ब्रेकिंग न्यूज़
सरपंच बनने की चाहत ने बना दिया कातिल: चुनाव लड़ने के लिए पिता ने अपनी ही बेटी को नहर में धकेल दिया

नेशनल डेस्क: एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसमें महाराष्ट्र के एक आदमी ने सरपंच का चुनाव लड़ने के लायक बनने के लिए अपनी ही बेटी की हत्या कर दी। आरोपी पिता ने यह घिनौनी घटना इसलिए की ताकि कागजों में उसके सिर्फ दो बच्चे ही रहें और वह चुनाव लड़ सके।

क्या है पूरा मामला? पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र के केरूर गांव का रहने वाला पांडुरंग सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था। लेकिन ‘दो बच्चों के नियम’ के कारण उसे अयोग्य ठहराया जा रहा था, क्योंकि उसके तीन बच्चे थे। इस अयोग्यता को खत्म करने के लिए उसने अपनी बड़ी बेटी प्राची को निज़ामाबाद जिले के एडापल्ली के पास निज़ामसागर नहर में धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

सरपंच भी साजिश में शामिल: गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए निज़ामाबाद पुलिस कमिश्नर साई चैतन्य ने कहा कि पांडुरंग के साथ इस मामले में मौजूदा सरपंच गणेश शिंदे को भी गिरफ्तार किया गया है।

जांच में पता चला है कि दोनों ने जुर्म करने से पहले एक-दूसरे से सलाह ली थी। पुलिस मामले की अच्छी तरह से जांच कर रही है ताकि इस साजिश के सभी पहलू सामने आ सकें।

बेंजेमा अल हिलाल से जुड़े, रोनाल्डो की उम्मीदों पर फेर सकते हैं पानी

खेल फुटबॉल अल हिलाल बेंजेमा

रियाद, तीन फरवरी (एपी) फ्रांस के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी करीम बेंजेमा सऊदी अरब के एक क्लब अल इत्तिहाद को छोड़कर दूसरे क्लब अल हिलाल से जुड़ गए हैं जो क्रिस्टियानो रोनाल्डो की खिताब जीतने की उम्मीदों के लिए बुरी खबर हो सकती है।

पूर्व बैलोन डीओर विजेता बेंजेमा सऊदी प्रो लीग के अग्रणी क्लब अल हिलाल में शामिल हो गए हैं, जो रोनाल्डो के क्लब अल नासर से लीग तालिका में एक अंक आगे है।

रोनाल्डो को 2022 में सऊदी अरब के क्लब से जुड़ने के बाद से अब भी अपने पहले लीग खिताब का इंतजार है। अल हिलाल उनके क्लब का मुख्य प्रतिद्वंद्वी है जिसने पांच बार के चैंपियंस लीग विजेता बेंजेमा को टीम में शामिल करके अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

रियाल मैड्रिड के पूर्व स्ट्राइकर बेंजेमा ने पिछले साल अल इत्तिहाद को लीग के खिताब के साथ-साथ किंग्स कप का चैंपियन बनाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।

अल हिलाल सऊदी अरब की सबसे सफल टीम है, जिसने 21 लीग खिताब और चार एशियाई चैंपियनशिप जीती हैं। पिछले साल अल हिलाल ने क्लब विश्व कप में मैनचेस्टर सिटी को 4-3 से हराकर सभी को चौंका दिया था।

पद्म श्री अवॉर्ड पाकर रोहित शर्मा बहुत खुश, भारत सरकार और फैंस का शुक्रिया किया अदा

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को भारत के प्रतिष्ठित नागरिक अवॉर्ड्स में से एक ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया गया है। इस अवॉर्ड के बाद रोहित शर्मा ने अपना पहला रिएक्शन दिया है, जिसमें उन्होंने इस पल को अपने और अपने परिवार के लिए सबसे बड़ा और खास पल बताया है।

राष्ट्रपति से मिला सम्मान: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 26 जनवरी को रोहित शर्मा को यह सम्मान दिया था। सम्मान मिलने के लगभग एक हफ्ते बाद रोहित ने एक वीडियो जारी कर कहा, “पद्म श्री मिलने पर मैं भारत सरकार का शुक्रिया अदा करता हूं। यह मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत खास पल है। मैं उन सभी लोगों का भी शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने मेरे करियर में अहम भूमिका निभाई है।” रोहित ने आगे कहा कि वह हमेशा देश के लिए और मैच और ट्रॉफी जीतने की कोशिश करते रहेंगे।

कप्तानी में बड़ी उपलब्धियां: रोहित शर्मा का भारतीय क्रिकेट में बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने 2007 में डेब्यू किया था और पिछले 19 सालों से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने दो बड़ी ICC ट्रॉफी जीती हैं:

2024 T20 वर्ल्ड कप: साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता।

2025 चैंपियंस ट्रॉफी: रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने यह खिताब जीता।इंटरनेशनल करियर पर एक नज़र रोहित शर्मा ने अब तक 282 ODI मैचों में 11,577 रन बनाए हैं, जिसमें 33 शतक शामिल हैं।

इसके अलावा, उन्होंने 67 टेस्ट मैचों में 4,301 रन और 159 T20 इंटरनेशनल मैचों में 4,231 रन बनाए हैं। वह क्रिकेट के मैदान पर अपनी समझदारी और बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।

मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत इजराइल में लगाए गए 300 पौधे, यहूदी उत्सव का भी जश्न

इजराइल पौधारोपण

 (हरिंदर मिश्रा)

नेवातिम (इजराइल), दो फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत इजराइल के मोशाव नेवातिम में कम से कम 300 पौधे लगाए गए और पर्यावरणीय जागरुकता का पर्व तू बिश्वात भी मनाया गया।

इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय दूतावास द्वारा इजराइल की गैर-लाभकारी संस्था केरेन कायमेट लेइजराइल और कृषि आधारित बस्ती मोशाव नेवातिम के सहयोग से किया गया था, जो भारत और इजराइल के बीच पर्यावरणीय स्थिरता, सामुदायिक भागीदारी और लोगों के बीच संबंधों के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कार्यक्रम के बाद जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी।

इस अवसर पर इजराइल के पर्यावरण संरक्षण मंत्रालय के महानिदेशक रामी रोजेन, इजराइल में भारत के राजदूत जेपी सिंह और बनेई शिमोन क्षेत्रीय परिषद के प्रमुख निर ज़मीर उपस्थित रहे। तीनों ने भारत और इजराइल की पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

राजदूत जेपी सिंह ने कहा, ‘‘तू बिश्वात और ‘एक पेड़ मां के नाम’ दोनों ही पहलें पेड़ों को सामुदायिक सहभागिता और सतत जीवनशैली के केंद्र में रखती हैं। ये साझा परंपराएं भारत और इज़राइल के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों और लोगों के बीच मजबूत रिश्तों को दर्शाती हैं तथा यह रेखांकित करती हैं कि हमारे दोनों देश प्रकृति, समुदाय और साझा मूल्यों को कितना महत्व देते हैं।’’

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ये पेड़ भारत-इजराइल मित्रता के स्थायी प्रतीक बनेंगे और इस संबंध को आने वाली पीढ़ियों तक आगे बढ़ाएंगे।

सम्मानित अतिथियों ने भारत-इजराइल की मजबूत रणनीतिक साझेदारी का उल्लेख करते हुए वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों की धरती माता की रक्षा की सामूहिक जिम्मेदारी पर बल दिया।

रामी रोजेन ने कहा, ‘‘आज का आयोजन इजराइल और भारत के घनिष्ठ संबंधों का प्रतीक है। दोनों देश विशेष रूप से जलवायु और पर्यावरण के क्षेत्र में सहयोग कर रहे हैं। नवाचार की साझा आकांक्षा के साथ-साथ हम यह भी मानते हैं कि प्रकृति की रक्षा करना जीवन की रक्षा का अभिन्न हिस्सा है।’’

मोशाव नेवातिम की स्थापना कोच्चि से आए भारतीय यहूदियों ने की थी और आज भी यहां उनकी विरासत जीवित है, जिसमें पारंपरिक कोचीन शैली में बना एक आराधनालय शामिल है। यहां भारत यहूदी विरासत केंद्र भी स्थित है, जो भारत के यहूदियों की परंपराओं और मूल्यों को संजोए हुए है।

शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 119 पैसे चढ़ा

रुपया खुला

मुंबई, तीन फरवरी (भाषा) भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने की खबर के बाद मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 119 पैसे की जोरदार बढ़त के साथ 90.30 पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी शुल्क में कटौती से पूरी तस्वीर बदल गई है। इससे दुनिया के सामने भारत की स्थिति मजबूत हुई है और भारतीय बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की वापसी के दरवाजे खुल गए हैं।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.30 पर खुला, जो पिछले बंद स्तर 91.49 के मुकाबले 119 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 प्रतिशत गिरकर 97.43 पर था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66.03 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

आत्मविश्वास से सब कुछ संभव है: प्रधानमंत्री मोदी

मोदी विकसित भारत

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि आत्मविश्वास वह बल है जिससे सब कुछ संभव है और विकसित भारत के सपने को साकार करने में यही शक्ति काम आएगी।

मोदी ने यह टिप्पणी अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनने के कुछ घंटों बाद की है। इस समझौते के तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आत्मविश्वास वह शक्ति है जिसके बल पर सब कुछ संभव है। विकसित भारत के सपने को साकार करने में देशवासियों की यही शक्ति बहुत काम आने वाली है।’’

मोदी ने संस्कृत का यह श्लोक भी साझा किया- ‘‘श्रीर्मङ्गलात् प्रभवति प्रागल्भ्यात् सम्प्रवर्धते। दाक्ष्यात् तु कुरुते मूलं संयमात् प्रतितिष्ठत।’’

उन्होंने इस श्लोक का अर्थ समझाते हुए लिखा, ‘‘शुभ कार्यों से धन अर्जित होता है। यह साहस और आत्मविश्वास से बढ़ता है, कुशलता एवं दक्षता से स्थिर रहता है और संयम द्वारा सुरक्षित होकर राष्ट्र की प्रगति में सहायक बनता है।’’

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से सेंसेक्स 3,656.74 अंक उछला, निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब

शेयर खुला

मुंबई, तीन फरवरी (भाषा) भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने के बाद मंगलवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त तेजी देखी गई। इस समझौते के तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा।

शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 3,656.74 अंक चढ़कर 85,323.20 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 1,219.65 अंक की बढ़त के साथ 26,308.05 पर पहुंच गया।

बाद में दोनों सूचकांकों ने अपनी बढ़त को आगे बढ़ाया। सेंसेक्स 4,205.27 अंक या 5.14 प्रतिशत बढ़कर 85,871.73 पर पहुंच गया। खबर लिखे जाने तक निफ्टी भी 1,252.8 अंक या 4.99 प्रतिशत की छलांग लगाकर 26,341.20 पर था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद कहा कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।

सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इटरनल, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 3.7 से 7.2 प्रतिशत के दायरे में भारी तेजी देखी गई। दूसरी ओर आईटीसी बड़ी कंपनियों के समूह में एकमात्र पिछड़ने वाला शेयर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,446.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत गिरकर 65.96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

अमेरिका ने भारत को दी बड़ी राहत: भारतीय सामानों पर टैरिफ 25% से घटाकर 18% किया

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ एक नए व्यापार समझौते की घोषणा की है, जिसके तहत भारतीय सामानों पर टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इस फैसले से पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात भी की।

टैरिफ में कमी की जानकारी: गौरतलब है कि पिछले साल अमेरिका ने भारत पर 25 प्रतिशत का ‘रेसिप्रोकल टैरिफ’ लगाया था। इसके अलावा रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से भारत पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ भी लगाया गया था, जिससे कुल टैरिफ 50 प्रतिशत तक पहुंच गया था। मौजूदा घोषणा के अनुसार, 25 प्रतिशत का रेसिप्रोकल टैरिफ अब 18 प्रतिशत हो गया है।

रूसी तेल पर शर्त: व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने साफ किया है कि अमेरिका रूसी तेल खरीदने की वजह से लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ को भी हटा सकता है। हालांकि, इसके लिए शर्त यह रखी गई है कि भारत को रूस से कच्चा तेल खरीदना पूरी तरह से बंद करना होगा। भारत की तेल खरीद में कमी को देखते हुए US इस राहत पर विचार कर रहा है।

दूसरे देशों से तुलना नए रेट लागू होने के बाद, भारत अब चीन, पाकिस्तान और कई दूसरे देशों से कम टैरिफ देगा। US ने अलग-अलग देशों पर जो टैरिफ लगाए हैं, वे इस तरह हैं:

भारत: 18 परसेंट (पहले 25%)।

पाकिस्तान: 19 परसेंट।

बांग्लादेश: 20 परसेंट।

चीन: 37 परसेंट।

ब्राज़ील: 50 परसेंट।

दूसरी तरफ, US अपने सबसे करीबी देशों जैसे यूनाइटेड किंगडम (10%), जापान (15%) और साउथ कोरिया (15%) से कम टैरिफ ले रहा है।

बलिया में महिला ने आत्महत्या की, पति एवं सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज

उप्र महिला आत्महत्या

बलिया (उप्र) तीन फरवरी (भाषा) बलिया जिले के एक गांव में एक महिला ने अपने ससुराल वालों की कथित प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि महिला ने बांसडीह थाना क्षेत्र के टोलापुर बाजार सुल्तानपुर गांव स्थित अपने घर में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।

मृत महिला के भाई गोविंदा सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के पति और उसके परिवार के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बहन रिंकू सिंह की शादी टोलापुर बाजार सुल्तानपुर गांव के चंदन सिंह के साथ 10 साल पहले हुई थी और शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे अपशब्द कहते थे और उसके साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करते थे।

पुलिस ने शिकायतकर्ता के हवाले से बताया कि रिंकू (32) ने इस कथित प्रताड़ना से तंग आकर रविवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों ने बाद में शव को कथित रूप से ठिकाने लगाने के लिए उसे सरयू नदी में प्रवाहित कर दिया।

थाना प्रभारी प्रवीन कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में गोविंदा सिंह की तहरीर पर रिंकू के पति चंदन सिंह, ससुर विजय शंकर सिंह, सास कालपति देवी, ननद रेखा देवी एवं रूबी सिंह और कुछ अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) एवं 238 बी (अपराधी को बचाने के लिए सबूत मिटाना) के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

मणिपुर में हथियार और विस्फोटक जब्त, दो उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर विस्फोट

इंफाल, तीन फरवरी (भाषा) मणिपुर के दो जिलों में अलग-अलग घटनाओं में सुरक्षा बलों ने हथियार और विस्फोटक बरामद कर दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

हथियार और विस्फोटक के ये जखीरे तेंगनोपाल जिले के बोंगमोल तथा एसएल ज़ौगम गांवों के पास पाए गए।

पुलिस ने बताया कि एक मैगजीन सहित एक एके-47 राइफल, दो पिस्तौल, दो सिंगल-बैरल राइफल, 11 कारतूस, तीन रेडियो सेट और आईईडी के तार बरामद किए गए।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा बलों ने बरामदगी के बाद घटनास्थल पर ही 18 आईईडी को ‘सुरक्षित रूप से निष्क्रिय’ कर दिया।

बयान में बताया गया है कि इंफाल पश्चिम जिले में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक कार्यकर्ता को सोमवार को लैम्बल अवांग लेइकाई स्थित उसके आवास से पकड़ लिया गया।

कांगलेई यावोल कन्ना लुप के एक अन्य सदस्य को रविवार को मयांग इंफाल में गिरफ्तार किया गया।

मणिपुर में तीन मई 2023 से मेइती और कुकी जो समुदायों के बीच जातीय हिंसा जारी है और इस हिंसा में अब तक 260 लोग मारे गए हैं जबकि हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

राज्य में पिछले साल फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है।