ब्रेकिंग न्यूज़
सुनाम में अमन अरोड़ा के आवास के बाहर काला झंडा लेकर पहुंचे दामन बाजवा,

सुनाम / सत्ता संदेश

सिख युवक मोहनजीत सिंह पर हुए कथित अत्याचार के विरोध में सुनाम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दामन बाजवा ने कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के आवास के बाहर काला झंडा लेकर प्रदर्शन किया। मोहनजीत सिंह ने मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया था। इसी मामले को लेकर भाजपा ने पंजाब सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।

दामन बाजवा के अचानक मंत्री के आवास के बाहर पहुंचने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। प्रदर्शन के दौरान बाजवा ने पुलिस प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा कि यदि प्रशासन में हिम्मत है तो उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करे। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहनजीत सिंह के साथ अमानवीय अत्याचार किया गया है।

बाजवा ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से रोष प्रदर्शन करने का मौलिक अधिकार देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय अपनी आवाज उठाने वाले लोगों को दबाने का प्रयास कर रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार चाहे तो उनके खिलाफ भी मामला दर्ज कर जेल भेज सकती है, लेकिन वे किसी भी तरह की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने मोहनजीत सिंह के मामले में सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

वहीं, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति और राजनीतिक दल को अपनी बात रखने तथा प्रदर्शन करने का अधिकार है। हालांकि उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक पार्टियां इस संवेदनशील मामले को लेकर केवल राजनीति कर रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान हरमनदेव सिंह बाजवा भी मौजूद रहे। मामले को लेकर भाजपा और पंजाब सरकार के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *