IPL 2026: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को बोल्ड कर जोश में आए 6 फुट 8 इंच के काइल जेमिसन, बीच मैदान पर जश्न देख हर कोई रह गया दंग
स्पोर्टस डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच जंग जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मैच में एक ऐसा लम्हा आया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिल्ली कैपिटल्स के 6 फुट 8 इंच लंबे तेज गेंदबाज काइल जेमिसन ने जब राजस्थान के 15 वर्षीय युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी को आउट किया, तो उनका जश्न मनाने का तरीका चर्चा का विषय बन गया।
मैदान पर क्या हुआ? राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पारी के दूसरे ओवर में न्यूजीलैंड के लंबे कद के गेंदबाज काइल जेमिसन गेंदबाजी करने आए। वैभव सूर्यवंशी ने ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला, जिससे प्रशंसकों की उम्मीदें बढ़ गईं।
हालांकि, अगली ही गेंद पर जेमिसन ने शानदार वापसी की। वैभव ने क्रीज में थोड़ा पीछे जाकर खेलने का प्रयास किया, लेकिन अंदर की तरफ आती गेंद उनके पैर से टकराकर सीधे विकेटों पर जा लगी। वैभव को बोल्ड करने के बाद जेमिसन ने बेहद आक्रामक अंदाज में उनके सामने आकर जोर से ताली बजाई। जेमिसन के इस गुस्से भरे रिएक्शन को देख 15 साल के वैभव भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए और मात्र 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इतिहास रचने से चूके वैभव : इस मैच में वैभव सूर्यवंशी के पास टी20 क्रिकेट में एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड बनाने का मौका था। वह टी20 करियर में सबसे कम गेंदों में 100 छक्के पूरे करने से महज एक कदम दूर थे। फिलहाल उनके नाम 513 गेंदों में 99 छक्के दर्ज हैं। यदि वह एक छक्का लगा देते, तो वेस्टइंडीज के दिग्गज कायरन पोलार्ड (843 गेंदें) का रिकॉर्ड तोड़ देते। अब उनके पास 9 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले अगले मैच में यह इतिहास रचने का मौका होगा।
मैच का परिणाम : राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने पहले ओवर में ही यशस्वी जायसवाल का विकेट भी गंवा दिया था।
अंततः दिल्ली कैपिटल्स ने इस मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम कर लिया, जिसमें राहुल और निसांका ने शानदार पारियां खेलीं।

