ईएसआईसी के 75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में “Sundays On Cycle” का आयोजन
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के 75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 22 फरवरी 2026 को Fit India Movement के तहत ईएसआईसी द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, लुधियाना के साथ मिलकर “Sundays On Cycle” का आयोजन रखबाग पार्क, लुधियाना में किया गया।
यह कार्यक्रम श्री प्राणेश कुमार सिन्हा, संयुक्त निदेशक (प्रभारी), ईएसआईसी उप-क्षेत्रीय कार्यालय, लुधियाना की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें प्रोफेसर (डॉ.) इंदर पंवार, डीन एवं डॉ. अपराजिता सोफिया डी’सूजा, चिकित्सा अधीक्षक, ईएसआईसी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल, लुधियाना की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके अतिरिक्त भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, लुधियाना के सहायक निदेशक श्री पुष्कर सिंह तथा श्री बलविंदर सिंह द्वारा भी कार्यक्रम के आयोजन में विशेष योगदान दिया गया।
श्री प्राणेश कुमार सिन्हा, संयुक्त निदेशक (प्रभारी) ने अपने संबोधन में कहा कि ESIC के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा सामाजिक सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समर्पण एवं सेवा का प्रतीक रही है। उन्होंने सभी से फिट इंडिया अभियान को अपनाते हुए स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रोफेसर (डॉ.) इंदर पंवार, डीन, ईएसआईसी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल, लुधियाना ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ही हम समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकते हैं।
डॉ. अपराजिता सोफिया डी’सूजा, चिकित्सा अधीक्षक, आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल ने सभी प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, योग एवं संतुलित आहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने हेतु प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम में उप-क्षेत्रीय कार्यालय से श्री पंकज कुमार (सहायक निदेशक), श्री सतीश कुमार (सहायक निदेशक), श्री अजीत कुमार सिंह (सहायक निदेशक), श्री मनोज कुमार बंग्लिया (सहायक निदेशक) तथा श्री विक्रम आदित्य (सहायक निदेशक), अन्य सामाजिक सुरक्षा अधिकारी एवं 50 से अधिक कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में साइक्लिंग के साथ-साथ योग एवं अन्य गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
ईएसआईसी द्वारा स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत दिनांक 24.02.2026 से 10.03.2026 तक विभिन्न स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम एवं जनसंपर्क गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।

