ब्रेकिंग न्यूज़
फतेहगढ़ साहिब में भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 की मौत और 25 घायल

पंजाब डेस्क : पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में बस्सी पठाना के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहाँ श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 25 यात्री घायल हुए हैं।

दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु: जानकारी के अनुसार, बस में करीब 35 से 40 श्रद्धालु सवार थे। ये सभी लोग आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के बाद अपने गाँव मेन माजरी लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच बस हादसे का शिकार हो गई।

टायर फटने के कारण हुआ हादसा: हादसे में घायल एक महिला ने बताया कि अचानक बस का एक टायर फट गया, जिससे चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खंभे से टकराई और फिर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि वे तुरंत मौके पर पहुँचे, जहाँ यात्रियों के बीच चीख-पुकार मची हुई थी।

राहत और बचाव कार्य : स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस के पहुँचने से पहले ही राहत कार्य शुरू कर दिया और घायलों को बस से बाहर निकाला। फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पतालों में पहुँचाया गया है। करीब 15 घायलों का इलाज मोरिंडा अस्पताल में और 9 का फतेहगढ़ साहिब अस्पताल में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *