IPL 2026 से पहले मचा घमासान: ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ रूल पर भिड़े कप्तान; रोहित-अक्षर ने जताई कड़ी आपत्ति
स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है, लेकिन खेल शुरू होने से पहले ही ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम को लेकर क्रिकेट जगत में बहस तेज हो गई है। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई में हुई सभी 10 आईपीएल टीमों के कप्तानों की बैठक में इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा हुई, जहाँ ज्यादातर कप्तानों ने इस नियम के प्रति अपनी नाराजगी और आपत्तियां दर्ज कराई हैं।
ऑलराउंडर्स के अस्तित्व पर खतरा? इस नियम का सबसे ज्यादा विरोध ऑलराउंडर खिलाड़ियों की ओर से हो रहा है। अक्षर पटेल ने इस नियम की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें यह व्यक्तिगत रूप से पसंद नहीं है क्योंकि अब टीम मैनेजमेंट ऑलराउंडर के बजाय किसी खास बल्लेबाज या गेंदबाज को चुनना पसंद करता है।
इससे पहले रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या भी चिंता जता चुके हैं कि यह नियम भारतीय क्रिकेट में ऑलराउंडर्स के विकास को बाधित कर रहा है और खेल के संतुलन को प्रभावित कर रहा है।
BCCI का रुख और 2027 तक का समय: भले ही कप्तानों और खिलाड़ियों के बीच इस नियम को लेकर भारी विरोध है, लेकिन बीसीसीआई (BCCI) ने इस नियम को 2027 तक के लिए बढ़ा दिया है। बोर्ड ने कप्तानों को स्पष्ट कर दिया है कि इस नियम की समीक्षा अब 2027 संस्करण के बाद ही संभव होगी, उससे पहले इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। 2023 में लागू हुए इस नियम ने रणनीतियों को नया आयाम तो दिया है, लेकिन इसके ‘साइड इफेक्ट्स’ ने भविष्य के ऑलराउंडर्स की चिंता बढ़ा दी है।

