ब्रेकिंग न्यूज़
अमेरिकी हमले में मारे गए 84 ईरानी नाविकों के शव श्रीलंका ने स्वदेश वापस भेजे

कोलंबो, 14 मार्च (भाषा) श्रीलंका ने एक अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा डुबोए गए ईरानी नौसेना पोत के 84 नाविकों के शवों को स्वदेश वापस भेज दिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पिछले सप्ताह बुधवार को श्रीलंका ने बताया था कि उसने अमेरिकी पनडुब्बी हमले में द्वीप के दक्षिणी तट पर गाले के पास ईरानी नौसैनिक पोत ‘आईरिस देना’ के डूबने के बाद 84 ईरानी नाविकों के शव बरामद किए हैं।

यह पोत भारत के विशाखापत्तनम से ईरान लौट रहा था जहां इसने नौसेना बेड़े की समीक्षा अभ्यास में हिस्सा लिया था।

दक्षिणी जिले हंबनटोटा के मट्टाला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूद पत्रकारों ने बताया कि ये शव तुर्किये के निजी एयरलाइन के विमान से भेजे गये जो शुक्रवार को रवाना हुआ।

मुख्य मजिस्ट्रेट समीरा डोडंगोडा ने 11 मार्च को करापितिया स्थित नेशनल हॉस्पिटल के निदेशक को आदेश दिया था कि वे ‘आईरिस देना’ पोत के 84 नाविकों के शव ईरान के दूतावास को सौंप दें।

अमेरिकी टॉरपीडो के हमले में चार मार्च को मारे गए नाविकों के शवों को गाले के कारपितिया अस्पताल में रखा गया था तथा हमले में जीवित बचे 32 लोगों का इलाज किया गया था।

श्रीलंका सरकार ने पहले कहा था कि स्थिति सुधरने तक वे शवों को अपने पास रखेंगे ताकि उन्हें स्वदेश वापस भेजा जा सके।

हमले में जीवित बचे 32 लोगों को रविवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *