ब्रेकिंग न्यूज़
देवरिया में पुलिस मुठभेड़ में तीन पशु तस्कर गिरफ्तार

उप्र मुठभेड़ तस्कर  

देवरिया (उप्र), छह फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में शुक्रवार सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद तीन कथित पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से चार गोवंश बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, भाटपार रानी और बनकटा पुलिस थानों की टीम संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की तलाशी ले रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर बनकटा-अमेठीया मार्ग के पास एक पिकअप वाहन से चार गोवंश पशु बरामद किये गये।

पुलिस ने बताया कि मौके से अरविन्द पासवान उर्फ टेनी मांझी और अफरोज आलम उर्फ सुड्डू गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, तीसरा आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने का प्रयास कर रहा था तथा उसने पुलिस बल पर देसी तमंचे से गोली चलायी।

उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस बल द्वारा की गई गोलीबारी में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसने अपना नाम बिहार के सिवान निवासी छोटे अली उर्फ कमरे आलम बताया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के पास से एक देसी तमंचा, एक कारतूस व एक कारतूस का खोखा बरामद किया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *