ब्रेकिंग न्यूज़
दिल्ली के आरके पुरम स्थित आभूषण की दुकान से तीन करोड़ रुपये के जेवर चोरी

नयी दिल्ली, (सत्ता संदेश) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम स्थित एक आभूषण की दुकान से शनिवार तड़के लगभग तीन करोड़ रुपये के सोने और चांदी के जेवर कथित तौर पर चोरी हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि शुक्रवार शाम को दुकान बंद करते समय कुछ गहने अनजाने में तिजोरी के बाहर ही छूट गए थे।
पुलिस ने बताया कि तिजोरी अगली सुबह सही सलामत मिली, लेकिन बाहर रखी चीजें गायब थीं।
पुलिस के अनुसार, चोरी की गई वस्तुओं की सही मात्रा और मूल्य का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन इनकी कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये है।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

जरखड़ खेलों के फाइनल में आज 7 व्यक्तित्वों का विशेष सम्मान होगा

लुधियाना, 15 फरवरी (सत्ता संदेश) — माता साहिब कौर स्पोर्ट्स चैरिटेबल ट्रस्ट, गांव जरखड़ द्वारा हर साल आयोजित की जाने वाली जीएसटी ट्रक परमिट, एवॉन साइकिल, 38वीं मॉडर्न पेंडू मिनी ओलंपिक जरखड़ खेलों के फाइनल मुकाबले आज 15 फरवरी 2026 को होंगे।

इस अवसर पर फाइनल समारोह में 15 फरवरी को दोपहर 1 बजे पंजाब के पूर्व डीजीपी एवं खेल समर्थक अधिकारी श्री चंद्रशेखर को “खेल प्रमोटर अमरजीत ग्रेवाल अवॉर्ड” से सम्मानित किया जाएगा। श्री चंद्रशेखर, जो चंडीगढ़ हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, ने हॉकी को फलने-फूलने में मूल्यवान योगदान दिया है।

पद्म श्री बलदेव सिंह को “भगत पूरण सिंह अवॉर्ड” से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अपनी कोचिंग के तहत 200 से अधिक ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों (पुरुष एवं महिला) को तैयार किया है। उनके कोचिंग कौशल के कारण ही शाहाबाद मारकंडा हॉकी सेंटर भारत की हॉकी की राजधानी बन गया है।

प्रभदीप सिंह नथोवाल, डिप्टी डायरेक्टर, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को “पंजाब का मान अवॉर्ड” प्रदान किया जाएगा। प्रभदीप सिंह एक बहुमुखी प्रतिभाशाली व्यक्तित्व हैं। उनका लेखन कौशल और मंच पर विचार प्रस्तुत करने की कला सराहनीय है।

श्रीमती सिमरनजीत कौर गिल, प्रो वाइस चांसलर, सीटी यूनिवर्सिटी, लुधियाना को “पंजाब की धियों का मान अवॉर्ड” से सम्मानित किया जाएगा। सिमरनजीत कौर गिल का शिक्षा क्षेत्र में मूल्यवान योगदान है।

पत्रकार दविंदरपाल सिंह चंडीगढ़ को “पंजाब की पत्रकारिता का मान अवॉर्ड” से सम्मानित किया जाएगा। पत्रकार दविंदरपाल सिंह की अखबारी लेखनियां और टीवी चैनलों पर राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों पर गहन स्टोरीज़ अत्यंत प्रशंसनीय हैं।

उभरते साइक्लिस्ट हरश्वीर सिंह सेखों को “ओलंपियन सुरजीत सिंह रंधावा अवॉर्ड” से सम्मानित किया जाएगा। हरश्वीर सिंह भारतीय साइक्लिंग के भविष्य के उत्तराधिकारी हैं और आगामी एशियाई खेलों में उनसे पदक जीतने की बड़ी उम्मीद है।

वेटरन हॉकी खिलाड़ी करमजीत सिंह ग्रेवाल (यूएसए) को “ओलंपियन प्रिथीपाल सिंह अवॉर्ड” से सम्मानित किया जाएगा। करमजीत सिंह ग्रेवाल जितने उत्कृष्ट खिलाड़ी रहे, उससे कहीं बेहतर खेल प्रशासक हैं; उनका जीवन हमेशा खेलों के प्रति समर्पित रहा है।

कल 15 फरवरी को फाइनल समारोह में इन व्यक्तित्वों को विभिन्न खेल अवॉर्ड्स, स्मृति चिन्ह और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर के बाद दोपहर 3 बजे प्रसिद्ध लोक गायिकाओं सतविंदर बिट्टी, जसवंत संदीला, नीतू विर्क, गुरजान आदि अन्य गायकों का खुला अखाड़ा भी लगेगा।

पंजाब के विभिन्न जिलों में गुरु रविदास जी पर सेमिनार आयोजित करने का फैसला  

पहला सेमिनार 22 मार्च 2026 को लुधियाना में होगा: जतिवाल  

लुधियाना, 14 फरवरी –
गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं शताब्दी के अवसर पर देश-दुनिया में गुरु रविदास जी की बाणी और जीवन पर विचार-चर्चा, विभिन्न प्रकार के समागम तथा नगर कीर्तन आदि कार्यक्रम विभिन्न संस्थाओं और संगतों द्वारा आयोजित किए जा रहे हैं।  

इसी क्रम में पंजाब में गुरु रविदास जी के प्रेमियों ने ‘बाणी विचार चेतना मंच’ के बैनर तले पूरे पंजाब में गुरु रविदास जी से संबंधित अकादमिक और आध्यात्मिकता के समन्वय पर विचार-चर्चा के लिए सेमिनार आयोजित करने का निर्णय लिया है।  

इस बारे में जानकारी देते हुए बाणी विचार चेतना मंच के संरक्षक बलविंदर सिंह जतिवाल (पूर्व जीएम मिल्कफेड पंजाब) ने बताया कि ये सेमिनार पंजाब के विभिन्न जिलों में आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत पहला सेमिनार लुधियाना में 22 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। यह सेमिनार पूर्ण रूप से श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज गुरु रविदास जी की बाणी और उनके जीवन पर आधारित होगा।  

इस सेमिनार के आयोजन के लिए लुधियाना के प्रेम नगर की घुमार मंडी में एक विशेष बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें गुरनाम सिंह अकीदा (पटियाला), सोम नाथ चौधरी (पटियाला), पूर्व सरपंच भिंदर सिंह रतनहेड़ी (खन्ना), प्रसिद्ध दलित चिंतक प्रो. डॉ. गुरमीत कल्लर माजरी, स्वर्ण सिंह (पीएयू लुधियाना), बलबीर सिंह खालसा (लुधियाना), जसवीर सिंह पमाली, एससी बीसी टीचर यूनियन पंजाब के पूर्व प्रधान बलजीत सिंह सलाना आदि ने भाग लिया।  

इस बैठक में फैसला लिया गया कि लुधियाना में होने वाले पहले सेमिनार में दो मुख्य पर्चे पढ़े जाएंगे, जिन पर विचार-चर्चा शुरू की जाएगी, तथा पेपर और चर्चा को समापन देने के लिए दो छोटे पेपर पढ़े जाएंगे। इसके अलावा प्रश्नोत्तर सत्र भी होगा।  

इस सेमिनार के मुख्य अतिथि डॉ. सुरजीत सिंह (जनरल मैनेजर, कैटल फीड वेरका प्लांट, खन्ना) और विशेष अतिथि दलजीत सिंह (जीएम वेरका मिल्क प्लांट, लुधियाना) होंगे।  

इस सेमिनार में इन मूल्यवान विचारों को सुनने के लिए हर धर्म और हर जाति का व्यक्ति शामिल हो सकता है।  

फोटो: लुधियाना के प्रेम नगर की घुमियार मंडी में आयोजित विशेष बैठक का दृश्य।

बठिंडा में युवती की हत्या के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार

बठिंडा, 14 फरवरी (भाषा) पंजाब के बठिंडा-फाजिल्का राजमार्ग पर बहमन दीवाना के पास एक सूटकेस में आधा जला शव मिलने के मामले में 35 वर्षीय व्यक्ति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान मोगा जिले के बाघापुराना की सपना उर्फ मलिका के रूप में हुई है। वह कुछ समय से बठिंडा में रह रही थी, उसका शव 11 फरवरी को बरामद किया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रिंस कुमार ने नौ फरवरी को सुरखपीर रोड पर स्थित अपने घर पर कथित तौर पर सपना की चाकू मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने कहा कि पता चला है कि दोनों के बीच दोस्ती थी और हत्या के बाद आरोपी ने दो दिन तक शव को अपने घर में रखकर उसे ठिकाने लगाने की कोशिश की।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव को जलाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में आधा जला शव सूटकेस में भर दिया।
उन्होंने कहा कि 10 और 11 फरवरी की दरम्यानी रात वह अपनी कार में सूटकेस लेकर राजमार्ग पर गया और वहां फेंक दिया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और शव ले जाने में इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली है।
बठिंडा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ज्योति यादव बैंस ने बताया कि आरोपी अकेला रहता था और प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसने अकेले यह वारदात की। हालांकि, हत्या के पीछे के मकसद का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
जांच के दौरान पुलिस ने परसराम नगर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें सात फरवरी को युवती आरोपी के साथ दिखाई दी थी।
इसके अलावा, युवती के फोन रिकॉर्ड के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने 15 लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद संदेह आरोपी प्रिंस कुमार पर केंद्रित हुआ। मामले की जांच जारी है।

उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पुलवामा आतंकी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 2019 में आज ही के दिन हुए आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ जवानों को शनिवार को श्रद्धांजलि दी और कहा कि हर भारतीय उनके अदम्य साहस से प्रेरणा लेता है।

उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने भी हमले में जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘2019 में आज ही के दिन पुलवामा में अपनी जान गंवाने वाले बहादुर नायकों को याद करता हूं। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, दृढ़ संकल्प और सेवा हमारी सामूहिक चेतना में हमेशा के लिए अंकित रहेगी। प्रत्येक भारतीय उनके अटूट साहस से प्रेरणा लेता है।’’

उपराष्ट्रपति ने कहा कि सीआरपीएफ कर्मियों का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की स्मृति में सदा अंकित रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलवामा आतंकी हमले में प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनका सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के स्मृति में सदा अंकित रहेगा और हमें एक मजबूत एवं सुरक्षित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।’’

एक आत्मघाती हमलावर ने 14 फरवरी 2019 को विस्फोटकों से लदी गाड़ी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को ले जा रही बस से टकरा दिया था जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। कुछ दिनों बाद, भारत ने जवाबी हमला किया, जिसे ‘बालाकोट एयरस्ट्राइक’ के नाम से जाना जाता है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह तिरुचिरापल्ली पहुंचे,पुडुचेरी में कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे

चेन्नई/पुडुचेरी, 14 फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली पहुंचे, वह पुडुचेरी का एक दिवसीय दौरा करेंगे और कई राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

शाह अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी से मुलाकात करेंगे तथा चुनाव प्रभारी और पार्टी की पुडुचेरी इकाई के प्रभारी से भी मुलाकात करेंगे।

वह कराईकल में ‘‘दीवार लेखन’’ चुनावी अभियान में भी भाग लेंगे और बाद में कराईकल के संथाई थिदल में एक रैली को संबोधित करेंगे।

पार्टी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में भाजपा के पदाधिकारियों के साथ बातचीत करने के अलावा शाह ‘‘बूथ विजय अभियान’’ की भी शुरुआत करेंगे।

इससे पहले, शुक्रवार रात तिरुचिरापल्ली पहुंचने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता का केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और एल मुरुगन, भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और राज्य के अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार

इंफाल, 14 फरवरी (भाषा) मणिपुर में सुरक्षा बलों ने दो प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि ये सभी गिरफ्तारियां शुक्रवार को की गईं।

पुलिस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा) के दो सक्रिय सदस्यों को इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिले से पकड़ा गया। वहीं, पीआरईपीएके के एक सदस्य को बिष्णुपुर जिले के मोइरांग खुनौ स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।

बयान में कहा गया है कि शुक्रवार को एक अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने तेंगनौपाल जिले के खुलसाइबुंग पहाड़ी श्रृंखला से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए।

बरामद हथियारों में एक सिंगल-बैरल बंदूक, दो पिस्तौल और आठ आईईडी शामिल हैं।

मोदी असम में मोरन ईएलएफ और अन्य परियोजनाओं का आज करेंगे उद्घाटन

गुवाहाटी, 14 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी शनिवार को असम के अपने एक दिवसीय दौरे में मोरन में आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) का उद्घाटन करेंगे, 5450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

यह पिछले तीन महीने में मोदी का तीसरा असम दौरा होगा। राज्य में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा,‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की पवित्र भूमि पर हार्दिक स्वागत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे राज्य में संपर्क, तकनीक और विकास को आगे बढ़ाने वाली अहम परियोजनाओं के उद्घाटन का असम बेसब्री से इंतजार कर रहा है।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह शनिवार को डिब्रूगढ़ और गुवाहाटी में कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘सुबह 10:30 बजे मैं डिब्रूगढ़ के मोरान बाईपास पर बने आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) पर उतरूंगा। यह पूर्वोत्तर में अपनी तरह की पहली सुविधा है। मुश्किल हालात में राहत और बचाव कार्यों को समय पर शुरू करने में यह बहुत अहम साबित होगी।’’

प्रधानमंत्री मोदी दोपहर में गुवाहाटी के लाचित घाट पर विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘इसमें ब्रह्मपुत्र नदी पर बना कुमार भास्कर वर्मा सेतु भी शामिल है, जो गुवाहाटी व आसपास के इलाकों के लोगों की आवाजाही आसान बनाएगा। अन्य परियोजनाओं में पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए एक राष्ट्रीय डेटा सेंटर का उद्घाटन और पीएम-ई-बस सेवा योजना के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं।’’

नरेन्द्र मोदी ने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर के लिए यह बहुत खुशी की बात है कि आईआईएम (भारतीय प्रबंधन संस्थान) गुवाहाटी का उद्घाटन होगा। इससे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और देशभर से छात्र यहां आएंगे।’’

मोदी ने कहा कि दोपहर में वह गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री का सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर डिब्रूगढ़ जिले के चबुआ हवाईक्षेत्र पर पहुंचने का कार्यक्रम है और इसके बाद वह भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के सी-130 विमान से मोरन स्थित ईएलएफ जाएंगे, जहां वह 100 करोड़ रुपये की लागत वाली 4.2 किलोमीटर लंबी सुविधा का उद्घाटन करेंगे।

मोदी लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टर के 40 मिनट के हवाई प्रदर्शन को भी देखेंगे।

इसके बाद वह ईएलएफ से सी-130 विमान से ही अपने दौरे के दूसरे चरण के लिए गुवाहाटी रवाना होंगे।

प्रधानमंत्री गुवाहाटी में 3,000 करोड़ रुपये की लागत से बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे जो गुवाहाटी को उत्तर गुवाहाटी से जोड़ेगा। छह लेन वाला यह पुल गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच निर्बाध संपर्क उपलब्ध कराएगा, क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगा, भूकंपीय सुरक्षा को बेहतर बनाएगा और राज्य राजधानी क्षेत्र में विकास को गति देगा।

मोदी निकटवर्ती लचित घाट से भारतीय प्रबंधन संस्थान-गुवाहाटी (आईआईएम-गुवाहाटी) के अस्थायी परिसर और कृत्रिम मेधा (एआई) सक्षम ‘हाइपरस्केल डेटा’ केंद्र का भी डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री इसी स्थल से गुवाहाटी के लिए 100 विद्युत वाहन (ईवी) को भी रवाना करेंगे।

मोदी यहां भाजपा के बूथ-स्तरीय कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करने के बाद असम दौरे का समापन करेंगे और दिल्ली रवाना होंगे।

असम के मुख्य सचिव रवि कोटा और पुलिस महानिदेशक डीजीपी हरमीत सिंह ने प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए संयुक्त बैठक की।

कोटा ने बताया कि सुरक्षा, परिवहन और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय की व्यापक समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘सभी संबंधित एजेंसियों को तय प्रोटोकॉल और समयसीमा का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।’’

14 फरवरी : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकी हमला

 नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) इतिहास में 14 फरवरी का दिन जम्मू-कश्मीर की एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। घटना भले सात साल पुरानी है, लेकिन उसके जख्म आज तक हरे हैं, जब आतंकवादियों ने इस दिन को देश के सुरक्षाकर्मियों पर कायराना हमले के लिए चुना। राज्य के पुलवामा जिले में जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी ने विस्फोटकों से लदे वाहन से सीआरपीएफ जवानों की बस को टक्कर मार दी, जिससे कम से कम 40 जवान शहीद हो गये और कई गंभीर रूप से घायल हुए।

देश-दुनिया के इतिहास में 14 फरवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1537 : गुजरात के सुल्तान बहादुर शाह की पुर्तगालियों से बचकर भागने के दौरान डूबने से मौत हुई।

1556 : पंजाब के गुरुदासपुर जिले के कलानौर में मात्र 13 वर्ष की आयु में अकबर को मुगल सम्राट बनाया गया।

1876 : अलैक्जैंडर ग्राहम बेल ने टेलीफोन के पेटेंट के लिए आवेदन किया।

1939 : बम्बई (अब मुंबई) के तत्कालीन प्रशासन ने शहर में शराबबंदी का प्रस्ताव रखा।

1952 : सुषमा स्वराज का जन्म। वह केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में विदेश मंत्री रहीं।

1974 : रूसी लेखक अलैक्जैंडर सोल्जेंत्सिन को देश से निर्वासित किये जाने के एक दिन बाद उन पर देशद्रोह का आरोप दर्ज किया गया।

1990 : इंडियन एयरलाइंस का एक विमान बेंगलूर में एक गोल्फ कोर्स पर दुर्घटनाग्रस्त। पायलट को विमान का रनवे पहचानने में भूल हुई थी। विमान में सवार 146 लोगों में से 97 की मौत।

2005 : नेपाल में लोकतंत्र खतरे में पड़ने के बाद ब्रिटेन और फ्रांस ने वहां से अपने राजदूतों को वापस बुलाया।

2005 : लेबनान के पूर्व प्रधानमंत्री रफीक हरीरी की बेरूत में एक कार बम विस्फोट में मौत।

2019 : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाकर्मियों की बस पर हमले में 40 सुरक्षाकर्मियों की मौत और कई अन्य घायल।

2024: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अबू धाबी के पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन किया। मंदिर दुबई-अबू धाबी शेख जायद राजमार्ग पर अल राहबा के पास 27 एकड़ क्षेत्र में करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।

तारिक का सामना करने के लिए अश्विन की भारत को सलाह, जब वह रुके तो बस क्रीज से दूर हट जाएं

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक की अनूठी साइड आर्म एक्शन से की गई गेंदों का सामना करने के लिए भारतीय बल्लेबाजों के लिए एक सरल सुझाव दिया है कि जब ‘वह गेंद फेंकने से पहले रुके तो बस क्रीज से दूर हट जाएं।’

तीस वर्षीय तारिक की रुक-रुक कर गेंदबाजी करने की शैली काफी चर्चा में है। उन्होंने अब तक केवल चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और प्रति ओवर छह रन से भी कम के इकॉनमी रेट से 11 विकेट लिए हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले मैच में वह प्रेमदासा स्टेडियम की धीमी पिच पर निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ पर कहा, ‘‘अगर गेंदबाज़ गेंद फेंकने से पहले थोड़ा रुक जाता है, तो बल्लेबाज़ को दूर हटने का अधिकार है। वह कह सकता है कि ‘मुझे लगा कि वह रुक रहा है।’ यह एक दिलचस्प मामला होगा और अंपायर के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर देगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर मैं वहां होता तो मैं भी यही करता। मैच जीतने के लिए नियमों के दायरे में रहकर हर संभव प्रयास करना चाहिए। मैं बस इतना कहता कि मुझे नहीं पता कि वह गेंद कब छोड़ेगा और मैं एक तरफ हट जाता। अगर मैं हट जाता हूं, तो यह अंपायर की जिम्मेदारी होगी।’’

अश्विन ने कहा, ‘‘मैच के बीच में उस्मान तारिक पर पड़ने वाले दबाव की कल्पना कीजिए। यह एक अविश्वसनीय रोमांचक अनुभव होगा। वह उनकी टीम का तुरुप का इक्का है। जरा सोचिए अगर बल्लेबाज इस तरह की प्रतिक्रिया करता है तो वह क्या कर सकता है।’’

तारिक के अनोखे एक्शन को लेकर क्रिकेट जगत की अलग अलग राय है। अश्विन ने पहले उनका समर्थन किया था।

पाकिस्तान तारिक का इस्तेमाल बहुत कम कर रहा है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने उनके गेंद फेंकने से पहले थोड़ी देर के लिए रुकने की शैली को अवैध करार दिया था जिसके बाद से वह क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बने हुए हैं।