जालंधर में खौफनाक वारदात: पति ने तवे से वार कर पत्नी की बेरहमी से की हत्या, नेपाल का रहने वाला है परिवार
पंजाब डेस्क: पंजाब के जालंधर स्थित सागर एन्क्लेव (थाना लांबड़ा) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी की पहचान 55 वर्षीय संतोष विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जिसने अपनी 48 वर्षीय पत्नी सीता देवी के सिर पर तवे से इतने जोरदार वार किए कि उनकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतका की आंखें तक बाहर निकल आईं।
वारदात के पीछे की कहानी : यह परिवार मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और महज 15 दिन पहले ही यहाँ किराए के मकान में रहने आया था। बताया जा रहा है कि रविवार को जब बड़ा बेटा काम पर गया था और छोटा बेटा घर के नीचे मोबाइल में व्यस्त था, तब पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान संतोष ने गुस्से में आकर तवे से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नेपाल में भी पहले से एक कत्ल का केस दर्ज है।
गिरफ्तारी को लेकर विरोधाभास : घटना के बाद आरोपी के सरेंडर को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। स्थानीय निवासियों और बसपा नेता विजय यादव के अनुसार, आरोपी खुद बेखौफ होकर थाने पहुँचा और पुलिस से कहा, “मैंने अपनी जनानी का मर्डर कर दिया है, मुझे अरेस्ट करो”। हालांकि, थाना प्रभारी बलवीर सिंह का कहना है कि आरोपी अभी फरार है और पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस कर जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
पुलिस वेरिफिकेशन पर उठे सवाल: इस हत्याकांड के बाद इलाके में प्रवासियों के पुलिस वेरिफिकेशन न होने को लेकर भी रोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मकान मालिकों ने बिना किसी पहचान पत्र या वेरिफिकेशन के आरोपी को कमरा दिया था, जिसे लेकर अब पुलिस मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है।

