ब्रेकिंग न्यूज़
अभिषेक पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती, नामीबिया के खिलाफ खेलना संदिग्ध

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसके कारण उनका नामीबिया के खिलाफ बृहस्पतिवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप क्रिकेट मैच में खेलना संदिग्ध है।

यह विस्फोटक सलामी बल्लेबाज पिछले दो दिन से यहां अस्पताल में भर्ती है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने कहा, ‘‘अभिषेक को पेट में संक्रमण के कारण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समस्या का पता लगाने के लिए कुछ जांच की जा रही हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें अस्पताल से आज छुट्टी मिलेगी या नहीं लेकिन उनके नामीबिया के खिलाफ मैच खेलने पर फिलहाल संशय बना हुआ है।’’

अभिषेक अमेरिका के खिलाफ शनिवार को मुंबई में खेले गए पहले मैच में पहली गेंद पर आउट हो गए थे और इसके बाद उन्होंने इस मैच में आगे हिस्सा नहीं लिया था। उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी।

भारत की प्राथमिकता नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं है, बल्कि 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मैच है, जहां पिच थोड़ी अलग होगी। पाकिस्तान ने अभी तक अपने दोनों मैच जीते हैं।

पेट के संक्रमण से दमखम और सहनशक्ति पर असर पड़ता है और यह देखना बाकी है कि क्या अभिषेक शुक्रवार को यात्रा करने, शनिवार को अभ्यास करने और रविवार को मैदान में उतरने की स्थिति में होंगे।

सैमसन ने मंगलवार को यहां नेट पर बल्लेबाजी की और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के साथ काफी समय बिताया, जो इस बात का संकेत है कि टीम प्रबंधन अभिषेक के पूरी तरह से फिट न होने की स्थिति में अपने विकल्प तैयार रख रहा है।

भारतीय टीम प्रबंधन को हालांकि 25 वर्षीय अभिषेक के 15 फरवरी तक पूरी तरह फिट होने की उम्मीद है।

अभिषेक रविवार को मुख्य कोच गौतम गंभीर के घर पर आयोजित रात्रिभोज में शामिल हुए थे लेकिन वह अपने बाकी साथियों से काफी पहले ही वहां से चले गए थे।

ठाणे में विदेश में नौकरी के नाम पर 21 लोगों से 15.34 लाख रूपये की ठगी, चार लोगों पर मामला दर्ज

ठाणे, 11 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में विदेश में नौकरी दिलाने के बहाने काम की तलाश कर रहे कम से कम 21 लोगों से 15.34 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में एक निजी कंपनी का मालिक भी शामिल है, जिन्होंने पीड़ितों को विदेश में नौकरी दिलाने का वादा कर उनसे पैसे वसूले।

उन्होंने बताया कि हाल में एक व्यक्ति ने भिवंडी शहर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई कि संजयकुमार रतनकुमार और उसके सहयोगी अयान तथा दो अज्ञात महिलाओं ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे और कई अन्य लोगों को ठगा।

अधिकारी ने बताया, ‘‘शिकायतकर्ता को कुवैत के मरीना मॉल में सहायक की नौकरी का फर्जी अनुबंध दिखाया गया और एक जाली वीजा भी दिया गया।’’

पुलिस के अनुसार, विभिन्न देशों में रोजगार का आश्वासन देकर कम से कम 21 लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई।

अधिकारी ने कहा, ‘‘इस धोखाधड़ी में कुल 15,34,000 रुपये की राशि शामिल है।’’

उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

PUNJAB: होटल में दिल दहला देने वाली वारदात: प्रेमी ने गला रेतकर की प्रेमिका की हत्या, खाना लाने का बहाना बनाकर हुआ फरार

पंजाब डेस्क : पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में मलोट रोड पर स्थित एक होटल में मंगलवार को एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। एक युवक ने होटल के कमरे में अपनी प्रेमिका की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद बड़े ही शातिराना अंदाज में वहां से फरार हो गया।

वारदात का खौफनाक मंजर: होटल स्टाफ के अनुसार, जब उन्होंने शाम करीब 7 बजे मास्टर चाबी से कमरा खोला, तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। 18 वर्षीय युवती की लाश खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। मृतका का गला किसी तेजधार हथियार से इस कदर रेता गया था कि गर्दन का केवल कुछ ही हिस्सा धड़ से जुड़ा बचा था। मृतका की आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी और वह अर्धनग्न अवस्था में मिली। पूरे कमरे के फर्श पर खून फैला हुआ था।

बहाने से फरार हुआ आरोपी: पुलिस जांच में सामने आया कि युवती मंगलवार शाम करीब 5 बजे अपने प्रेमी के साथ होटल पहुंची थी। करीब आधे घंटे बाद यानी 5:30 बजे, आरोपी युवक ‘ज़ोमैटो’ से खाना मंगवाने का बहाना बनाकर कमरे से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। होटल स्टाफ को शक तब हुआ जब शाम 7 बजे तक कमरे में कोई हलचल नहीं हुई।

मृतका की पहचान और पृष्ठभूमि: मृतका की पहचान आरती (18) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर की रहने वाली थी। उसके पिता पिछले 20 सालों से अबोहर की एक गौशाला में काम करते हैं। परिजनों के अनुसार, आरती पिछले 6 महीनों से सचिन (22) नाम के युवक के संपर्क में थी, जो कुई खेड़ा गांव का रहने वाला है। परिजनों ने बताया कि आरती की उम्र 17 साल थी, जबकि पुलिस उम्र के दस्तावेजों की जांच कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस स्टेशन-1 की टीम और एसएचओ हरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने होटल को सील कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज व होटल के रिकॉर्ड को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी सचिन की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या होटल ने नाबालिग को कमरा देकर नियमों का उल्लंघन किया है।

कनाडा के स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग: हमलावर समेत 10 की मौत, 24 घायल; पूरे इलाके में दहशत

इंटरनेशनल डेस्क : पश्चिमी कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार दोपहर हुई एक भीषण गोलीबारी की घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में 24 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

घटना का विवरण और पुलिस कार्रवाई: रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के अनुसार, उन्हें मंगलवार दोपहर करीब 1:20 बजे स्कूल में एक ‘एक्टिव शूटर’ होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत स्कूल के भीतर प्रवेश कर खतरे को बेअसर करने की कोशिश की, जहाँ उन्हें कई पीड़ित मृत अवस्था में मिले।

हमलावर की मौत और जांच: पुलिस ने जानकारी दी है कि संदिग्ध हमलावर भी स्कूल के भीतर मृत पाया गया। शुरुआती जांच के अनुसार, हमलावर की मौत आत्म-घातक चोट (Self-inflicted injury) के कारण हुई लगती है। स्कूल के भीतर हमलावर के अलावा छह और लोग मृत मिले, जबकि एक पीड़ित ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

घर में मिले अन्य शव: जांच के दौरान पुलिस को इस घटना से जुड़े एक घर में दो और पीड़ित मृत मिले हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को एयर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुँचाया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में लॉकडाउन लगा दिया गया था और निवासियों को घरों में रहने की सलाह दी गई थी, जिसे शाम करीब 5:45 बजे स्थिति नियंत्रण में होने के बाद हटा लिया गया। पुलिस का मानना है कि अब जनता के लिए कोई खतरा नहीं है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

सरकार का बड़ा एक्शन: 3 घंटे में हटाना होगा Deepfake और AI कंटेंट, सोशल मीडिया के लिए जारी हुए नए नियम

नेशनल डेस्क : भारत सरकार ने डीपफेक (Deepfake) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार भ्रामक सामग्री पर नकेल कसने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 (IT Rules, 2021) में महत्वपूर्ण संशोधन अधिसूचित किए हैं। नए नियमों के अनुसार, सोशल मीडिया कंपनियों को अब सरकारी या अदालती आदेश मिलने के मात्र 3 घंटे के भीतर विवादित एआई कंटेंट को अपने प्लेटफॉर्म से हटाना होगा।

नियमों के मुख्य प्रावधान:

  • समय सीमा में बड़ी कटौती: पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के पास ऐसे आदेशों पर कार्रवाई करने के लिए 36 घंटे का समय होता था, जिसे अब घटाकर मात्र 3 घंटे कर दिया गया है।
  • अनिवार्य लेबलिंग: एआई द्वारा तैयार की गई सामग्री के लिए स्पष्ट और प्रमुख लेबलिंग अनिवार्य कर दी गई है। जहाँ तकनीकी रूप से संभव हो, इसे स्थायी मेटाडेटा या पहचानकर्ताओं के साथ जोड़ा जाना चाहिए।
  • लेबल हटाने पर रोक: एक बार एआई लेबल लग जाने के बाद, प्लेटफॉर्म्स को उसे छिपाने या हटाने की अनुमति नहीं होगी।
  • लागू होने की तिथि: ये संशोधित नियम 20 फरवरी, 2026 से प्रभावी होंगे।

किसे मिलेगी छूट? इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अनुसार, सामान्य एडिटिंग (संशोधन), सामग्री को बेहतर बनाने और नेक नीयत से किए गए शैक्षिक या डिजाइन कार्यों को फिलहाल इन सख्त नियमों के दायरे से बाहर रखा गया है।

शिकायत निवारण: नए नियमों के तहत यूजर्स की शिकायतों के निपटारे की समय सीमा को भी कम कर दिया गया है, ताकि भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को तुरंत रोका जा सके। एआई कंटेंट को अब सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के तहत अन्य सूचनाओं के समान ही माना जाएगा और गैरकानूनी कार्यों के लिए जवाबदेही तय की जाएगी।


बांग्लादेश चुनाव कल: 50% से अधिक मतदान केंद्र ‘रिस्की’ घोषित; सुरक्षा के लिए सेना, CCTV और बॉडी कैमरों का कड़ा पहरा

इंटरनेशनल डेस्क : बांग्लादेश में कल, गुरुवार (12 फरवरी) को आम चुनाव होने जा रहे हैं, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं। छात्र विद्रोह के बाद शेख हसीना की सरकार गिरने और लगभग डेढ़ साल के अंतराल के बाद हो रहे इन चुनावों के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।

भारी संख्या में ‘जोखिम वाले’ केंद्र: चुनाव अधिकारियों के अनुसार, देश भर के करीब 43,000 पोलिंग सेंटर्स में से 24,000 केंद्र (50% से अधिक) ज्यादा या मध्यम रिस्क वाले पाए गए हैं। राजधानी ढाका की स्थिति और भी संवेदनशील है, जहाँ 2,131 केंद्रों में से 1,614 सेंटर ‘रिस्की’ श्रेणी में रखे गए हैं। चुनाव आयुक्त अबुल फजल मोहम्मद सनाउल्लाह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था स्थानीय स्तर की संवेदनशीलता के आधार पर की गई है।

टेक्नोलॉजी और कड़ा पहरा: सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए इस बार बड़े पैमाने पर आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है:जोखिम वाले 90% केंद्रों की निगरानी CCTV कैमरों के जरिए की जाएगी।रा

जधानी ढाका में तैनात पुलिसकर्मी पहली बार बॉडी-वॉर्न कैमरों (Body-worn cameras) का इस्तेमाल करेंगे।शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों और सेना की तैनाती की गई है।

मुख्य मुकाबला और राजनीतिक समीकरण: इस बार चुनाव का मुकाबला मुख्य रूप से बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच माना जा रहा है। मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर चुनाव लड़ने से रोक लगा दी है。चुनाव पूर्व सर्वे में BNP को सबसे आगे बताया जा रहा है और उनके चेयरमैन तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं।

मतदाताओं का आंकड़ा: इन चुनावों में कुल 12,77,00,597 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें से करीब 3.58 प्रतिशत युवा हैं जो पहली बार वोट डालेंगे। अधिकारियों का मानना है कि यह देश के इतिहास का सबसे बड़ा चुनाव होगा।

T20 वर्ल्ड कप 2026: टीम इंडिया को बड़ा झटका, स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती; नामीबिया के खिलाफ मैच से बाहर!

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ होने वाले भारत के दूसरे मैच से पहले टीम इंडिया के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। टीम के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारत को अपना अगला मैच 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलना है, लेकिन अब अभिषेक का इस मैच में खेलना नामुमकिन माना जा रहा है।

पेट में संक्रमण और बिगड़ती सेहत: अभिषेक शर्मा को पेट में इंफेक्शन (Stomach Infection) की शिकायत है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले 24 घंटों में उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ी है। हालांकि टीम के असिस्टेंट कोच रेयान डेस काटे ने उम्मीद जताई थी कि वे अगले दो दिनों में मैदान पर वापसी करेंगे, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह मुश्किल लग रहा है।

USA के खिलाफ मैच से ही थे बीमार: अभिषेक की तबीयत 7 फरवरी को USA के खिलाफ खेले गए पहले मैच के दौरान ही खराब थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने तेज बुखार होने के बावजूद वह मैच खेला था, जहां वे बिना खाता खोले (गोल्डन डक) आउट हो गए थे। उस मैच के बाद वे न तो डगआउट में दिखे और न ही मैच के बाद हाथ मिलाने के लिए मैदान पर आए थे, उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी।

गौतम गंभीर की चिंता और विकल्प: 8 फरवरी को दिल्ली में मुख्य कोच गौतम गंभीर की डिनर पार्टी में भी अभिषेक की सेहत ठीक नहीं लग रही थी, जिसे देख गंभीर काफी चिंतित नजर आए थे। 10 फरवरी को हुए अभ्यास सत्र में भी अभिषेक अनुपस्थित रहे, जबकि संजू सैमसन ने जमकर पसीना बहाया है। इससे यह संकेत मिलता है कि नामीबिया के खिलाफ मैच में अभिषेक की जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है।