ब्रेकिंग न्यूज़
आंध्र प्रदेश विधानसभा का सत्र 11 फरवरी से शुरू, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

अमरावती, 31 जनवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने 11 फरवरी को विधानसभा का सत्र आहूत किया है।

विधानसभा की कार्यवाही 11 फरवरी सुबह 10 बजे गुंटूर जिले के अमरावती में वेलगापुड़ी स्थिति विधानसभा भवन में होगी।

राज्यपाल ने शुक्रवार देर रात जारी आदेश में कहा, “भारत के संविधान के अनुच्छेद 174 के खंड (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, मैं एस अब्दुल नजीर, राज्यपाल आंध्र प्रदेश सोलहवीं विधानसभा का पांचवां सत्र आहूत करता हूं।”

संभल में महिला राशन विक्रेता की गोली मारकर हत्या

उप्र महिला हत्या

संभल (उप्र), 31 जनवरी (भाषा) संभल जिले के बबराला थाना क्षेत्र के एक गांव में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक महिला राशन विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस को शुक्रवार रात करीब 10 बजे पहलवाडा गांव में दो गुटों के बीच विवाद के बाद पत्थरबाजी की सूचना मिली। हिंसा के दौरान राशन विक्रेता प्रेमवती (50) को देसी तमंचे से गोली लग गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा दो खोखे और एक कारतूस बरामद किया। घायलों को अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।

विश्नोई ने बताया कि मामले को सुलझाने और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए विशेष अभियान समूह (एसओजी) एवं स्थानीय पुलिस स्टेशन से टीम गठित की गई है।

एसपी ने बताया कि जांच के दौरान दोनों गुटों के बीच पुरानी दुश्मनी का पता चला है।

पुलिस ने बताया कि मृतक प्रेमवती ग्राम प्रधान मीरा देवी की सास थीं।

“माकपा सांसद रहीम का बयान, सी जे रॉय की मौत पर निष्पक्ष जांच की अपील”

केरल कारोबारी जांच माकपा

तिरुवनंतपुरम, 31 जनवरी (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य ए ए रहीम ने ‘कॉन्फिडेंट ग्रुप’ के चेयरमैन सी जे रॉय की मौत के मामले की गहन जांच की मांग करते हुए कहा है कि इस घटना के पीछे के वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए।

रहीम ने कहा कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि क्या रॉय ‘‘केंद्रीय एजेंसियों की दबाव की रणनीति’’ से परेशान थे।

रहीम ने एक ‘फेसबुक’ पोस्ट में रॉय की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जरूरी है।

इस बीच, अभिनेता मोहनलाल ने भी व्यवसायी की मौत पर शोक जताया।

रॉय द्वारा निर्मित कुछ फिल्मों में अभिनय कर चुके मोहनलाल ने शनिवार को फेसबुक पोस्ट में कहा, “मेरे प्रिय मित्र सी जे रॉय की मौत की खबर अविश्वसनीय और अत्यंत पीड़ादायक है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। वह दोस्त से बढ़कर थे।”

पुलिस ने पहले कहा था कि आयकर विभाग की छापेमारी के बीच रॉय ने शुक्रवार दोपहर बेंगलुरु स्थित अपने कार्यालय में कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

रॉय के भाई बाबू ने आरोप लगाया है कि संभवत: केंद्रीय एजेंसियों के दबाव में उन्होंने यह कदम उठाया। बाबू ने शनिवार को बेंगलुरु में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान इन आरोपों को दोहराया।

“तेलंगाना राजनीति में नया विवाद, बीआरएस विधायक के बयान पर हंगामा”“तेलंगाना राजनीति में नया विवाद, बीआरएस विधायक के बयान पर हंगामा”

तेलंगाना बीआरएस विधायक

हैदराबाद, 31 जनवरी (भाषा) तेलंगाना में विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक पी. कौशिक रेड्डी, करीमनगर के पुलिस आयुक्त गौश आलम पर धार्मिक टिप्पणियां करने को लेकर विवादों में घिर गए हैं।

‘तेलंगाना आईपीएस ऑफिसर एसोसिएशन’ ने उनकी टिप्पणियों को ‘बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण’ बताते हुए उनसे माफी की मांग की है, जबकि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने इसे ‘मुस्लिमों के खिलाफ घृणा फैलाने वाला भाषण’ करार दिया है।

आलोचनाओं के बीच, करीमनगर जिले के हुजूराबाद से विधायक कौशिक रेड्डी ने शुक्रवार को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी और कहा कि इसके पीछे उनका कोई इरादा नहीं था।

रेड्डी को बृहस्पतिवार को पुलिस ने उस समय रोक दिया, जब वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जिले के वीनावंका में ‘सम्मक्का जतरा’ (धार्मिक उत्सव) में जा रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि इससे कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।

पुलिस ने कहा कि इस दौरान विधायक ने सड़क पर यातायात जाम कर दिया, जिससे आम लोगों को असुविधा हुई। जब उन्हें एहतियात के तौर पर हिरासत में लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने पुलिस आयुक्त और एक अन्य पुलिस अधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की।

‘आईपीएस ऑफिसर एसोसिएशन’ ने एक विज्ञप्ति में कहा कि सेवारत अधिकारी के धर्म के संबंध में की गई टिप्पणियों से एसोसिएशन बेहद आहत है।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘जब स्थानीय पुलिस अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे, तब विधायक ने बिना किसी आधार और उकसावे के गौश आलम (पुलिस आयुक्त) के खिलाफ झूठे और निराधार आरोप लगाए तथा उनके धर्म का उल्लेख करते हुए कहा कि वह अन्य धर्मों के लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।’’

अपने बचाव में, कौशिक रेड्डी ने एक बयान में कहा कि ‘सम्मक्का जतरा’ के वक्त उन पर अत्यधिक दबाव बनाया गया था और उसी आवेश में उनके मुंह से ये बातें निकल गईं। उन्होंने इसके लिए खेद जताया।

इस बीच ओवैसी ने कहा कि लोक सेवकों के कर्तव्यों का कानून के दायरे में निर्वहन किए जाने को साम्प्रदायिक रंग देना और उसका राजनीतिकरण करना पूरी तरह से अस्वीकार्य और निंदनीय है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ हुजूराबाद से बीआरएस के विधायक ने करीमनगर के पुलिस आयुक्त के खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक और घोर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। ये टिप्पणियां अधिकारी की मुस्लिम धार्मिक पहचान पर सीधा हमला हैं और खुले तौर पर साम्प्रदायिक अपमान की श्रेणी में आती हैं।’’

“अमेरिका: मैसाचुसेट्स के पास सात लोगों को ले जा रही नौका लापता”

अमेरिका लापता नौका

बोस्टन (अमेरिका), 31 जनवरी (एपी) अमेरिका में मैसाचुसेट्स के तट के पास लापता हुई मछली पकड़ने वाली नौका में सात लोग सवार थे। यह बात शुक्रवार को मैसाचुसेट्स के एक सीनेटर ने बताई।

तटरक्षक बल ने शुक्रवार तड़के केप एन से लगभग 25 मील दूर स्थित 72 फुट लंबी लिली जीन नामक नौका के खतरे में होने की सूचना मिलने के बाद खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। बल ने बताया कि जिस स्थान से सूचना मिली थी, उसके पास मलबा और पानी में एक शव बरामद किया गया।

तटरक्षक बल ने बताया कि शुक्रवार शाम तक खोज एवं बचाव अभियान जारी रहा।

रिपब्लिकन पार्टी के नेता एवं राज्य के सीनेटर ब्रूस टार ने शुक्रवार देर रात पत्रकारों को बताया कि नौका में सात लोग सवार थे।

“बिहार में नीट अभ्यर्थी की मौत: मामले की जांच अब सीबीआई से कराने की सिफारिश”

बिहार नीट अभ्यर्थी सीबीआई

पटना, 31 जनवरी (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ने पटना में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा की हाल ही में हुई मौत मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की सिफारिश की है।

बिहार पुलिस का एक विशेष जांच दल (एसआईटी) इस मामले की जांच कर रहा है।

जहानाबाद की रहने वाली छात्रा इस महीने की शुरुआत में पटना के चित्रगुप्त नगर में अपने हॉस्टल के कमरे में बेहोश मिली थी, कई दिनों तक कोमा में रहने के बाद 11 जनवरी को एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। छात्रा के परिवार ने उसका यौन उत्पीड़न होने और अधिकारियों पर मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।

चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से पटना में नीट छात्रा की हत्या के मामले (केस नंबर- 14/26) की जांच सीबीआई को सौंपने का आग्रह किया है। इस घटना का पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से खुलासा होना चाहिए।’’

उपमुख्यमंत्री के पास गृह विभाग भी है।

छात्रा के माता-पिता ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य पुलिस यौन उत्पीड़न की बात से इनकार करके और इसे आत्महत्या का मामला बताकर मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।

छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा की आशंका को खारिज नहीं किया गया और यह नतीजा पुलिस के शुरुआती दावे से अलग है कि मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज ने यौन उत्पीड़न की बात को खारिज कर दिया है। इस मामले में छात्रा के हॉस्टल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है।

“पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे अमित शाह, संगठनात्मक बैठक भी करेंगे”

कोलकाता, 31 जनवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तैयारियों को तेज करते हुए राज्य के दक्षिणी हिस्से में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे और उत्तरी हिस्से में संगठनात्मक बैठक करेंगे।

शाह शुक्रवार रात कोलकाता पहुंचे थे।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘शाह सबसे पहले शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे बैरकपुर में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे और इसके बाद अपराह्न करीब दो बजे बागडोगरा रवाना होंगे जहां उत्तर बंगाल के पार्टी नेताओं के साथ उनकी एक संगठनात्मक बैठक होनी है।’’

यह एक महीने के भीतर शाह का राज्य का दूसरा दौरा है। वह इससे पहले पिछले साल 30 और 31 दिसंबर को संगठनात्मक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए कोलकाता आए थे।

पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव कुछ महीनों में होने हैं।

“महाराष्ट्र राजनीति में हलचल: सुनेत्रा के शपथ ग्रहण से अनजान शरद पवार”

बारामती, 31 जनवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने संबंधी खबरों के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने इस घटनाक्रम से स्वयं को अलग करते हुए शनिवार को कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है।

पवार ने बारामती में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें शपथ ग्रहण के बारे में मीडिया में प्रसारित खबरों से पता चला।

जब उनसे पूछा गया कि क्या पवार परिवार से कोई समारोह में शामिल होगा, तो उन्होंने कहा, ‘‘हमें शपथ ग्रहण के बारे में पता नहीं है। हमें खबरों से इसकी जानकारी मिली। शपथ ग्रहण के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि यह फैसला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने ही लिया होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों जैसे प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने पहल की। इन लोगों ने शायद कुछ तय किया होगा।’’

वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि उनके भतीजे अजित पवार की इच्छा दोनों धड़ों को एकजुट करने की थी और वे इसे लेकर आशावादी थे।

उन्होंने कहा, ‘‘अब हमें लगता है कि उनकी इच्छा पूरी होनी चाहिए। अजित पवार, शशिकांत शिंदे और जयंत पाटिल ने दोनों धड़ों के विलय पर बातचीत शुरू की थी। विलय की तारीख भी तय हो गई थी-यह 12 (फरवरी) को होना था। दुर्भाग्य से, उससे पहले ही अजित हमें छोड़कर चले गए।’’

राकांपा के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया था कि राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा के शनिवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है और वह मंत्रिमंडल में अजित पवार की जगह लेंगी।

अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में विमान हादसे में मौत के बाद राकांपा नेताओं के एक वर्ग ने मांग की थी कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में पवार के पास रहा पद उनकी पत्नी को दिया जाए।

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8 अरब डॉलर बढ़ा, 709.41 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा

मुंबई, 30 जनवरी (भाषा) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान 8.05 अरब डॉलर बढ़कर 709.41 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने यह जानकारी दी है।

इससे पिछले सप्ताह में कुल मुद्रा भंडार 14.16 अरब डॉलर बढ़कर 701.36 अरब डॉलर रहा था।

मुद्रा भंडार सितंबर, 2024 में 704.89 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था, लेकिन हाल के दिनों में इस पर दबाव देखा गया। खासकर तब जब रुपये में अत्यधिक उतार-चढ़ाव को रोकने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग किया गया।

केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 2.36 अरब डॉलर बढ़कर 562.88 अरब डॉलर हो गईं।

डॉलर के रूप में व्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर अमेरिकी मुद्राओं में मूल्य वृद्धि या मूल्यह्रास के प्रभाव शामिल होते हैं।

आरबीआई ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 5.63 अरब डॉलर बढ़कर 123.08 अरब डॉलर हो गया।

केंद्रीय बैंक ने बताया कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 3.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.73 अरब डॉलर हो गया

आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित स्थिति भी 1.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.70 अरब डॉलर हो गई।

गुजरात में चार महीनों के भीतर ‘112’ आपातकालीन सेवा ने 3.82 लाख से अधिक मामलों पर त्वरित प्रतिक्रिया दी।गुजरात आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली

अहमदाबाद, 30 जनवरी (भाषा) गुजरात में पिछले चार माह के दौरान आपातकालीन सेवा प्रणाली ‘112’ ने 3,82,728 मामलों में प्रतिक्रिया दी और जनवरी 2026 में इस सेवा का औसत प्रतिक्रिया समय 11 मिनट और 56 सेकंड रहा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, ‘112’ देशभर के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली है, जिसके तहत प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में पुलिस, अग्निशमन एवं बचाव, स्वास्थ्य तथा अन्य सेवाओं से जुड़े अनुरोधों पर समाधान के लिए समर्पित आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र (ईआरसी) स्थापित किए गए हैं।

एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले चार महीनों में गुजरात भर में ‘112’ सेवा के तहत कुल 3,82,728 आपातकालीन मामलों पर प्रतिक्रिया दी गई। प्रतिदिन औसतन 12,000 से अधिक कॉल पर कार्रवाई की गई। जनवरी 2026 में इस सेवा का औसत प्रतिक्रिया समय 11 मिनट और 56 सेकंड रहा।

विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य के पुलिस महानिदेशक के.एल.एन. राव ने बृहस्पतिवार को आपातकालीन सेवाओं के कामकाज की समीक्षा की और उन्होंने आपातकालीन प्रतिक्रिया समय को 10 मिनट से कम करने के लिए डेटा विश्लेषण का सुझाव भी दिया।

राव के हवाले से विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस और नियंत्रण कक्ष के बीच बेहतर समन्वय इस सेवा की सफलता का आधार है।