ब्रेकिंग न्यूज़
टी20 वर्ल्ड कप से पहले डेविड मिलर को बड़ी राहत, मेडिकल मंजूरी मिली

खेल टी20 कप अफ्रीका मिलर

जोहानिसबर्ग, 31 जनवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के सीनियर बल्लेबाज डेविड मिलर को अगले सप्ताह शुरू हो रहा टी20 विश्व कप खेलने के लिये मेडिकल मंजूरी मिल गई ।

मिलर को एसए 20 के दौरान मांसपेशी में खिंचाव आ गया था । क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने कहा कि वह रविवार को दक्षिण अफ्रीका टीम के साथ मुंबई रवाना होंगे ।

सीएसए ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा ,‘‘ दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर को भारत और श्रीलंका में आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप 2026 खेलने के लिये मेडिकल मंजूरी मिल गई है।’’

इसमें कहा गया ,‘‘ एसए 20 में पार्ल रॉयल्स के लिये खेलते हुए मिलर की मांसपेशी में खिंचाव आ गया था लेकिन इस सप्ताह उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है । वह रविवार को टीम के साथ जोहानिसबर्ग से मुंबई रवाना होंगे ।’’

पिछली उपविजेता दक्षिण अफ्रीका को ग्रुप डी में न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात के साथ रखा गया है । उसे नौ फरवरी को अहमदाबाद में कनाडा से पहला मैच खेलना है ।

सरकार के नीति निर्धारण में समन्वय की कमी: कांग्रेस ने बजट से पहले केंद्र पर साधा निशाना

कांग्रेस बजट

नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर नीति निर्धारण में समन्वय की कमी का आरोप लगाते हुए शनिवार को सवाल किया कि क्या बजट के आंकड़ें पेश किए जाने के तुरंत बाद उनमें संशोधन किया जाएगा क्योंकि बजट के कुछ ही दिन बाद सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) की नयी शृंखला जारी की जानी है।

कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 का बजट कल यानी रविवार को पेश किया जाएगा।

रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ राज्य सरकारें आशंकाग्रस्त होकर प्रतीक्षा कर रही होंगी कि उनके लिए इसमें क्या है क्योंकि वित्त मंत्री 16वें वित्त आयोग की सिफारिशें लागू करने की घोषणा करने वाली हैं।’’

उन्होंने कहा कि वित्त आयोग एक ऐसा निकाय है जिसकी स्थापना संविधान के अनुच्छेद 280 के तहत हर पांच वर्षों में (या उससे पहले) की जाती है ताकि वह केंद्र द्वारा एकत्र किए गए कर राजस्व में राज्यों की हिस्सेदारी, इस हिस्सेदारी का राज्यों के बीच वितरण और पांच वर्षों की अवधि के लिए विशेष अनुदानों की सिफारिश कर सके। उन्होंने कहा कि 16वां वित्त आयोग 2026-27 से 2030-31 तक की अवधि से संबंधित है।

रमेश ने कहा, ‘‘लेकिन इसके अलावा दो और चिंताएं भी हैं। पहली-बजट के कई आंकड़े जीडीपी के प्रतिशत के रूप में प्रस्तुत किए जाएंगे। हालांकि ठीक 26 दिन बाद 27 फरवरी 2026 को 2022-23 को आधार वर्ष मानकर नयी और अद्यतन जीडीपी शृंखला जारी होने वाली है।’’

उन्होंने सवाल किया कि क्या एक फरवरी 2026 को बजट के आंकड़ें पेश किए जाने के तुरंत बाद उनमें संशोधन किया जाएगा?

रमेश ने कहा कि दूसरी चिंता यह है कि 2024 को आधार मानकर नयी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) शृंखला 12 फरवरी 2026 को जारी होने की संभावना है।

उन्होंने कहा, ‘‘माना जा रहा है कि इस नयी शृंखला में खाद्य कीमतों की हिस्सेदारी में तेज गिरावट दिखाई दे सकती है। अगर ऐसा होता है तो इसका भी बजट के आंकड़ों पर असर पड़ेगा।’’

उन्होंने कहा कि थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) में भी संशोधन किया जा रहा है और संभवतः इसे आने वाले कुछ महीनों में सार्वजनिक किया जाएगा।

रमेश ने कहा कि किसी भी स्थिति में यह नीति-निर्माण में तालमेल की कमी को ही दर्शाता है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार यानी एक फरवरी को अपना रिकॉर्ड नौवां बजट पेश करेंगी जिनमें दो अंतरिम बजट भी शामिल हैं।

ढाई साल की बच्ची के हाथ में 10 रुपये का सिक्का फटा, इलाके में दहशत का माहौल

पंजाब डेस्क: पंजाब के फाजिल्का जिले से एक बहुत ही हैरान करने वाला और रहस्यमयी मामला सामने आया है, जहां खेल रही ढाई साल की बच्ची के हाथ में 10 रुपये का सिक्का फट गया। इस घटना से बच्ची का हाथ जल गया है और पूरे मोहल्ले में दहशत और चर्चा का विषय बन गया है।

कैसे हुई घटना? घटना गुरुवार दोपहर की है, जो अबोहर के इंदिरा नगरी गली नंबर 3 में हुई। बच्ची की मां गीता, जो मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली हैं और पिछले 8 सालों से यहां सूप बेच रही हैं, ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सृष्टि को हमेशा की तरह 10 रुपये का सिक्का दिया था। जब बच्ची बाहर खेल रही थी, तो अचानक एक ज़ोरदार धमाका हुआ, जैसे कोई पटाखा फट गया हो।

चश्मदीद गवाह: पड़ोस में कपड़े प्रेस करने का काम करने वाले गौरव ने बताया कि उसे अचानक एक अजीब सी आवाज़ सुनाई दी। जब उसने बाहर आकर देखा तो लड़की का हाथ जला हुआ था और वहां 10 रुपये का सिक्का मिला, जो आधा जला हुआ और फटा हुआ था। गौरव ने तुरंत लड़की के हाथ पर टूथपेस्ट लगाया ताकि जलन कम हो सके।

लोगों ने जांच की मांग की: इस घटना ने सभी को चौंका दिया है क्योंकि सिक्का किसी इलेक्ट्रॉनिक चीज़ के संपर्क में नहीं आया था। लोगों का कहना है कि यह एक गंभीर मामला है क्योंकि अगर मेटल के सिक्के इस तरह फटने लगें तो यह किसी के लिए भी खतरनाक हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस घटना की पूरी जांच की मांग की है।

आंध्र प्रदेश विधानसभा का सत्र 11 फरवरी से शुरू, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

अमरावती, 31 जनवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने 11 फरवरी को विधानसभा का सत्र आहूत किया है।

विधानसभा की कार्यवाही 11 फरवरी सुबह 10 बजे गुंटूर जिले के अमरावती में वेलगापुड़ी स्थिति विधानसभा भवन में होगी।

राज्यपाल ने शुक्रवार देर रात जारी आदेश में कहा, “भारत के संविधान के अनुच्छेद 174 के खंड (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, मैं एस अब्दुल नजीर, राज्यपाल आंध्र प्रदेश सोलहवीं विधानसभा का पांचवां सत्र आहूत करता हूं।”

संभल में महिला राशन विक्रेता की गोली मारकर हत्या

उप्र महिला हत्या

संभल (उप्र), 31 जनवरी (भाषा) संभल जिले के बबराला थाना क्षेत्र के एक गांव में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक महिला राशन विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस को शुक्रवार रात करीब 10 बजे पहलवाडा गांव में दो गुटों के बीच विवाद के बाद पत्थरबाजी की सूचना मिली। हिंसा के दौरान राशन विक्रेता प्रेमवती (50) को देसी तमंचे से गोली लग गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा दो खोखे और एक कारतूस बरामद किया। घायलों को अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।

विश्नोई ने बताया कि मामले को सुलझाने और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए विशेष अभियान समूह (एसओजी) एवं स्थानीय पुलिस स्टेशन से टीम गठित की गई है।

एसपी ने बताया कि जांच के दौरान दोनों गुटों के बीच पुरानी दुश्मनी का पता चला है।

पुलिस ने बताया कि मृतक प्रेमवती ग्राम प्रधान मीरा देवी की सास थीं।

नया रियलिटी शो ‘द 50’: पहले दिन ही बड़ा हंगामा; रजत दलाल ने दिग्विजय की गर्दन पकड़ी, ओर फिर…

एंटरटेनमेंट डेस्क: कलर्स टीवी का नया और बहुप्रतीक्षित रियलिटी शो ‘द 50’ अपने प्रीमियर से पहले ही सुर्खियों में आ गया है। शो का नया प्रोमो रिलीज हो गया है, जिसमें पहले दिन 50 सेलिब्रिटी बहस करते और लड़ते नजर आ रहे हैं।

रजत दलाल और दिग्विजय राठी के बीच लड़ाई: शो के प्रोमो में सबसे चौंकाने वाला पल तब आया जब रजत दलाल ने दिग्विजय सिंह राठी की गर्दन पकड़ ली। दरअसल, दिग्विजय ने रजत के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए पूछा था कि जब दूसरे लोग गाली-गलौज कर रहे थे तो वह चुप क्यों रहे। इससे गुस्साए रजत ने दिग्विजय पर हमला कर दिया, जिसके बाद बाकी सेलिब्रिटी को उन्हें बचाने के लिए आगे आना पड़ा।

करण पटेल और सपना चौधरी के एटीट्यूड: सिर्फ रजत और दिग्विजय ही नहीं, बल्कि शो में दूसरे सेलिब्रिटी भी लड़ते नजर आए। टीवी एक्टर करण पटेल ने एक टास्क के दौरान सिद्धार्थ भारद्वाज को चेतावनी देते हुए कहा, “अगर तुमने अगली बार आने की कोशिश की तो मैं तुम्हारी हड्डियां तोड़ दूंगा”। इसी तरह हरियाणवी डांसर सपना चौधरी और अदनान शेख के बीच भी तीखी बहस हुई। निक्की तंबोली ने भी अरबाज पटेल को भड़काते हुए कहा कि वह चाहती हैं कि वह हिंसक हो जाएं और शो छोड़ दें।

‘द लायन’ का रहस्य और प्रीमियर: शो के फॉर्मेट को लेकर फैंस में काफी उत्साह है, खासकर ‘द लायन’ की सीक्रेट पहचान को लेकर। हालांकि प्रोमो में अजय देवगन और फराह खान दिखाई दिए हैं, लेकिन अजय देवगन ने साफ कर दिया है कि वह ‘द लायन’ नहीं हैं।1 फरवरी, 2026 को शुरू होने वाले इस शो के पहले एपिसोड में बॉलीवुड सिंगर हिमेश रेशमिया भी परफॉर्म करते नजर आएंगे।

“माकपा सांसद रहीम का बयान, सी जे रॉय की मौत पर निष्पक्ष जांच की अपील”

केरल कारोबारी जांच माकपा

तिरुवनंतपुरम, 31 जनवरी (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य ए ए रहीम ने ‘कॉन्फिडेंट ग्रुप’ के चेयरमैन सी जे रॉय की मौत के मामले की गहन जांच की मांग करते हुए कहा है कि इस घटना के पीछे के वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए।

रहीम ने कहा कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि क्या रॉय ‘‘केंद्रीय एजेंसियों की दबाव की रणनीति’’ से परेशान थे।

रहीम ने एक ‘फेसबुक’ पोस्ट में रॉय की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जरूरी है।

इस बीच, अभिनेता मोहनलाल ने भी व्यवसायी की मौत पर शोक जताया।

रॉय द्वारा निर्मित कुछ फिल्मों में अभिनय कर चुके मोहनलाल ने शनिवार को फेसबुक पोस्ट में कहा, “मेरे प्रिय मित्र सी जे रॉय की मौत की खबर अविश्वसनीय और अत्यंत पीड़ादायक है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। वह दोस्त से बढ़कर थे।”

पुलिस ने पहले कहा था कि आयकर विभाग की छापेमारी के बीच रॉय ने शुक्रवार दोपहर बेंगलुरु स्थित अपने कार्यालय में कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

रॉय के भाई बाबू ने आरोप लगाया है कि संभवत: केंद्रीय एजेंसियों के दबाव में उन्होंने यह कदम उठाया। बाबू ने शनिवार को बेंगलुरु में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान इन आरोपों को दोहराया।

“तेलंगाना राजनीति में नया विवाद, बीआरएस विधायक के बयान पर हंगामा”“तेलंगाना राजनीति में नया विवाद, बीआरएस विधायक के बयान पर हंगामा”

तेलंगाना बीआरएस विधायक

हैदराबाद, 31 जनवरी (भाषा) तेलंगाना में विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक पी. कौशिक रेड्डी, करीमनगर के पुलिस आयुक्त गौश आलम पर धार्मिक टिप्पणियां करने को लेकर विवादों में घिर गए हैं।

‘तेलंगाना आईपीएस ऑफिसर एसोसिएशन’ ने उनकी टिप्पणियों को ‘बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण’ बताते हुए उनसे माफी की मांग की है, जबकि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने इसे ‘मुस्लिमों के खिलाफ घृणा फैलाने वाला भाषण’ करार दिया है।

आलोचनाओं के बीच, करीमनगर जिले के हुजूराबाद से विधायक कौशिक रेड्डी ने शुक्रवार को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी और कहा कि इसके पीछे उनका कोई इरादा नहीं था।

रेड्डी को बृहस्पतिवार को पुलिस ने उस समय रोक दिया, जब वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जिले के वीनावंका में ‘सम्मक्का जतरा’ (धार्मिक उत्सव) में जा रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि इससे कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।

पुलिस ने कहा कि इस दौरान विधायक ने सड़क पर यातायात जाम कर दिया, जिससे आम लोगों को असुविधा हुई। जब उन्हें एहतियात के तौर पर हिरासत में लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने पुलिस आयुक्त और एक अन्य पुलिस अधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की।

‘आईपीएस ऑफिसर एसोसिएशन’ ने एक विज्ञप्ति में कहा कि सेवारत अधिकारी के धर्म के संबंध में की गई टिप्पणियों से एसोसिएशन बेहद आहत है।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘जब स्थानीय पुलिस अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे, तब विधायक ने बिना किसी आधार और उकसावे के गौश आलम (पुलिस आयुक्त) के खिलाफ झूठे और निराधार आरोप लगाए तथा उनके धर्म का उल्लेख करते हुए कहा कि वह अन्य धर्मों के लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।’’

अपने बचाव में, कौशिक रेड्डी ने एक बयान में कहा कि ‘सम्मक्का जतरा’ के वक्त उन पर अत्यधिक दबाव बनाया गया था और उसी आवेश में उनके मुंह से ये बातें निकल गईं। उन्होंने इसके लिए खेद जताया।

इस बीच ओवैसी ने कहा कि लोक सेवकों के कर्तव्यों का कानून के दायरे में निर्वहन किए जाने को साम्प्रदायिक रंग देना और उसका राजनीतिकरण करना पूरी तरह से अस्वीकार्य और निंदनीय है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ हुजूराबाद से बीआरएस के विधायक ने करीमनगर के पुलिस आयुक्त के खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक और घोर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। ये टिप्पणियां अधिकारी की मुस्लिम धार्मिक पहचान पर सीधा हमला हैं और खुले तौर पर साम्प्रदायिक अपमान की श्रेणी में आती हैं।’’

ईरान की न्यूक्लियर साइट्स पर बढ़ी एक्टिविटी: सैटेलाइट इमेज से US की चिंता बढ़ी

इंटरनेशनल डेस्क: ईरान में चल रहे अंदरूनी पॉलिटिकल संकट और विरोध प्रदर्शनों के बीच, हाल की सैटेलाइट इमेज ने US और इज़राइल के लिए चिंता बढ़ा दी है। इन इमेज में ईरान की दो मुख्य न्यूक्लियर साइट्स—इस्फ़हान और नतांज़—पर तेज़ी से किलेबंदी और नई एक्टिविटीज़ होती दिख रही हैं।

ईरान क्या छिपा रहा है? प्लैनेट लैब्स PBC की जारी इमेज में पिछले साल US और इज़राइली बमबारी में डैमेज हुई दो बड़ी बिल्डिंग्स पर नई छतें बनती दिख रही हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ये छतें इसलिए लगाई गई हैं ताकि सैटेलाइट्स यह पता न लगा सकें कि उन बिल्डिंग्स के अंदर क्या एक्टिविटीज़ हो रही हैं।

न्यूक्लियर एलिमेंट्स को बचाने की कोशिश: एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह हलचल इस बात का संकेत हो सकती है कि ईरान पिछले साल के एयर स्ट्राइक से बचे हुए न्यूक्लियर एलिमेंट्स को एक बार फिर हासिल करने या सुरक्षित करने की कोशिश कर रहा है। ऐसा लगता है कि ईरान इन साइट्स को फिर से बनाने का प्रोसेस शुरू करने के बजाय बचे हुए रिसोर्सेज़ की जांच करने पर ध्यान दे रहा है।

अंदरूनी तनाव और पॉलिटिकल संकट: ये एक्टिविटीज़ ऐसे समय में हो रही हैं जब ईरान महंगाई और बेरोज़गारी के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों का सामना कर रहा है। इन विरोध प्रदर्शनों पर सरकार की कड़ी कार्रवाई से दुनिया भर में पहले से ही सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में, न्यूक्लियर साइट्स पर नए आंदोलन ने इस इलाके में एक नया सिक्योरिटी संकट पैदा कर दिया है।

यूनियन बजट 2026: फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण कल अपना लगातार 9वां बजट पेश करेंगी; टैक्स में राहत और सुधारों की उम्मीद

नेशनल डेस्क: यूनियन फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण कल, 1 फरवरी, 2026 को सुबह 11 बजे देश का आम बजट पेश करेंगी। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा, जिससे वह लगातार सबसे ज़्यादा बजट पेश करने वाली फाइनेंस मिनिस्टर बन जाएंगी।

बजट से मुख्य उम्मीदें: जियोपॉलिटिकल अनिश्चितताओं के बीच इकोनॉमिक ग्रोथ को तेज़ करने के लिए आने वाले बजट में कई ज़रूरी सुधारों की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, बजट के मुख्य पॉइंट इस तरह हो सकते हैं:टैक्स में राहत: सैलरी पाने वाले लोगों को स्टैंडर्ड डिडक्शन में राहत मिलने की उम्मीद है।

GST और कस्टम ड्यूटी: GST रेट में कमी और कस्टम ड्यूटी सिस्टम में बड़े बदलाव की संभावना है।इकोनॉमिक टारगेट: सरकार डेट-टू-GDP रेश्यो को कम करने के लिए कदम उठा सकती है।

ऐतिहासिक रिकॉर्ड: निर्मला सीतारमण 2019 में भारत की पहली फुल-टाइम महिला फाइनेंस मिनिस्टर बनीं। कल बजट पेश करके वह पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के 10 बजट के रिकॉर्ड के करीब पहुंच जाएंगी। गौरतलब है कि पूर्व फाइनेंस मिनिस्टर पी. चिदंबरम ने 9 और प्रणब मुखर्जी ने 8 बजट पेश किए थे।

बदलते रिवाज: साल 2017 से बजट पेश करने की तारीख 1 फरवरी तय की गई है ताकि फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत (1 अप्रैल) तक सभी प्रोसेस पूरे हो सकें।

पहले बजट फरवरी के आखिरी दिन और शाम 5 बजे ब्रिटिश ज़माने के रिवाज के मुताबिक पेश किया जाता था, जिसे बाद में बदलकर सुबह 11 बजे कर दिया गया।