ब्रेकिंग न्यूज़
दिनदहाड़े गेट खोल कर करीब 18 हज़ार कीमत की साइकिल ले गया चोर।
कैबिनेट मंत्री के घर से करीब 30 कदम की दूरी पर चोरी की वारदात

शिकायत दर्ज करवाने के 24 घंटे बाद भी मौका देखने नही आई पुलिस

सत्ता सन्देश / संजय भाटिया
लुधियाना, 29 जनवरी बुधवार दोपहर करीब 4:30 बजे जीटीबी नगर, मुंडियां कलां , कैबिनेट मंत्री के घर के कुछ ही दूरी पर साइकल चोरी हो गयी साइकल की कीमत करीब 18 हजार है। आस पास के लोगो भी इस वारदात के बाद दहशत में है। पीड़ित परिवार और लोगों का कहना है कि वो अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे है। हैरानी वाली बात तो ये है कि गली के बाहर पुलिस मुलाज़िम भी खड़े रहते है तब भी चोरों को कोई डर नही। शिकायतकर्ता द्वारा मामले की शिकायत चौकी मुंडियां कलां में दर्ज करवा दी गयी है। शिकायत दर्ज करवाने के 24 घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नही पहुँची।

मामले की जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता वरिंदर ने बताया कि वह जीटीबी नगर, मुंडिया कलां में रहते हैं । उनका घर कैबिनेट मंत्री के पास ही है। बुधवार को करीब 4:00 ऑफिस से अपने घर आए थे । पत्नी और बच्चों के साथ चाय पानी पिया। 4:45 के करीब अपने घर के बाहर निकले तो गेट खुला हुआ था और साइकिल गायब थी। वरिन्दर ने बताया कि उनके वेहड़े में एवन कंपनी की गेयर वाली मोटे टायर की काली साइकिल थी। जब वो अपने ऑफिस से घर आये तब साइकिल वहीं थी। इस मामले में पीड़ित वीरेंद्र ने चौकी मुंडिया कला में अपनी शिकायत दर्ज कर दी है। वारदात के 24 घंटे बीत जाने पर भी चौकी मुंडियां पुलिस मौका देखने नही पहुँची।

दिल्ली में पांच स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, जांच के बाद अफवाह निकली

नयी दिल्ली, 29 जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार सुबह पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की ईमेल के जरिये मिली धमकियां जांच के बाद अफवाह साबित हुईं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, इन धमकियों के बारे में उन्हें सुबह करीब 8.30 बजे सूचना मिली जिसके बाद कई सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और परिसरों की व्यापक तलाशी ली गयी।
डीएफएस ने पुष्टि की कि दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित लॉरेटो कॉन्वेंट, चित्तरंजन पार्क के डॉन बोस्को तथा आनंद निकेतन और द्वारका में स्थित कार्मल कॉन्वेंट स्कूल परिसरों को धमकियां मिली थीं।
वहीं, दिल्ली के लोधी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय ने अभिभावकों को एक संदेश भेजकर घटना के बारे में सूचित कर दिया था। इसी के साथ पुलिस और दमकल विभाग को भी सूचना दी थी जिसके बाद सभी परिसर को खाली कराकर जांच की गई।
डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।’’
उन्होंने कहा कि धमकी अफवाह साबित हुई है।
सरदार पटेल विद्यालय प्रशासन ने बताया कि बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया।
स्कूल ने संदेश में कहा, ‘‘परिसर अब पूरी तरह सुरक्षित है। छात्रों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी आवश्यक मानक प्रक्रियाओं का पालन किया गया। आज कक्षाएं सामान्य रूप से चलेंगी।’’
पुलिस सूत्रों ने बताया कि परिसरों की जांच के लिए स्थानीय पुलिस कर्मियों, बम निरोधक दस्तों और श्वान दस्तों को तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि कुछ स्कूलों में छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित क्षेत्रों में ले जाया गया।
पुलिस ने कहा कि धमकियों के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
द्वारका कोर्ट परिसर को भी बुधवार को इसी तरह की बम की धमकी मिली थी जो बाद में अफवाह साबित हुई थी।

भारत में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वालों की संख्या 95 करोड़ के पार
बेंगलुरु, 29 जनवरी (भाषा) ग्रामीण संपर्क में तेजी, शॉर्ट-वीडियो के बढ़ते चलन और कृत्रिम मेधा (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल के कारण वर्ष 2025 में भारत में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या 95 करोड़ के पार पहुंच गई है। 'इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया' (आईएएमएआई) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, सक्रिय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं में से 57 प्रतिशत यानी लगभग 54.8 करोड़ ग्रामीण भारत से हैं।
इन रुझानों पर आधारित ‘इंटरनेट इन इंडिया रिपोर्ट 2025’ को कर्नाटक सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी/बीटी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की सचिव मंजुला एन की उपस्थिति में 'इंडिया डिजिटल समिट' में जारी किया गया। रिपोर्ट को 'इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया' (आईएएमएआई) और कांतार ने संयुक्त रूप से तैयार किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अब 95.8 करोड़ सक्रिय इंटरनेट उपयोगकर्ता (एआईयू) हैं। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग आठ प्रतिशत की वृद्धि है, जो दुनिया के सबसे बड़े और सबसे तेजी से बढ़ते डिजिटल बाजारों में से एक के रूप में भारत की स्थिति को और पुख्ता करती है। 
इसमें यह भी बताया गया है कि भारत में एआई का उपयोग बड़े पैमाने पर बढ़ा है। करीब 44 प्रतिशत उपयोगकर्ता वॉयस सर्च, इमेज-आधारित सर्च, चैटबॉट और एआई फिल्टर जैसे फीचर्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया, "इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की इस संख्या में ग्रामीण भारत की निर्णायक भूमिका बनी हुई है, जहां अब लगभग 54.8 करोड़ सक्रिय इंटरनेट उपयोगकर्ता हैं।"
रिपोर्ट के अनुसार, भारत के कुल इंटरनेट उपयोगकर्ताओं में ग्रामीण क्षेत्रों की हिस्सेदारी अब 57 प्रतिशत से अधिक हो गई है। ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट का विस्तार शहरी भारत की तुलना में लगभग चार गुना तेजी से हो रहा है, जो देश के डिजिटल ढांचे में एक संरचनात्मक बदलाव का संकेत है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि युवाओं (15-24 वर्ष) में एआई का उपयोग सबसे अधिक 57 प्रतिशत देखा गया है। इसके बाद 25 से 44 वर्ष के आयु वर्ग का स्थान है, जिसमें 52 प्रतिशत लोगों ने पिछले एक साल के दौरान एआई का इस्तेमाल करने की जानकारी दी है।
इसी तरह, शॉर्ट-वीडियो मंच भी विकास के मुख्य चालक बनकर उभरे हैं। वर्ष 2025 में 61 प्रतिशत यानी लगभग 58.8 करोड़ इंटरनेट उपयोगकर्ताओं ने शॉर्ट-वीडियो देखे, जिनमें ग्रामीणों की संख्या शहरी क्षेत्रों के लोगों से थोड़ी अधिक रही।
ई-कॉमर्स और डिजिटल आदतें रिपोर्ट में बताया गया है कि पारंपरिक ऑनलाइन बाजारों के अलावा अब 'क्विक कॉमर्स' और 'सोशल कॉमर्स' का चलन भी बढ़ रहा है। शहरी क्षेत्रों के लगभग 23 करोड़ लोगों ने पिछले एक साल में ऑनलाइन खरीदारी की।
आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 लाइव: मुख्य आर्थिक सलाहकार अनंत नागेश्वरन का कहना है कि वैश्विक परिदृश्य में भारत के विकास के आंकड़े आर्थिक प्रदर्शन के लिहाज से एक मिसाल कायम करते हैं।

आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 पेश करते हुए मुख्य आर्थिक सलाहकार अनंत नागेश्वरन ने कहा कि मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि के आंकड़े देश की मजबूत आर्थिक बुनियाद को दर्शाते हैं। सरकार ने वित्त वर्ष 2027 के लिए भारत की संभावित विकास दर के अनुमान को संशोधित कर 6.8 से 7.2 प्रतिशत के दायरे में रखा है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यह सर्वेक्षण संसद में पेश किया।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार (29 जनवरी, 2026) को संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 पेश किया। सर्वेक्षण के प्रथम अग्रिम अनुमानों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में वास्तविक जीडीपी वृद्धि 7.4% और सकल मूल्य वर्धित (जीवीए) वृद्धि 7.3% रहने का अनुमान है, जो लगातार चौथे वर्ष भारत को सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करता है।
मुख्य आर्थिक सलाहकार वी.ए. अनंत नागेश्वरन गुरुवार (29 जनवरी, 2026) को एक प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करेंगे, जिसमें वे प्रमुख आर्थिक रुझानों की व्याख्या करेंगे। श्री नागेश्वरन ने प्रस्तावना में लिखा, “2026 में दुनिया के लिए सबसे अच्छा परिदृश्य ‘2025 जैसी स्थिति’ का होगा, लेकिन यह स्थिति उत्तरोत्तर कम सुरक्षित और अधिक नाजुक होती जाएगी।”आर्थिक सर्वेक्षण, 31 मार्च को समाप्त हुए वर्ष के दौरान सरकार के वित्तीय प्रदर्शन और अर्थव्यवस्था की स्थिति पर एक आधिकारिक रिपोर्ट है। यह केंद्रीय बजट से पहले भविष्य में होने वाले नीतिगत परिवर्तनों का भी पूर्वानुमान प्रदान करता है। यह दस्तावेज़ वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग द्वारा तैयार किया जाता है।

केंद्रीय बजट 1 फरवरी, 2026 को सुश्री सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया जाना निर्धारित है।

भारत बनाम न्यूज़ीलैंड चौथा T20: विशाखापट्टनम में टीम इंडिया का रिकॉर्ड मजबूत, बुमराह बाहर हो सकते हैं

भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी-20 मुकाबला आज विशाखापट्टनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे किया जाएगा।

इससे पहले खेले गए तीसरे टी-20 में भारत ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है। न्यूजीलैंड की टीम फिलहाल 3-0 से पीछे चल रही है। वाइजैग में भारत का रिकॉर्ड भी मजबूत रहा है। यहां खेले गए चार टी-20 मुकाबलों में से टीम इंडिया ने तीन में जीत दर्ज की है, जबकि एकमात्र हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई थी।

अर्शदीप की वापसी हो सकती है जसप्रीत बुमराह को इस मैच में आराम दिया जा सकता है। उनके वर्कलोड और टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए बुमराह की जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिलने की संभावना है। अर्शदीप को तीसरे मैच में रेस्ट दिया गया था।

टी-20 में भारत का पलड़ा भारी न्यूजीलैंड और भारत के बीच अब तक कुल 28 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 15 मैचों में जीत दर्ज की है। जबकि न्यूजीलैंड को 10 मुकाबलों में सफलता मिली है। 3 मैच टाई भी रहे हैं।

भारतीय सरजमीं पर दोनों टीमों के बीच 14 टी-20 खेले गए हैं, जहां होम टीम ने 10 मैच जीते, जबकि न्यूजीलैंड को सिर्फ 4 में जीत नसीब हुई। न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ लगातार पांचवीं टी-20 सीरीज भी गंवा दी है। टीम कभी भारत में टी-20 सीरीज भी नहीं जीत पाई।

हाई स्कोरिंग है पिच विशाखापट्टनम स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां अच्छी बाउंस और रफ्तार मिलती है, जिससे गेंद सीधे बल्ले पर आती है और बड़े स्कोर बनते हैं। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिन गेंदबाजों को भी मदद मिलने लगती है। वहीं, ओस पड़ने की वजह से टारगेट का पीछा करना आसान हो जाता है। इस स्टेडियम में अब तक 4 टी-20 खेले गए। 3 में चेज करने वाली और 1 में पहले बैटिंग करने वाली टीम को जीत मिली। यहां का बेस्ट स्कोर 209 रन है, जो भारत ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था।

बारिश की संभावना नहीं विशाखापट्टनम में बुधवार को टेम्परेचर 19 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मैच के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11 भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह/अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती।

न्यूजीलैंड: डेवोन कॉन्वे/फिन ऐलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चापमन/जिमी नीशम , मिचेल सैंटनर (कप्तान), काइल जैमिसन, जैकब डफी, ईश सोढी और मैट हैनरी।

अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की खबरों पर तोड़ी चुप्पी

पॉपुलर सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास ले लिया है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की है।

सिंगर ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकांउट पर लिखा,

नमस्ते, आप सभी को नए साल की हार्दिक शुभकामनाएं। इतने सालों से श्रोताओं के रूप में मुझे जो इतना प्यार दिया है, उसके लिए आप सबका धन्यवाद। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं एक प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई भी नया काम नहीं लूंगा। मैं इसे यहीं खत्म कर रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा।

प्लेबैक सिंगिंग में गानों की रिकॉर्डिंग स्टूडियो में होती है। बाद में इसे फिल्मों में एक्टर-एक्ट्रेस पर फिल्माया जाता है। यानी आवाज सिंगर की होती है, एक्टर-एक्ट्रेस इस पर लिप्सिंग करते हैं।

अरिजीत के करीब बोले- बहुत सोचकर लिया फैसला

अरिजीत सिंह के करीबी और सयोनी गाने के कंपोजर अंजन भट्टाचार्य ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि अरिजीत ने यह फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया गया है। उन्होंने लंबे समय तक विचार किया और अब उन्हें लगता है कि यही सही समय है। वे अपने फैंस के प्यार और सपोर्ट के लिए हमेशा आभारी रहेंगे और भविष्य में नए अंदाज में उनसे जुड़ते रहेंगे। कंपोजर ने अरिजीत सिंह के फ्यूचर प्रोजेक्ट्स पर भी बात की है।

प्लेबैक सिंगिंग छोड़कर क्या करेंगे अरिजीत सिंह

इंडिपेंडेंट म्यूजिक: फिल्मों से अलग हटकर अपने सोलो प्रोजेक्ट्स और फ्यूजन म्यूजिक पर काम करेंगे।

ग्लोबल कोलेबोरेशन (2027): विभिन्न देशों के कलाकारों के साथ काम करेंगे और अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाएंगे।

वर्ल्ड टूर: 2027 में दुनियाभर में लाइव शो करेंगे। इसके साथ वर्चुअल रियलिटी कॉन्सर्ट्स भी होंगे।

स्पेशल प्रोजेक्ट्स: अपने नए गानों और एल्बम्स को सीधे दर्शकों तक पहुंचाने की योजना।

महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का विमान हादसे में निधन—जांच शुरू

महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का निधन हो गया है। बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। वे 66 साल के थे। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान गई।

पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। वे मुंबई से सुबह 8.10 बजे रवाना हुए थे। महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के मुताबिक पायलट ने सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले गया।

पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इस दौरान विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया। और उसमें आग लग गई। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक लैंडिंग के दौरान पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल नहीं दिया था। उसने ‘मेडे’ कॉल भी नहीं किया था।

महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस बारामती भी पहुंच रहे हैं। उन्होंने आज स्कूलों की छुट्‌टी और 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। पवार का अंतिम संस्कार बारामती में कल किए जाने की संभावना है। अजित के चाचा शरद पवार बारामती हॉस्पिटल पहुंच गए हैं, जहां सभी शव लाए गए हैं।

इधर, एयरक्राफ्ट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो, यानी AAIB ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी की एक टीम दिल्ली में विमान की ऑपरेटर कंपनी VSR वेंचर्स के ऑफिस पहुंची है। दूसरी टीम बारामती रवाना हो गई है।

इस बीच VSR वेंचर्स ने कहा है कि पायलट को 16 हजार घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरियंस था। विमान की को-पायलट के पास 1500 घंटे का एक्सपीरियंस था। कंपनी ने दावा किया कि एयरक्राफ्ट में कोई तकनीकी खामी नहीं थी।

अजित पवार की पार्टी NCP भाजपा-शिवसेना महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में शामिल है। उन्हें मिलाकर पार्टी के कुल 41 विधायक थे। वे खुद उपमुख्यमंत्री थे। उनके अलावा 7 कैबिनेट और 1 राज्य मंत्री हैं।