ब्रेकिंग न्यूज़
दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक, वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) दिल्ली में बुधवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 295 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, दिल्ली के 20 निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’, 16 केंद्रों में ‘खराब’, जबकि दो केंद्रों में ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। इसी के साथ, दिन के दौरान धुंध छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

विभिन्न मौसम केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक, पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक यानी 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में यह 13.4 डिग्री, रिज में 13.6 डिग्री और आयानगर में 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *