PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…5-05-2026
पंजाब डेस्क : पंजाब और चंडीगढ़ के लिए आज का दिन राजनीतिक हलचल और गंभीर घटनाओं के नाम रहा। जहाँ एक ओर दिल्ली में आम आदमी पार्टी और केंद्र सरकार के बीच टकराव राष्ट्रपति भवन तक जा पहुँचा, वहीं राज्य के विभिन्न जिलों से हत्या, पुलिस मुठभेड़ और अनोखे विरोध प्रदर्शन की खबरें सामने आईं।
1. राष्ट्रपति भवन में सियासी घमासान: ‘राइट टू रिकॉल’ की मांग आम आदमी पार्टी के 6 सांसदों के भाजपा में शामिल होने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। मान ने इसे संविधान का मजाक बताते हुए मांग की कि संविधान में संशोधन कर ‘राइट टू रिकॉल’ (प्रतिनिधि को वापस बुलाने का अधिकार) लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि पंजाब में भाजपा के पास केवल 2 विधायक हैं, लेकिन राज्यसभा में उनके 6 सांसद हो गए हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। मुख्यमंत्री 90 विधायकों को लेकर 3 वॉल्वे बसों में दिल्ली पहुंचे थे।
2. राघव चड्ढा की ’21 राज्यों की पुलिस’ वाली चेतावनी : मुख्यमंत्री मान से पहले सांसद राघव चड्ढा ने राष्ट्रपति से मुलाकात की और आरोप लगाया कि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को पंजाब की सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर निशाना बनाया जा रहा है। चड्ढा ने चेतावनी देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी एक खतरनाक खेल खेल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जहाँ आप के पास केवल एक राज्य की पुलिस है, वहीं भाजपा के पास 21 राज्यों की पुलिस है।
3. संगरूर में 15 वर्षीय छात्र की हथौड़े से हत्या: संगरूर की पटियाला गेट कृष्णा बस्ती में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपी मोहम्मद खान और उमर खान ने 10वीं कक्षा के छात्र अर्शदीप सिंह उर्फ अंकुश की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस हमले में मृतक का चचेरा भाई अवनीत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे पटियाला रेफर किया गया है।
4. एलांते मॉल के बाहर मारपीट, मूकदर्शक बनी रही पुलिस : चंडीगढ़ के एलांते मॉल के सामने एक सिख व्यक्ति के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। चश्मदीद महिला के अनुसार, करीब 100 मीटर की दूरी पर पुलिस की पीसीआर खड़ी थी, लेकिन 5-6 मिनट तक चली इस मारपीट के दौरान पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। जब मामला शांत हुआ और व्यक्ति का सिर फट गया, तब पुलिसकर्मी पूछताछ के लिए आगे आए।
5. लुधियाना: आत्महत्या के 6 महीने बाद प्रेमिका पर केस : लुधियाना में 21 वर्षीय युवक की आत्महत्या के मामले में उसकी मां के 6 महीने के संघर्ष के बाद पुलिस ने आरोपी प्रेमिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। युवक ने सुसाइड नोट में अपनी प्रेमिका को मौत का जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर धरने और एक एनजीओ के हस्तक्षेप के बाद यह कार्रवाई की गई है।
6. यूट्यूबर ‘मिस्टर इंडियन हैकर’ को निहंग की धमकी : यूट्यूबर दिलराज सिंह रावत (मिस्टर इंडियन हैकर) के एक प्रैंक वीडियो में सरदार के बाल काटने और ‘सरदार-सरदार’ कहने पर सिख समुदाय ने आपत्ति जताई है। निहंग विक्की थॉमस ने यूट्यूबर को उल्टा टांगने की धमकी दी, जिसके बाद यूट्यूबर ने माफी मांगते हुए वीडियो से विवादित हिस्सा हटा दिया है।
7. पेट्रोल लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा सरपंच: बरनाला के गांव कलालमाजरा में सरपंच जगजीवन सिंह अपने तीन साथियों और पेट्रोल के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गए। उनका आरोप है कि स्थानीय विधायक उनकी पंचायत के कार्यों में अवैध रूप से हस्तक्षेप कर रहे हैं और गांव में जबरन प्रशासक नियुक्त किया गया है। उन्होंने मांग की है कि जब तक प्रशासक नहीं हटाया जाता, वे नीचे नहीं उतरेंगे।
8. अमृतसर में पुलिस मुठभेड़, बदमाश को लगी गोली: अमृतसर के वेरका इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई क्रॉस फायरिंग में आरोपी कृष्णा सोनिक के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने कृष्णा के साथ उसके साथी रणजीत सिंह और गौतम मेहरा को भी गिरफ्तार किया है और मौके से एक पिस्तौल बरामद की है।
9. 4 पाकिस्तानी कैदियों की वतन वापसी : अपनी सजा पूरी करने के बाद आज 4 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते अपने देश लौट गए। इनमें से मोहम्मद हमजा ने बताया कि वह गलती से नशे की हालत में बॉर्डर पार कर गया था। रिहा हुए कैदियों ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, क्योंकि इसके कारण उनकी जिंदगी बर्बाद हो गई।
10. न्यूजीलैंड इमिग्रेशन पॉलिसी सख्त: 42% स्टूडेंट वीजा रद्द न्यूजीलैंड सरकार ने नियमों में बदलाव करते हुए अंग्रेजी टेस्ट अनिवार्य कर दिया है और फंड दिखाने की सीमा बढ़ाकर 11.20 लाख रुपये कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, 42% स्टूडेंट वीजा पहले ही रद्द किए जा चुके हैं और अब सरप्राइज इंटरव्यू में फेल होने पर सीधे डिपोर्ट करने का प्रावधान है।

