजाब सरकार की तरफ से जारी हेल्पलाइन 14567 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने बुजुर्गों की परेशानियों को दूर करने के लिए यह एल्डरलाइन नंबर जारी किया है।

इसके अलावा, सीनियर सिटिजन एक्ट 2007 के सेक्शन 20 में मेडिकल केयर और एक्ट के सेक्शन 21 में जान-माल की सुरक्षा पर भी खास चर्चा हुई।

मीटिंग के दौरान, डिस्ट्रिक्ट सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर श्री वरिंदर सिंह टिवाना ने मौजूद सदस्यों को मेंटेनेंस एंड वेलफेयर ऑफ पेरेंट्स एंड सीनियर सिटिजन एक्ट 2007 के बारे में डिटेल में जानकारी दी। इस मौके पर असिस्टेंट सिविल सर्जन विवेक कटारिया, पुलिस कमिश्नर लुधियाना इंस्पेक्टर बलवंत सिंह, डीएसपी खन्ना पवन कुमार, डीए एडमिन लुधियाना विशाल आनंद, सेक्रेटरी रेड क्रॉस नवनीत जोशी, लीड बैंक मैनेजर गुरदीप सिंह, डॉ. इंद्रजीत सिंह कोटनिस हेल्थकेयर और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

डिसेबल्टिज के अधिकारों की रक्षा के लिए ADC की अध्यक्षता में हुई मीटिंग
  • डिसेबल्टिज के अधिकारों की रक्षा के लिए डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन कमिटेड – एडिशनल डिप्टी कमिश्नर डॉ. नरिंदर सिंह
  • UDID कार्ड बनाने में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए

लुधियाना / सत्ता संदेश

डिसेबल्स के वेलफेयर और प्रोटेक्शन ऑफ राइट्स ऑफ द राइट्स एक्ट, 2016 के तहत बनाई गई डिस्ट्रिक्ट लेवल कमेटी की मीटिंग एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (रूरल डेवलपमेंट) डॉ. नरिंदर सिंह की अध्यक्षता में उनके ऑफिस में हुई।

एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन डिसेबल्स के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह से कमिटेड है और किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मीटिंग के दौरान, डिस्ट्रिक्ट सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर वरिंदर सिंह टिवाना ने बताया कि लुधियाना जिले में कुल 24696 दिव्यांग लोगों को पंजाब सरकार की तरफ से 1500 रुपये प्रति महीने की दर से दिव्यांग पेंशन के तौर पर हर महीने 3.71 करोड़ रुपये की फाइनेंशियल मदद दी जा रही है। इसके अलावा, सिविल सर्जन लुधियाना की तरफ से करीब 41 हजार दिव्यांग लोगों को UDID कार्ड जारी किए गए हैं।

इसके अलावा, डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन स्पोर्ट्स के फील्ड में अच्छा प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग लोगों को भी सपोर्ट कर रहा है। उन्होंने बताया कि 10 दिव्यांग लोग जो अपना खुद का बिजनेस करना चाहते थे, उन्हें भी वर्धमान ग्रुप की CSR पहल के तहत इलेक्ट्रिक मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल दी गई हैं।

इन उपलब्धियों का रिव्यू करते हुए, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर डॉ. नरिंदर सिंह ने असिस्टेंट सिविल सर्जन को UDID कार्ड दिए। उन्होंने कार्ड बनाने के काम में तेज़ी लाने के निर्देश दिए और 31 जुलाई से पहले डिप्टी कमिश्नर, लुधियाना के ऑफिस में एक डिटेल्ड रिपोर्ट जमा करने को कहा।

उन्होंने डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर को साफ़ किया कि उनके अंडर आने वाले सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले दिव्यांग स्टूडेंट्स के UDID कार्ड हर महीने अगस्त, 2026 तक बन जाने चाहिए ताकि उन्हें सितंबर महीने में पंजाब सरकार की तरफ से दी जाने वाली स्कॉलरशिप के मामलों में शामिल किया जा सके।

डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर के रिप्रेजेंटेटिव ने मीटिंग के दौरान बताया कि सरकारी स्कूलों में 4128 दिव्यांग बच्चे पढ़ रहे हैं, जिनमें से 3509 स्टूडेंट्स हैं।

सत्ता संदेश की तरफ से गुरनीत कौर को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं

लुधियाना / सत्ता संदेश

प्रिय गुरनीत कौर को सत्ता संदेश की तरफ से जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।

ईश्वर से प्रार्थना है कि आपका जीवन सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, सफलता और खुशियों से सदैव भरपूर रहे। आप जीवन के हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति करें तथा आपके सभी सपने साकार हों।

जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएँ एवं मंगलकामनाएँ।

पिता: दलजीत सिंह
माता: पवनप्रीत कौर

पता:
गाँव एवं डाकघर – जरटोली
जिला – लुधियाना