ब्रेकिंग न्यूज़
नरवणे के ‘संस्मरण’ की प्रति लेकर संसद पहुंचे राहुल, प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

राहुल पुस्तक 

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण की एक प्रति लेकर संसद पहुंचे और इसके एक अंश का हवाला देते हुए दावा किया कि जब चीन के टैंक भारत की सीमा की तरफ बढ़ रहे थे, उस वक्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन नहीं किया था।

उनका कहना था कि यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदन में आते हैं तो वह यह पुस्तक उन्हें भेंट करेंगे।

उन्होंने संवाददाताओं को पुस्तक दिखाते हुए कहा, ‘‘वे (सरकार) कहते हैं कि यह किताब अस्तित्व में नहीं है, लेकिन यह रही किताब। भारत के हर युवा को यह देखना चाहिए कि यह किताब मौजूद है। यह नरवणे जी की किताब है,, लेकिन मुझे कहा गया है कि मैं इसके अंश उद्धृत नहीं कर सकता।’’

राहुल गांधी ने दावा किया कि इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कही एक लाइन है कि ‘‘जो उचित समझो, वो करो।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘नरवणे जी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी को फोन कर बताया कि सीमा पर चीन के टैंक आ गए हैं, हमें क्या करना है? लेकिन तब राजनाथ सिंह जी का कोई उत्तर नहीं आया। नरवणे जी ने उन्हें फिर फोन किया, जिस पर रक्षा मंत्री ने कहा- मैं ‘ऊपर’ से पूछता हूं। ‘ऊपर’ से आदेश आया कि जब चीन की सेना हमारी सीमा के अंदर आए तो बिना हमसे पूछे फायर नहीं करें।’’

उनका कहना था, ‘‘हमारी सेना चीन के टैंकों पर हमला करना चाहती थी, क्योंकि वो भारत की सीमा में घुस आए थे। लेकिन इस मुश्किल समय में नरेन्द्र मोदी जी ने संदेश दिया- “जो उचित समझो, वो करो।’’ मतलब प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की और सेना से कहा कि आपको जो करना है करो, मेरे बस की नहीं है।’’

राहुल गांधी के मुताबिक, तत्कालीन सेना प्रमुख नरवणे ने अपनी किताब में साफ लिखा है, ‘‘मुझे बहुत अकेलापन महसूस हुआ, पूरे सिस्टम ने मुझे छोड़ दिया था।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘मुझे नहीं लगता कि प्रधानमंत्री में आज लोकसभा में आने की हिम्मत है क्योंकि अगर वह आते हैं, तो मैं खुद जाकर उन्हें यह किताब दूंगा।’’

राहुल गांधी निचले सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान इस संस्मरण के कुछ अंश उद्धृत करना चाहते थे, लेकिन आसन से इसकी अनुमति नहीं मिली। इसे लेकर बीते सोमवार से लोकसभा में गतिरोध बना हुआ है।

निलंबित सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया

संसद निलंबन प्रदर्शन

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) संसद के वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किये गये लोकसभा के आठ सदस्यों ने बुधवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया।

इन सांसदों ने संसद के मकर द्वार के निकट सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। इन सांसदों ने हाथ में एक बड़ा बैनर ले रखा था जिस पर “पीएम इज कंप्रोमाइज्ड” लिखा हुआ था।

सदन में आसन की ओर कागज फेंकने के कारण मंगलवार को विपक्ष के आठ सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया।

निलंबित सांसदों में कांग्रेस के मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एस. वेंकटेशन शामिल हैं।

स्पेन में सोशल मीडिया पर बड़ी कार्रवाई: 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए फेसबुक-इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप बैन

इंटरनेशनल डेस्क : ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और डेनमार्क के बाद अब स्पेन ने भी बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। स्पेन की सरकार ने देश में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है,। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित दुबई शिखर सम्मेलन के दौरान इस ऐतिहासिक फैसले की घोषणा की।

अश्लील कंटेंट और डीपफेक से सुरक्षा की वजह: प्रधानमंत्री सांचेज ने बताया कि उनकी सरकार जल्द ही इस प्रतिबंध का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर देगी। इस फैसले के पीछे का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को अश्लील और भड़काऊ ऑनलाइन कंटेंट, बाल यौन शोषण, डीपफेक तस्वीरों और वीडियो के दुष्प्रभावों से बचाना है,। उन्होंने टेक कंपनियों की आलोचना करते हुए कहा कि कंपनियां मुनाफा कमाने के लिए इन घातक सामग्रियों को प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने दे रही हैं और मूकदर्शक बनी हुई हैं।

सामाजिक मूल्यों का पतन और अकेलापन: सरकार का तर्क है कि सोशल मीडिया के कारण बच्चे अकेले जीवन जीने लगे हैं और उनमें सामाजिक, नैतिक और व्यवहारिक मूल्यों की कमी आ रही है,। सांचेज ने चेतावनी दी कि यदि इसे नहीं रोका गया, तो यह देश के विकास के बजाय पतन का कारण बनेगा,। स्पेन के इस फैसले को वहां के विपक्ष ने भी पूरा समर्थन दिया है।

इन देशों में पहले से है बैन: स्पेन ऐसा करने वाला पहला देश नहीं है। ऑस्ट्रेलिया 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन करने वाला दुनिया का पहला देश बना था,। इसके अलावा डेनमार्क और फ्रांस ने भी 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।

भारत की स्थिति :भारत में भी पिछले कुछ समय से बच्चों के लिए सोशल मीडिया को प्रतिबंधित करने की मांग उठ रही है,। हाल ही में मद्रास हाई कोर्ट ने भी केंद्र सरकार से इस बारे में विचार करने को कहा था,। फिलहाल ब्रिटेन और भारत में इस मुद्दे पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई कानून नहीं बना है।

शाहजहांपुर में टीबी मरीज ने अस्पताल की बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या की

उप्र मरीज आत्महत्या  

शाहजहांपुर (उप्र), चार फरवरी (भाषा) शाहजहांपुर जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज में टीबी का इलाज करा रहे 25 साल के एक युवक ने बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी पुलिस ने दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) पंकज पंत ने बताया कि सीतापुर जिले के महोली का रहने वाला अनुज कोतवाली पुलिस थानाक्षेत्र के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती था और पिछले 11 दिनों से टीबी वार्ड में उसका उपचार किया जा रहा था।

पंत के मुताबिक, मरीज की हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसके परिवार वाले उसे इलाज के लिए शाहजहांपुर लाए थे।

परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार आधी रात के आसपास, अनुज चुपके से वार्ड से बाहर निकल गया और अस्पताल की इमारत की दूसरी मंजिल से कूद गया।

अधिकारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।

सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार वापसी: ऐतिहासिक गिरावट के बाद लगातार दूसरे दिन बढ़े दाम, चांदी ₹24,000 महंगी

नई दिल्ली: बजट 2026 के बाद सर्राफा बाजार में आई ऐतिहासिक गिरावट के सिलसिले पर अब ब्रेक लग गया है और कीमतों में शानदार रिकवरी देखी जा रही है,। बुधवार, 4 फरवरी 2026 को लगातार दूसरे दिन सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, यह सुधार 31 जनवरी से 2 फरवरी तक चली तीन दिनों की भारी गिरावट के बाद आया है।

दिल्ली सर्राफा बाजार का हाल: मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में 24,000 रुपये (9.23 प्रतिशत) का जबरदस्त उछाल आया, जिसके बाद चांदी 2,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई। इससे पहले सोमवार को चांदी में 52,000 रुपये की भारी गिरावट देखी गई थी और यह 2,60,000 रुपये पर आ गई थी। सोने की कीमतों में भी मंगलवार को 5,000 रुपये (3.3 प्रतिशत) की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे इसके दाम 1,57,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी उछाल :अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बुधवार को सोने-चांदी के भाव में तेजी बनी रही। सोने का भाव 2.35 प्रतिशत (116.24 डॉलर) की तेजी के साथ 5054.75 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। बुधवार को कारोबार के दौरान सोने ने 5065.31 डॉलर और चांदी ने 88.24 डॉलर का इंट्राडे हाई छुआ।

ऐतिहासिक उतार-चढ़ाव का दौर: बाजार में इन दिनों भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। गौर करने वाली बात यह है कि 29 जनवरी को चांदी 4,04,500 रुपये और सोना 1,83,000 रुपये के अपने लाइफटाइम हाई (ऑल-टाइम हाई) पर थे,।

वहां से तीन दिनों के भीतर चांदी करीब 36 प्रतिशत और सोना लगभग 17 प्रतिशत तक गिर गया था,। गिरावट के इस दौर में सोने की तुलना में चांदी के भाव दोगुने से भी ज्यादा नीचे गिरे थे।

U19 वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी रच सकते हैं इतिहास, बाबर आजम और अजीजुल हकीम के रिकॉर्ड निशाने पर

स्पोर्ट्स डेस्क : अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत का सामना अफगानिस्तान से होने जा रहा है। यह मुकाबला भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकता है। उनके पास न केवल एक्टिव प्लेयर्स की लिस्ट में नंबर 1 बनने का मौका है, बल्कि वह पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी बाबर आजम का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं।

नंबर 1 एक्टिव प्लेयर बनने के लिए ‘मिशन 93‘ : अंडर-19 वनडे में फिलहाल एक्टिव प्लेयर्स में सबसे ज्यादा रन बांग्लादेश के अजीजुल हकीम (1261 रन) के नाम हैं। वैभव सूर्यवंशी अब तक 23 मैचों की 23 पारियों में 1169 रन बना चुके हैं और वह इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। चूंकि बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, इसलिए वैभव को हकीम को पीछे छोड़कर नंबर 1 बनने के लिए सेमीफाइनल में केवल 93 रनों की जरूरत है।

बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 103 रनों की दरकार : अगर वैभव सूर्यवंशी अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक जड़ने में कामयाब होते हैं, तो वह बाबर आजम के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देंगे। बाबर आजम के नाम अंडर-19 वनडे में 1271 रन दर्ज हैं। वैभव को बाबर से आगे निकलने के लिए इस मैच में 103 रनों की आवश्यकता है।

इतिहास का सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट : वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी ताकत उनकी आक्रामक बल्लेबाजी है। उनका 158.18 का स्ट्राइक रेट अंडर-19 वनडे के इतिहास में किसी भी बल्लेबाज की तुलना में सबसे ज्यादा है। उनका बल्लेबाजी औसत भी शानदार 50.82 का है। हालांकि, वर्तमान टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक 5 मैचों में 39.20 की औसत से 196 रन बनाए हैं, लेकिन सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।

आबकारी मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कर्नाटक विधानसभा परिसर में विपक्ष का रातभर प्रदर्शन

कर्नाटक भाजपा हंगामा  

बेंगलुरु, चार फरवरी (भाषा) कर्नाटक में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) के विधायकों ने रातभर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और इस दौरान उन्होंने भजन, जयकारे और नारेबाजी की।

भाजपा और जद(एस) विधायक मंगलवार रात से ही आबकारी मंत्री आर बी तिम्मापुर के इस्तीफे की मांग को लेकर विधानसभा परिसर में धरना दे रहे हैं।

विपक्ष ने आबकारी विभाग में व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा है कि शराब लाइसेंस जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही है।

विपक्ष के नेता आर अशोक ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग में करीब 6,000 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि इस धन का इस्तेमाल सत्तारूढ़ कांग्रेस द्वारा चुनावी राज्यों में पार्टी को वित्तपोषित करने के लिए किया जा रहा है।

लोकायुक्त की टीम द्वारा 16 जनवरी को बेंगलुरु शहरी जिले के आबकारी उपायुक्त जगदीश नाइक और दो अन्य अधिकारियों को कथित तौर पर 25 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किए जाने से मामला और गर्मा गया है।

लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि इन अधिकारियों पर ‘सीएल-7’ (होटल एवं बोर्डिंग हाउस) और ‘माइक्रो ब्रूअरी’ लाइसेंस जारी करने के लिए 80 लाख रुपये की मांग करने का आरोप है।

विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आबकारी मंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने विभाग में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए कदम उठाए हैं। उन्होंने यह भी कहा, ‘‘मेरे विभाग में भ्रष्टाचार कोई नयी बात नहीं है।’’

तिम्मापुर ने भाजपा की इस्तीफे की मांग को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान भी किसी मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया था।

भाजपा नेताओं ने विधानसभा हॉल के बाहर सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया और बाद में पूरी रात विधानसभा परिसर में ही रहे।

इस दौरान विधायक डफली बजाते हुए तिम्मापुर के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘श्री राम, जय राम, जय जय राम’ के नारे भी गाए।

विपक्षी विधायकों ने भविष्य की रणनीति तय करने के लिए बैठक भी की।

शिकारीपुरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र समेत कुछ विधायकों ने बुधवार सुबह विधान सौध परिसर में व्यायाम किया और सैर करते नजर आए।

भाजपा विधायकों ने कहा है कि जब तक तिम्मापुर इस्तीफा नहीं देते, तब तक वे विधानसभा के भीतर अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

दिल दहला देने वाली घटना: ऑनलाइन गेम की लत में 3 सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर की जीवनलीला समाप्त

नैशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित टीला मोड़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने बुधवार, 4 फरवरी 2026 की रात करीब 2 बजे 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, तीनों बहनें सोसायटी के टावर B-1 के फ्लैट नंबर 907 में रहती थीं।

ऑनलाइन गेमिंग की लत बनी मौत का कारण : शुरुआती जांच और मौके से बरामद सुसाइड नोट से पता चला है कि इन लड़कियों ने मोबाइल गेमिंग ऐप के कारण यह आत्मघाती कदम उठाया। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड ‘कोरियन लवर’ (Korean Lover) गेम खेला करती थीं और उसकी आदी हो चुकी थीं।

—घटना का विवरण—

मृतकों की पहचान: निशिका (16 साल), प्राची (14 साल) और पाखी (12 साल) के रूप में हुई है, जो चेतन कुमार की बेटियाँ थीं।कैसे हुई घटना: रात 2 बजे जब परिवार सो रहा था, तब लड़कियों ने प्लास्टिक की कुर्सी का सहारा लेकर 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बैकग्राउंड: बताया गया है कि इन बहनों को कोविड-19 (COVID-19) महामारी के दौरान ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई थी। वे सब कुछ एक साथ करती थीं—नहाना, खाना और सोना—और यहाँ तक कि वे नियमित रूप से स्कूल भी नहीं जा रही थीं।

पुलिस की कार्रवाई: पुलिस के अनुसार, लड़कियों का परिवार उनकी गेम खेलने की लत के खिलाफ था और अक्सर उन्हें मना करता था। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट की गहनता से जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के सटीक कारणों और गेम के टास्क की प्रकृति का पता लगाया जा सके।

पीएसएल में खेलेंगे विश्व कप की टीम से बाहर किए गए स्टीव स्मिथ

खेल स्मिथ 

मेलबर्न, चार फरवरी (भाषा) शानदार फॉर्म के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप टीम से बाहर किए गए अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में खेलने का फैसला किया है और इसके लिए उन्होंने नई फ्रेंचाइजी सियालकोट स्टैलियन्ज के साथ करार किया है।

एशेज में शानदार प्रदर्शन करने और सिडनी सिक्सर्स के साथ बिग बैश लीग (बीबीएल) में बेहतरीन सत्र के बावजूद स्मिथ को टी20 विश्व कप के लिए नजरअंदाज कर दिया गया, जो सात फरवरी से भारत और श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा।

स्मिथ 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक खेलों में भाग लेना चाहते हैं जहां क्रिकेट की टी20 प्रारूप में वापसी होगी। इसलिए यह 36 वर्षीय खिलाड़ी टी20 प्रारूप की राष्ट्रीय टीम में वापसी करने के लिए बेताब है।

क्रिकेट डॉट कॉम एयू की एक रिपोर्ट के अनुसार स्मिथ पहले खिलाड़ी हैं जिनके साथ सियालकोट स्टैलियन्ज ने अनुबंध किया है।

स्टैलियन्ज़ ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट कप्तान टिम पेन को अपना कोच नियुक्त किया है, जबकि पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी पीएसएल की एक और नई फ्रेंचाइजी हैदराबाद किंग्समेन की टीम के मुख्य कोच का पद संभालेंगे।

शरणार्थियों को ले जा रही नौका और तटरक्षक पोत की टक्कर में 14 लोगों की मौत

यूनान नौका टक्कर 

एथेंस, चार फरवरी (एपी) यूनान के चिओस द्वीप के पास शरणार्थियों को ले जा रही एक नौका और यूनान तटरक्षक बल के एक गश्ती पोत के बीच हुई टक्कर में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। तटरक्षक बल ने मंगलवार देर रात यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, लापता लोगों की तलाश के लिए व्यापक खोज एवं बचाव अभियान जारी है, जिसमें गश्ती नौकाएं, एक हेलीकॉप्टर और गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है।

तटरक्षक बल ने बताया कि हादसे के बाद लगभग 11 बच्चों सहित 25 अन्य शरणार्थियों को सुरक्षित बचाकर चिओस द्वीप के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में घायल हुए यूनान तटरक्षक बल के दो अधिकारियों को भी अस्पताल ले जाया गया है।

तटरक्षक बल के अनुसार, अब तक 14 शव बरामद किए गए हैं जिनमें 11 शव पुरुषों और तीन महिलाओं के हैं।

तटरक्षक बल ने यह भी बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शरणार्थियों को ले जा रही नौका पर कुल कितने लोग सवार थे। लापता यात्रियों की तलाश में चार गश्ती जहाजों, वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर और गोताखोरों की मदद ली जा रही है।

तटरक्षक बल ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टक्कर वास्तव में कैसे हुई, न ही मृतकों की पहचान या नौका पर सवार अन्य यात्रियों के बारे में कोई विस्तृत जानकारी तत्काल उपलब्ध हो सकी है।

यूनान के सरकारी अस्पताल कर्मचारियों के संघ के प्रमुख मिखालिस जियानाकोस ने कहा कि चिओस के अस्पताल में अचानक बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने के मद्देनजर सभी कर्मचारी अलर्ट पर हैं।

पश्चिम एशिया, अफ्रीका और एशिया में संघर्ष और गरीबी से बचकर लोग यूनान के रास्ते यूरोपीय संघ के देशों में जाने की कोशिश करते हैं और अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।