PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…18-05-2026
पंजाब डेस्क : पंजाब और चंडीगढ़ में आज का दिन काफी हलचल भरा रहा। जहाँ एक ओर आम जनता पर CNG की बढ़ती कीमतों की मार पड़ी, वहीं प्रशासन ने ईंधन बचाने के लिए VVIP काफिलों में कटौती जैसे कड़े कदम उठाए हैं। इसके साथ ही भ्रष्टाचार, ‘ऑनर किलिंग’ और पुलिस मुठभेड़ जैसी घटनाओं ने पूरे प्रदेश में चर्चा छेड़ दी है।
पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG महंगी: पंजाब और चंडीगढ़ में ईंधन की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। थिंक गैस ने CNG के दाम ₹2 प्रति किलोग्राम बढ़ाए हैं, जिससे लुधियाना में नई कीमत ₹88.75 हो गई है। वहीं मोहाली और चंडीगढ़ में IOCL और अडानी गैस ने सवा रुपए की वृद्धि की है, जिसके बाद यहाँ दाम ₹94.25 प्रति किलो पहुँच गए हैं।
प्रॉपर्टी डीलर ने वीडियो बनाकर की खुदकुशी: लुधियाना के एक प्रॉपर्टी कारोबारी ने सरहिंद नहर में कूदकर अपनी जान दे दी। नहर में कूदने से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाया जिसमें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के नामों का खुलासा किया। पुलिस ने गांव गुरथली के पास से उनका शव बरामद कर लिया है।
VVIP और अफसरों की गाड़ियों पर लगाम: वैश्विक तेल संकट को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। आगामी बुधवार से सरकारी कर्मचारी केवल बस या साइकिल से दफ्तर आएंगे। गवर्नर ने सुरक्षा विभाग को पत्र लिखकर अधिकारियों और VVIP के काफिले में चलने वाली गाड़ियों की संख्या कम करने के निर्देश भी दिए हैं।
क्लब के बाहर युवती की बेरहमी से पिटाई: चंडीगढ़ के सेक्टर 26 में एक क्लब के बाहर किन्नरों द्वारा एक युवती को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटने का वीडियो वायरल हुआ है। जांच में पता चला कि युवती नशे में थी और उसने किन्नरों पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद यह हमला हुआ।
मंत्री अरोड़ा मामले में ED की बड़ी कार्रवाई: मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद अब जांच की आंच अफसरों तक पहुँच गई है। ED ने पावरकॉम (PSPCL) के CMD बसंत गर्ग और डायरेक्टर हरशरण कौर त्रेहन समेत 4 लोगों को पूछताछ के लिए तलब किया है। यह मामला एक निजी कंपनी को अवैध तरीके से बैंक गारंटी वापस कर फायदा पहुँचाने से जुड़ा है।
पुलिस कस्टडी से भागते कैदी की मुठभेड़ में मौत: होशियारपुर में एक कैदी द्वारा पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर भागने की कोशिश का वीडियो सामने आया है। हाथापाई के दौरान पुलिस की पिस्टल से चली गोली कैदी को लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान ई-रिक्शा ड्राइवर भी डर के मारे मौके से भाग निकला।
करोड़ों के घोटाले में लेडी SDM गिरफ्तार: तरनतारन पुलिस ने PCS अधिकारी डॉ. अनुप्रीत कौर रंधावा को ₹1.63 करोड़ के जमीन अधिग्रहण घोटाले में गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने हाईवे मुआवजे का पैसा अपने भाई सहित अन्य निजी खातों में डाला था। कोर्ट ने उन्हें 20 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
लुधियाना में ‘ऑनर किलिंग’ की वारदात: अपनी बहन के प्रेम संबंधों से नाराज भाई ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसके प्रेमी की हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक को किडनैप किया और चलती कार में 12 किलोमीटर तक पीट-पीटकर मार डाला। शव को सड़क किनारे फेंककर इसे एक्सीडेंट दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस ने मास्टरमाइंड भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
नौकर ने मालकिन पर हमला कर लाखों लूटे: मोहाली में एक महिला ने जिस नौकर पर दया कर उसे काम दिया था, उसी ने उन पर बेलन से हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया। आरोपी हीरा लाल घर से ₹3.10 लाख नकद और ₹22 लाख का सोना लेकर फरार हो गया। घायल महिला के सिर में 70 टांके आए हैं और उनकी हालत नाजुक है।
पूर्व सरपंच पर फिल्मी स्टाइल में हमला: पटियाला में पुश्तैनी जमीन के विवाद में एक पूर्व सरपंच की कार को बीच सड़क पर एक्टिवा और कार अड़ाकर रोका गया। हमलावरों ने उन्हें कार से निकालकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

