कपूरथला की केंद्रीय जेल में हंगामे से मचा हड़कंप
कपूरथला / सत्ता संदेश
हवालातियों के दो गुटों में झड़प के बाद आगजनी की घटना
पंजाब के Kapurthala स्थित केंद्रीय जेल में देर रात हंगामे की बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार जेल के अंदर बंद हवालातियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। यह विवाद इतना बढ़ गया कि जेल परिसर के अंदर आगजनी की घटना भी हो गई।
जेल की छत पर चढ़े हवालाती, वीडियो हुई वायरल
जेल के अंदर से सामने आई वीडियो में कुछ हवालाती जेल की छत पर चढ़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके हाथों में आग लगी मशालें और सिलेंडर भी नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ हवालाती घायल अवस्था में भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना की वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और जेल प्रशासन के साथ-साथ जिला पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने झड़प और आगजनी की पुष्टि की
इस मामले को लेकर जब SSP Kapurthala से बात की गई तो उन्होंने पुष्टि की कि जेल के अंदर दो गुटों के बीच झड़प हुई है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार चार से पांच लोग घायल हुए हैं।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि जेल के अंदर आगजनी की घटना हुई थी, लेकिन किसी भी प्रकार की जेल तोड़कर फरार होने की घटना से इनकार किया। उनके अनुसार जेल के एक बैरक के पास दोनों गुट आपस में भिड़ गए थे, लेकिन पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की मदद से स्थिति पर काबू पा लिया गया।
देर रात तक जारी रहा अभियान
जेल के बाहर मौजूद लोगों के अनुसार देर रात तक अंदर से आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी था।
घटना के बाद जेल के बाहर पुलिस प्रशासन और सिविल प्रशासन की गाड़ियों का लगातार आना-जाना लगा रहा। इसके साथ ही तीन से चार एंबुलेंस भी जेल परिसर के अंदर पहुंचीं।
वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सीय दल पहुंचे मौके पर
सूत्रों के अनुसार जिला पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अलावा रेंज के उप महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। वहीं जेल प्रशासन और जेल पुलिस के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
घटना के बाद चिकित्सीय दलों को भी जेल के अंदर भेजा गया, ताकि घायल लोगों को तुरंत उपचार उपलब्ध करवाया जा सके।
घायलों की संख्या को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है कि इस घटना में कुल कितने लोग घायल हुए हैं। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जेल प्रशासन और पुलिस का यह अभियान कितनी देर तक चलता है और जांच में इस पूरे मामले को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।
Reporter by Nirmal Singh kapurthala

