यूपी में दो भीषण सड़क हादसे: लखीमपुर और बहराइच में 12 लोगों की दर्दनाक मौत, कई घायल
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए हैं। ये हादसे राज्य के लखीमपुर खीरी और बहराइच जिलों में पेश आए।
लखीमपुर खीरी: नेशनल हाइवे पर वैन और ट्रक की भिड़ंत लखीमपुर खीरी के धौरहरा क्षेत्र में सिसैया-लखीमपुर नेशनल हाइवे-730 पर एक मैजिक वैन और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मैजिक वैन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बहराइच: कार और कंबाइन हार्वेस्टर की टक्कर वहीं, बहराइच जिले में हुए एक अन्य हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि एक तेज रफ्तार कार नानपारा की ओर से बहराइच जा रही थी, तभी सड़क के किनारे से आए एक कंबाइन हार्वेस्टर से उसकी टक्कर हो गई। इस घटना में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 2 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, इस हादसे के सभी मृतक बहराइच के ही रहने वाले थे।

