अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने की भारतीय सेना की तारीफ; इंडो-पैसिफिक में भारत के बढ़ते कद को बताया अहम
इंटरनेशनल डेस्क : सिंगापुर में आयोजित Shangri-La Dialogue के दूसरे दिन अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ (Pete Hegseth) ने भारतीय सेना और उसके तेजी से होते आधुनिकीकरण की जमकर सराहना की है। उन्होंने भारत को दक्षिण एशिया और क्षेत्रीय स्थिरता का एक “महत्वपूर्ण स्तंभ” करार दिया।
शक्ति संतुलन के लिए भारत जरूरी: हेगसेथ ने कहा कि एक मजबूत भारत न केवल अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा कर रहा है, बल्कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शक्ति संतुलन बनाए रखने के अमेरिका के साझा लक्ष्य को भी आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की बढ़ती सैन्य ताकत और सुरक्षा की जिम्मेदारियों का जिक्र किया।
लॉजिस्टिक्स और अमेरिकी नौसेना को सपोर्ट: अमेरिकी रक्षा मंत्री ने भारत की बढ़ती औद्योगिक और लॉजिस्टिक क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत अब लंबे समय तक हाई-लेवल मिलिट्री ऑपरेशन चलाने में सक्षम हो रहा है। इसमें इलाके में तैनात अमेरिकी नौसेना (US Navy) के जहाजों को मरम्मत और लॉजिस्टिक सपोर्ट देने की क्षमता भी शामिल है।
मिसाइलों का साझा उत्पादन : भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग पर जोर देते हुए हेगसेथ ने जॉइंट प्रोडक्शन (साझा उत्पादन) पहल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि दोनों देश Javelin एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल जैसी आधुनिक क्षमताओं को विकसित करने के लिए साथ मिलकर काम कर रहे हैं, जिससे दोनों देशों की सामूहिक युद्ध तैयारियों को मजबूती मिलेगी।

