NEET UG 2026: परीक्षा से पहले व्हाट्सएप पर वायरल हुए सवाल; राजस्थान SOG की जांच में बड़ा खुलासा
नेशनल डेस्क : NEET UG 2026 की परीक्षा को लेकर पेपर लीक का मामला गहराता जा रहा है। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है कि परीक्षा से पहले ही लगभग 600 नंबर के सवाल व्हाट्सएप के माध्यम से कुछ छात्रों तक पहुँच गए थे।
व्हाट्सएप के जरिए फैला नेटवर्क : SOG की जांच में सामने आया है कि कथित “गेस पेपर” या “क्वेश्चन बैंक” को व्हाट्सएप और अन्य मैसेजिंग ऐप्स के जरिए व्यापक रूप से साझा किया गया था। इन दस्तावेजों पर ‘फॉवर्डेड मेनी टाइम्स’ (forwarded many times) जैसे टैग मिले हैं, जिससे संकेत मिलता है कि यह सामग्री बड़ी संख्या में छात्रों तक पहुँची थी। यह गेस पेपर फोटोकॉपी की दुकानों पर भी पाया गया था।
300 से ज्यादा सवाल हुए थे वायरल : जांच में पता चला है कि छात्रों के बीच वायरल हुए दस्तावेजों में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से अधिक हाथ से लिखे सवाल शामिल थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि इनमें से लगभग 150 सवाल सीधे नीट परीक्षा में पूछे गए। प्रत्येक सवाल 4 नंबर का होने के कारण, कुल 720 नंबर की परीक्षा में से लगभग 600 नंबर के प्रश्न मैच हो गए।
सीकर और चूरू से जुड़े तार : सूत्रों के मुताबिक, इस लीक की शुरुआत चूरू के एक युवक से हुई, जो वर्तमान में केरल के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई कर रहा है। वहां से यह सामग्री सीकर के एक पीजी (PG) संचालक तक पहुँची और फिर इसे छात्रों के बीच फैला दिया गया।
SOG की कार्रवाई तेज: वर्तमान में, SOG इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड तक पहुँचने की कोशिश कर रही है। संदिग्धों के सोशल मीडिया चैट, कॉल लॉग और डिजिटल रिकॉर्ड की गहनता से जांच की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि यह सामग्री मूल रूप से किसने तैयार की थी।

