ब्रेकिंग न्यूज़
देश के युवा विकसित भारत के लाभार्थी ही नहीं प्राथमिक शिल्पकार भी : विजेंद्र गुप्ता

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने युवाओं से तकनीक और आधुनिकता के इस युग में भी अपनी जड़ों और मानवीय मूल्यों से जुड़े रहने का मंगलवार को आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि युवा केवल विकसित भारत के लाभार्थी नहीं हैं, बल्कि इस परिवर्तन के प्राथमिक शिल्पकार भी हैं।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने यहां दिल्ली विश्वविद्यालय के भीमराव आंबेडकर कॉलेज में विद्यार्थियों से कहा कि युवा पीढ़ी की ऊर्जा और नवाचार ही भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मिशन की प्रेरक शक्ति है।

कॉलेज के 35वें वार्षिकोत्सव को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि तकनीक और आधुनिकता के इस युग में भी छात्रों को अपनी जड़ों और मानवीय मूल्यों से जुड़े रहना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हमेशा याद रखें, आपकी डिग्री केवल कागज का एक टुकड़ा नहीं है, बल्कि समाज के प्रति आपकी जिम्मेदारी की घोषणा है।”

संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर के मशहूर आह्वान “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का उल्लेख करते हुए, विधानसभा अध्यक्ष ने ज़ोर दिया कि आधुनिक संदर्भ में इसका अर्थ राष्ट्रीय चुनौतियों को हल करने और समावेशी विकास को गति देने के लिए शिक्षा के उपयोग से है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *