राम रहीम को फिर मिली 40 दिन की पैरोल: सुनारिया जेल से आएंगे बाहर, सिरसा डेरे में रहने की मिली इजाजत
नेशनल डेस्क: दो साध्वियों से रेप और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर 40 दिन की पैरोल मिल गई है। रोहतक की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को बुधवार शाम को पैरोल मिली थी, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उनकी रिहाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सिरसा डेरे में ही रहेंगे राम रहीम: पैरोल की इस अवधि के दौरान राम रहीम हरियाणा के सिरसा में स्थित डेरा सच्चा सौदा में ही रहेंगे। प्रशासन की तरफ से उन पर सख्त शर्तें लगाई गई हैं। पैरोल के दौरान वह सिरसा डेरा परिसर के बाहर किसी भी तरह के इवेंट या प्रोग्राम में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। प्रशासन उनकी हर एक्टिविटी पर कड़ी नजर रखेगा।
बार-बार रिहाई विवादों में रही है: गुरमीत राम रहीम 2017 से सुनारिया जेल में बंद है। जानकारी के मुताबिक, वह अब तक 13 बार जेल से बाहर आ चुका है और यह 14वीं बार है जब उसे रिहा किया गया है। राम रहीम की बार-बार पैरोल को लेकर अक्सर सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर सवाल उठते हैं, खासकर तब जब यह रिहाई चुनाव के करीब हो। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि यह पैरोल पूरी तरह से नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत दी गई है।पैरोल की अवधि खत्म होने के बाद राम रहीम को फिर से सुनारिया जेल में सरेंडर करना होगा।

