मोगा में अमित शाह का बड़ा एलान: पंजाब में बनी BJP सरकार तो 2 साल में होगा नशा मुक्त; 2027 के लिए फूंका चुनावी बिगुल
पंजाब डेस्क : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार, 14 मार्च 2026 को पंजाब के मोगा जिले के गांव किल्ली चहिना में आयोजित भाजपा की ‘बदलाव रैली’ को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों का शंखनाद किया। भगवा रंग की पगड़ी पहनकर मंच पर पहुंचे शाह का स्वागत जोरदार नारों के साथ किया गया।
2 साल में नशा मुक्त पंजाब: अमित शाह ने पंजाब की जनता से बड़ा वादा करते हुए कहा कि यदि 2027 में राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो अगले 2 साल के भीतर पंजाब को पूरी तरह नशा मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशे से केवल भाजपा ही बचा सकती है।
अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा: गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों में भाजपा किसी अन्य दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और पंजाब में अपनी स्वतंत्र सरकार बनाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि उन्होंने अकाली दल, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को मौका दिया है, अब एक मौका भाजपा को भी दें।
डबल इंजन सरकार और विकास: शाह ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा करतारपुर कॉरिडोर खोलने जैसी उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि पंजाब में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनने पर धर्म परिवर्तन पर रोक लगेगी और विकास को नई गति मिलेगी।
गुरु साहिब को नमन और नववर्ष की बधाई: उन्होंने नानकशाही संवत 558 और देसी नववर्ष की शुरुआत पर लोगों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने नौवें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी की कुर्बानी को याद करते हुए कहा कि यदि वे न होते तो आज हिंदू भी न होते।शाह ने अपने संबोधन में विश्वास जताया कि साल 2027 में पंजाब में निश्चित तौर पर भाजपा की सरकार बनेगी।

