कल भारत बंद: 10 मजदूर संगठनों और किसानों का बड़ा ऐलान; बैंक से लेकर बाजार तक क्या रहेगा बंद?
नेशनल डेस्क : देश के 10 प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और विभिन्न किसान संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर कल यानी गुरुवार (12 फरवरी) को ‘भारत बंद’ का आह्वान किया है. इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण सरकारी बैंकों, दफ्तरों, परिवहन सेवाओं और बाजारों पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.
क्यों हो रहा है विरोध? मजदूर संगठन पिछले साल लागू हुए चार नए लेबर कोड्स का कड़ा विरोध कर रहे हैं. उनका आरोप है कि इन कोड्स से श्रमिकों के अधिकार कमजोर हुए हैं, जॉब सिक्योरिटी कम हुई है और कंपनियों के लिए छंटनी करना आसान हो गया है. वहीं, किसान संगठन भारत-अमेरिका ट्रेड डील, ड्राफ्ट सीड बिल और इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल को वापस लेने की मांग कर रहे हैं. इसके अलावा, मनरेगा (MGNREGA) को फिर से बहाल करने और निजीकरण को रोकने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है.
बैंकिंग सेवाओं पर बड़ा असर: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI सहित कई अन्य बैंकों ने चेतावनी दी है कि 12 फरवरी को उनकी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉयी एसोसिएशन (AIBEA) और अन्य प्रमुख संगठनों ने इस बंद को समर्थन दिया है. हालांकि, बैंकों ने आधिकारिक छुट्टी घोषित नहीं की है, लेकिन चेक क्लीयरेंस, कैश डिपॉजिट और विड्रॉल जैसे कार्यों में देरी हो सकती है. ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम (ATM) सेवाएं सामान्य रूप से चलने की उम्मीद है.क्या खुला रहेगा और क्या रहेगा बंद?
परिवहन और बाजार: कई इलाकों में ‘चक्का जाम’ के कारण बसों और टैक्सियों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में स्थानीय बाजार और दुकानें बंद रहने की संभावना है.
सरकारी दफ्तर और स्कूल: सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों की उपस्थिति कम रह सकती है और कुछ राज्यों में स्कूल-कॉलेज भी बंद रखे जा सकते हैं.
आपातकालीन सेवाएं: राहत की बात यह है कि अस्पताल, एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह से सामान्य रहेंगी. एयरपोर्ट्स और आवश्यक सेवाओं पर भी इस बंद का असर नहीं पड़ने की उम्मीद है.

