दुगरी में बेखौफ लुटेरे: डिलीवरी बॉय से लूट नाकाम, कबाड़ी से 7 हजार लूटे
लुधियाना / सत्ता संदेश
संवाददाता : यादविंदर सिंह
लुधियाना के दुगरी इलाके में बाइक सवार तीन बेखौफ लुटेरों ने एक के बाद एक दो वारदातों को अंजाम दिया। पहली घटना में बदमाशों ने एक डिलीवरी बॉय को निशाना बनाया लेकिन, उसके कड़े विरोध के चलते वे लूट में नाकाम रहे। इसके तुरंत बाद उन्हीं बदमाशों ने एक कबाड़ी को घेर लिया और हथियारों के बल पर उससे 7 हजार रुपए लूट लिए। इन दोनों घटनाओं की लाइव सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना दुगरी फेस 2 बाल भारती स्कूल के पास में बाइक सवार तीन लुटेरों ने एक डिलीवरी बॉय को अपना शिकार बनाने की कोशिश की। वारदात के वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि लुटेरे डिलीवरी बॉय को रोकते हैं और उससे मारपीट कर लूटपाट की कोशिश करते हैं। बदमाशों ने डिलीवरी बॉय का बैग भी साथ ले जाने का प्रयास किया। हालांकि डिलीवरी बॉय ने बिना डरे उनका डटकर सामना किया। यह देख इनोवा सवार दूर से हॉर्न बजाते हुए वहां पहुंचा, उसे देख जब डिलीवरी बॉय ने अपना बचाव करते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया तो लुटेरे घबरा गए। पकड़े जाने के डर से वे अपनी बाइक पर वहां से भाग निकले।
डिलीवरी बॉय से लूट में नाकाम रहने के बाद भी इन बदमाशों का खौफ कम नहीं हुआ। उन्होंने उसी इलाके के अर्बन विहार की एक गली से गुजर रहे कबाड़ी को अपना दूसरा निशाना बनाया। दूसरे सीसीटीवी वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि लुटेरे पहले कबाड़ी को चारों तरफ से घेरते हैं। इसके बाद वे कबाड़ी पर हथियार से हमला करते हैं। डरा-धमका कर बदमाश उसकी जेब से करीब 7000 रुपए का कैश निकालते हैं और आसानी से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

