बाबा केदार के भक्तों का इंतजार खत्म; 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट
नेशनल डेस्क : उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मंदिर समिति के अधिकारियों के अनुसार, कपाट सुबह 8 बजे वृष लग्न में खोले जाएंगे।
महाशिवरात्रि पर निकला शुभ मुहूर्त: बाबा केदार के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर की गई। केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर (उखीमठ) में परंपरागत पूजा-अर्चना और पंचांग गणना के बाद धर्माचार्यों ने इस मुहूर्त को सार्वजनिक किया। इस विशेष अवसर पर मंदिर को करीब साढ़े नौ क्विंटल फूलों से सजाया गया था।
चारों धामों की तिथियां घोषित : केदारनाथ के साथ ही उत्तराखंड के अन्य प्रमुख धामों के कपाट खुलने का कार्यक्रम भी तय हो गया है:
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम: 19 अप्रैल 2026 (अक्षय तृतीया के अवसर पर)।
बदरीनाथ धाम: 23 अप्रैल 2026।
तैयारियां हुई तेज : कपाट खुलने की आधिकारिक घोषणा के साथ ही प्रशासन और मंदिर समिति ने यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने और नागरिक सुविधाओं को बहाल करने का काम तेज कर दिया है। देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आवास के लिए कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

