ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना सेंट्रल जेल में हिंसक झड़प: कैदियों के हमले में सुपरिंटेंडेंट गंभीर रूप से घायल

लुधियाना : लुधियाना की ताजपुर रोड स्थित सेंट्रल जेल में मंगलवार शाम को कैदियों के दो गुटों के बीच एक हिंसक झड़प हो गई। इस घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

सूत्रों के मुताबिक, यह हिंसा जेल के अंदर हवालाती और कैदियों के दो गुटों के बीच बहस के बाद शुरू हुई और देखते ही देखते यह झड़प बेकाबू हो गई। जेल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की, लेकिन गुस्साए कैदियों ने पुलिस अधिकारियों पर भी हमला कर दिया।इस हमले में सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट कुलवंत सिद्धू गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्हें सिर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है। कैदियों के हमले में कई अन्य अधिकारी भी घायल हुए।हिंसा के बाद जेल के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जेल से लगातार सायरन की आवाजें आ रही थीं, और एंबुलेंस तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। हालांकि, जेल प्रशासन ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन पुलिस प्रशासन का दावा है कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है।