PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…28-05-2026
पंजाब डेस्क : पंजाब और चंडीगढ़ के लिए आज का दिन काफी गहमागहमी भरा रहा। जहाँ एक ओर भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए अपना नया प्रदेश अध्यक्ष चुना है, वहीं अमृतसर और मोगा जैसी जगहों से हिंसक झड़प और अपराध की दुखद खबरें सामने आईं। इसके अलावा चंडीगढ़ के मास्टर प्लान में बड़े बदलाव और कल आने वाले निकाय चुनाव के नतीजों को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
1. पंजाब भाजपा को मिला नया सिख चेहरा: भारतीय जनता पार्टी ने सुनील जाखड़ का इस्तीफा स्वीकार करते हुए केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब BJP का नया प्रधान नियुक्त किया है। 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा ने एक सिख चेहरे पर दांव खेला है। ढिल्लों, जो पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाते हैं, ने कहा कि अब पंजाब में ‘कमल’ खिलेगा।
2. अमृतसर में पार्किंग को लेकर खूनी संघर्ष: अमृतसर में गाड़ी खड़ी करने के मामूली विवाद में एक रिटायर्ड पुलिस अफसर और AAP नेता जयपाल सिंह बाऊ के परिवार के बीच फायरिंग हो गई। इस झड़प में आप नेता के पैर में गोली लगी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें तलवारें लहराते और पगड़ी उतरते देखा जा सकता है।
3. निकाय चुनाव के नतीजे अब घर बैठे: पंजाब निकाय चुनाव के नतीजे कल (29 मई) घोषित होंगे। राज्य चुनाव आयोग ने पहली बार व्यवस्था की है कि लोग वेबसाइट (sec.punjab.gov.in) पर लाइव परिणाम देख सकेंगे। कुल 104 निकायों के लिए 115 केंद्रों पर मतगणना होगी।
4. रिश्वत लेते ASI का वीडियो वायरल, कार्रवाई शुरू: मोहाली में ट्रैफिक पुलिस के एक ASI को रिश्वत लेते हुए दो युवकों ने कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी ASI को तुरंत लाइन हाजिर कर दिया गया और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
5. चंडीगढ़ में कोठियों के प्लॉट पर रोक: चंडीगढ़ प्रशासन ने मास्टर प्लान में संशोधन करते हुए अब शहर में प्लॉटेड डेवलपमेंट बंद करने का फैसला लिया है। अब शहर में केवल ग्रुप हाउसिंग यानी फ्लैट्स बनाने की अनुमति होगी ताकि वर्टिकल ग्रोथ को बढ़ावा मिल सके। हालांकि, हेरिटेज एरिया (सेक्टर 1-30) में मल्टीस्टोरी बिल्डिंग नहीं बनेंगी।
6. मौसम अलर्ट: तीन दिन बारिश और ओलावृष्टि की संभावना: चंडीगढ़ और पंजाब के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। 29 और 30 मई को भारी बारिश की संभावना है, जिससे लू (Heatwave) से राहत मिल सकती है।
7. मोगा में शर्मनाक वारदात, मासूम से रेप और हत्या: मोगा में एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाली 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दयानंद को गिरफ्तार कर लिया है, जो झारखंड भागने की फिराक में था।
8. नशे की हालत में युवक-युवती का वीडियो वायरल: मोगा के ‘ड्रग हॉटस्पॉट’ माने जाने वाले इलाके साधा वाला बस्ती से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक और युवती नशे में पूरी तरह बेसुध सड़क किनारे बैठे नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
9. VIP मूवमेंट के दौरान पुलिस से भिड़ा बुजुर्ग: लुधियाना में अपनी पोती को आइसक्रीम दिलाने जा रहे एक बुजुर्ग की पुलिसकर्मियों से तीखी बहस हो गई। पुलिस ने VIP मूवमेंट के कारण रास्ता रोका था, जिस पर बुजुर्ग ने नाराजगी जताई। बाद में DC ने संबंधित पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी किया और बुजुर्ग को दफ्तर बुलाया।
10. निकाय चुनाव काउंटिंग की तैयारी पूरी: कल सुबह 8 बजे से 8 नगर निगम, 75 नगर कौंसिल और 21 नगर पंचायतों के लिए मतगणना शुरू होगी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और त्रि-स्तरीय घेरे में स्ट्रांग रूम की निगरानी की जा रही है।

