सीबीएसई बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से शुरू; परीक्षा केंद्र जाने से पहले छात्र जरूर पढ़ें ये जरूरी नियम
नेशनल डेस्क : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं आज, 17 फरवरी 2026 से शुरू हो रही हैं। इस साल कक्षा 10 की परीक्षाएं 11 मार्च तक और कक्षा 12 की परीक्षाएं 10 अप्रैल 2026 तक चलेंगी।परीक्षा का समय और रिपोर्टिंग: बोर्ड के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएंगी, जिसका समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। छात्रों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए अतिरिक्त 15 मिनट का समय दिया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10:00 बजे से पहले पहुंचना अनिवार्य है, क्योंकि 10:00 बजे परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे और उसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
जरूरी गाइडलाइंस और अनिवार्य दस्तावेज
प्रवेश पत्र (Admit Card): एडमिट कार्ड के बिना किसी भी छात्र को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।क्या साथ ले जा सकते हैं: छात्र अपने साथ नीला बॉलपॉइंट पेन, पारदर्शी ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल, रबर, पारदर्शी पानी की बोतल और एक साधारण घड़ी ले जा सकते हैं।
वर्जित वस्तुएं: मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस या किसी भी प्रकार के लिखित नोट्स परीक्षा हॉल में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अफवाहों से रहें सावधान: सीबीएसई बोर्ड ने परीक्षाओं के मद्देनजर अभिभावकों और छात्रों के लिए एक विशेष एडवाइजरी भी जारी की है। बोर्ड ने आग्रह किया है कि छात्र सोशल मीडिया पर फैलने वाली पेपर लीक की अफवाहों या फर्जी खबरों से गुमराह न हों और केवल प्रमाणित सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

