ब्रेकिंग न्यूज़
कनाडा में पंजाबी मूल की मशहूर यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या: घर में घुसकर चाकू से किया हमला

इंटरनेशनल डेस्क: कनाडा के विंडसर (विंडसर) शहर से एक दुखद खबर सामने आई है, जहाँ पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की उनके घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। 45 वर्षीय नैन्सी पर मंगलवार रात करीब 9:30 बजे टॉड लेन स्थित उनके घर में एक अज्ञात युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। हमले के बाद उन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस की जांच और कार्रवाई : कनाडा की लासाल पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए टॉड लेन और उसके आसपास के इलाके को सील कर दिया है। पुलिस अधिकारी माइकल पियर्स के अनुसार, अधिकारी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रहे हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई जानकारी या फुटेज हो, तो वे डिटेक्टिव सार्जेंट जेमी नेस्टर से संपर्क करें।

विवादों से रहा है पुराना नाता: नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर अपने बेबाक और अक्सर विवादित बयानों के लिए जानी जाती थीं। सूत्रों के अनुसार वे लगातार खालिस्तान समर्थक गतिविधियों की आलोचना करती रहती थीं। उन्होंने हाल ही में श्री अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज और राधा स्वामी डेरा ब्यास के प्रमुख पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इसके अलावा, वह पंजाब के कई राजनीतिक नेताओं जैसे सुखबीर बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ भी वीडियो अपलोड करती रहती थीं। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।