रिंकू सिंह का धमाका: MS धोनी के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी की, सिर्फ़ 38 गेंदों में किया ये कमाल
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेले गए पहले T20 मैच में अपनी तूफ़ानी बैटिंग से पूर्व कप्तान MS धोनी की बराबरी कर ली है। रिंकू ने खुद को एक बेहतरीन ‘फ़िनिशर’ साबित किया है और बहुत जल्दी धोनी का एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
धोनी से 94 गेंदों पर हासिल की कामयाबी: रिंकू सिंह ने T20 इंटरनेशनल के 20वें ओवर में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने के मामले में धोनी की बराबरी कर ली है। हैरानी की बात यह है कि रिंकू ने धोनी से 94 गेंद कम खेलकर यह मुकाम हासिल किया। महेंद्र सिंह धोनी ने जहां 20वें ओवर में 132 गेंदों का सामना करते हुए 12 छक्के लगाए थे, वहीं रिंकू सिंह ने सिर्फ़ 38 गेंदों पर 12 छक्के लगाए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ कहर बरपाया: नागपुर में खेले गए इस मैच में रिंकू सिंह ने सिर्फ 20 गेंदों पर नाबाद 44 रनों की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उन्होंने इस पारी के 21 रन अकेले आखिरी (20वें) ओवर में बनाए। यह तीसरा मौका है जब रिंकू ने किसी टी20 इंटरनेशनल मैच के एक ओवर में 20 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं।
हार्दिक पांड्या का रिकॉर्ड अब निशाने पर: 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का भारतीय रिकॉर्ड अभी हार्दिक पांड्या के नाम है, जिन्होंने 99 गेंदों पर 15 छक्के लगाए हैं। धोनी के रिटायरमेंट के बाद अब इस रिकॉर्ड के लिए रिंकू सिंह और हार्दिक पांड्या के बीच सीधी टक्कर होगी। डेथ ओवर (19वां और 20वां) में रिंकू का स्ट्राइक रेट 287.8 रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दिखाता है।

