तलाक के बाद ‘सिंगल डैडी’ बने इमरान खान: बिना नैनी के खुद कर रहे हैं बेटी की परवरिश, बोले- ‘ये मेरा फर्ज नहीं, सम्मान है’
मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता और आमिर खान के भांजे इमरान खान इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ और ‘फादरहुड’ को लेकर चर्चा में हैं। पत्नी अवंतिका मलिक से अलग होने के बाद इमरान अपनी बेटी इमारा मलिक खान की परवरिश एक सिंगल पेरेंट के तौर पर कर रहे हैं।
8 साल में टूटी थी शादी: इमरान और अवंतिका साल 2011 में शादी के बंधन में बंधे थे, लेकिन शादी के 8 साल बाद 2019 में दोनों का तलाक हो गया। वर्तमान में दोनों अपनी बेटी की कस्टडी साझा करते हैं। इमरान ने बताया कि उनकी बेटी हर हफ्ते गुरुवार से रविवार तक उनके साथ रहती है और बाकी दिन अपनी मां के साथ बिताती है।
नहीं रखी कोई नैनी या ड्राइवर: इमरान खान ने अपनी परवरिश के तरीके से सबको हैरान कर दिया है। उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने अपनी बेटी की देखभाल के लिए कोई नैनी या ड्राइवर नहीं रखा है। वे खुद ही उसे स्कूल छोड़ने जाते हैं और रात को खुद ही उसे सुलाते हैं। इमरान का मानना है कि वे नहीं चाहते कि उनके अलावा कोई और ये काम करे।
पेरेंटिंग पर इमरान के विचार: एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा के पॉडकास्ट में इमरान ने कहा कि वे पेरेंटिंग को एक जिम्मेदारी या बोझ के बजाय एक ‘सम्मान’ (Privilege) की तरह देखते हैं। उनका मानना है कि परिवार की स्थिति कैसी भी हो, बच्चे की इमोशनल सिक्योरिटी और उसे सुरक्षित महसूस कराना ही माता-पिता की सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।

