ब्रेकिंग न्यूज़
प्रेमिका का अश्लील वीडियो बनाकर दोस्तों के साथ संबंध बनाने को कहा
  • इंकार किया तो सुनसान जगह ले जाकर कर दिया दिया घटना को अंजाम

नेशनल डेस्क (सत्ता संदेश)-सोशल मीडिया पर उपजी एक दोस्ती किस कदर खौफनाक मोड़ ले सकती है, इसकी एक दिल दहला देने वाली घटना नालंदा से सामने आई है। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक युवती को उसके ही प्रेमी ने ब्लैकमेलिंग के जाल में फंसाकर दरिंदगी का शिकार बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर प्रेमी और उसके साथियों ने युवती पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। पीडि़ता रजौली थाना क्षेत्र की रहने वाली है। करीब आठ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान अकबरपुर के देवरा गांव निवासी छोटू यादव से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। युवती के अनुसार, 12 फरवरी को मुलाकात के दौरान आरोपी ने चुपके से उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसके जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। गत 24 फरवरी की शाम आरोपी ने झांसा देकर युवती को मिलने बुलाया और उसे नवादा स्थित एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसके अन्य साथी पहले से मौजूद थे। युवती ने आरोप लगाया कि उन सभी ने उसके साथ जबरन संबंध बनाने का प्रयास किया। जब उसने इसका पुरजोर विरोध किया, तो आक्रोशित प्रेमी और उसके साथियों ने उस पर टांगी (कुल्हाड़ी) और अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवती का दाहिना पैर दो जगहों से बुरी तरह जख्मी हो गया, हड्डियां टूट गईं और वह बेहोश हो गई। हमलावर उसे मरा हुआ समझकर सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
* पुलिस की कार्रवाई और जांच
परिजनों ने लहूलुहान अवस्था में युवती को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे पावापुरी रेफर कर दिया गया। फिलहाल पीडि़ता का इलाज चल रहा है। रजौली थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पीडि़ता और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी छोटू यादव सहित उसके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

लुधियाना में ₹18 करोड़ का बैंक लोन घोटाला: ‘मोदी सॉल्वैक्स’ और ‘एमजीएम सॉल्वैक्स’ के मालिकों पर केस दर्ज; फर्जीवाड़ा कर बैंक को लगाया चूना

पंजाब डेस्क: लुधियाना पुलिस ने एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU Small Finance Bank) के साथ हुए करोड़ों रुपये के बैंक लोन घोटाले का पर्दाफाश किया है। इस मामले में थाना नंबर 5 की पुलिस ने शहर की जानी-मानी फर्मों ‘मोदी सॉल्वैक्स’ (Modi Solvex) और ‘एमजीएम सॉल्वैक्स’ (MGM Solvex) से जुड़े आधा दर्जन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर बैंक को 18 करोड़ रुपये का चूना लगाने का आरोप है।

दो फर्मों के नाम पर लिया करोड़ों का लोन : बैंक के अधिकृत प्रतिनिधि गौरव गुप्ता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अपनी दो अलग-अलग फर्मों के नाम पर भारी-भरकम लोन लिया था। जांच में यह सामने आया कि:

–मोदी सॉल्वैक्स: इस फर्म के नाम पर आरोपियों ने 9.55 करोड़ रुपये का लोन लिया।

–एमजीएम सॉल्वैक्स: इस फर्म के नाम पर बैंक से 8.44 करोड़ रुपये की क्रेडिट सुविधा हासिल की गई।–इस लोन को प्राप्त करने के लिए आरोपियों ने अपनी तीन अचल संपत्तियां बैंक के पास गिरवी रखी थीं।

लोन हड़पने की थी सोची-समझी साजिश: बैंक का आरोप है कि आरोपियों ने लोन की राशि हड़पने की नीयत से न तो ऋण की किश्तें चुकाईं और न ही बैंक के साथ किए गए अनुबंध का पालन किया। पुलिस की गहन पड़ताल में पाया गया कि आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत बैंक को यह वित्तीय नुकसान पहुँचाया है।

–इन छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज : पुलिस ने बैंक अधिकारी के बयानों के आधार पर छह आरोपियों को नामजद किया है, जिनके नाम इस प्रकार हैं:

-आशीष मोदी

-सारिका मोदी

-अनुभव मोदी

-रोहिणी मोदी

-साहिल मोदी

-विजय कुमार मोदी

पुलिस की कार्रवाई और जांच : थाना नंबर 5 की पुलिस ने इस मामले में BNS की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला काफी समय से जांच के अधीन था। वर्तमान में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और उनके बैंक खातों तथा गिरवी रखी संपत्तियों के दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।

तीन महीने बाद प्रेमी की दरिंदगी का पर्दाफाश, जंगल में दफन था प्यार
  • मोबाइल लोकेशन के आधार पर घर से 430 कि.मी. दूर मिला शिवानी का कंकाल

नेशनल डेस्क (सत्ता संदेश)-बिहार में एक दिल दहला देने वाली मर्डर मिस्ट्री का खुलासा हुआ है। रोहतास से तीन महीने पहले लापता हुई इंटरमीडिएट की छात्रा शिवानी कुमारी की हत्या कर दी गई है। उसका शव घर से 430 किलोमीटर दूर बांका के घने जंगलों में 10 फुट गहरे गड्डे से बरामद किया गया। इस सनसनीखेज वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी प्रिंस कुमार ने अंजाम दिया, जो पेशे से वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि शिवानी और प्रिंस पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग में थे। प्रिंस के रोहतास स्थित रिश्तेदारों के माध्यम से दोनों की मुलाकात हुई थी। शिवानी लगातार प्रिंस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिसे प्रिंस टाल रहा था। छात्रा के बढ़ते दबाव से छुटकारा पाने के लिए प्रिंस ने उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। 20 नवंबर, 2025 को शिवानी पार्लर का सामान लेने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन प्रिंस उसे बहला-फुसलाकर अपनी कार में बैठाकर देवघर की ओर ले गया। रास्ते में जमुई के पास प्रिंस ने कार के अंदर ही शिवानी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय शिवानी ने अपने परिजनों को आखिरी कॉल कर बताया था कि प्रिंस उसे जबरदस्ती ले जा रहा है और उसे जान से मारने की धमकी मिल रही है। हत्या के बाद प्रिंस ने साक्ष्य मिटाने के लिए अपने पद और भौगोलिक जानकारी का फायदा उठाया। वह लाश को जमुई से 92 किलोमीटर दूर बांका के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित कोडराटारी जंगल ले गया। अपने सहयोगियों उमेश यादव और छोटू कुमार की मदद से उसने शिवानी के शव को 10 फुट गहरे गड्ढे में दफना दिया।
* मोबाइल लोकेशन और दोस्तों ने खोला राज
शिवानी के परिजनों द्वारा अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने 13 जनवरी, 2026 को प्रिंस को गिरफ्तार किया था, लेकिन वह लगातार पुलिस को गुमराह कर रहा था। पुलिस की जांच तब निर्णायक मोड़ पर पहुंची जब प्रिंस के दोस्त आदित्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जंगल में चिन्हित स्थान की खुदाई की गई, जहां से शिवानी का कंकाल बरामद हुआ।

जालंधर में डॉक्टर के घर के बाहर फायरिंग:बाइक सवार 3 बदमाशों ने 10 गोलियां चलाईं

पंजाब डेस्क: जालंधर के संतोखपुरा इलाके में देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की। बदमाशों ने घर और बाहर खड़ी कार को निशाना बनाते हुए करीब 10 गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है।

CCTV में कैद हुआ हमला : यह घटना देर रात करीब 1:40 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक बदमाश सड़क के बीच में बाइक रोकता है, जिसके बाद दूसरा युवक पहले कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाता है और फिर घर को निशाना बनाता है। एक अन्य फुटेज में एक सिख युवक भी फायरिंग करता नजर आ रहा है, जिसकी कोई वस्तु सड़क पर गिर जाती है, जिसे उठाकर वह दोबारा गोलियां चलाने लगता है।

पुलिस की कार्रवाई और फिरौती का एंगल : घटना की सूचना मिलते ही एसीपी जयंतपुरी और थाना 8 के एसएचओ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने डॉक्टर के परिवार के बयानों के आधार पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। गौर करने वाली बात यह है कि हमलावरों ने इस दौरान किसी भी तरह की फिरौती की मांग नहीं की है। स्थानीय पार्षद राजेश ठाकुर ने बताया कि उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर को दे दी है, जिन्होंने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

पुरानी रंजिश से इनकार : डॉक्टर यशपाल, जो मोगा में एक अस्पताल भी चलाते हैं, की किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से सुधारों पर अपना एजेंडा पेश करने को कहा

नेशनल डेस्क (सत्ता संदेश)-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुधारों को लेकर महत्वाकांक्षी एजेंडा सामने रखते हुए अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों से कहा है कि वे अपने-अपने मंत्रालयों में आने वाले वर्षों में किए जाने वाले सुधारात्मक कदमों पर विस्तृत नोट तैयार करें। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि यह कवायद सरकार के सुधारों पर केंद्रित ‘रिफॉर्म एक्सप्रेसÓ एजेंडा का हिस्सा है जिसके तहत प्रक्रियाओं को सरल बनाना, कारोबारी सुगमता में सुधार करना और प्रौद्योगिकी-आधारित शासन का दायरा बढ़ाना लक्ष्य है। मंत्रियों से कहा गया है कि वे यह नोट स्वयं तैयार करें और केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में उसे पेश कर अपने मंत्रालय की गतिविधियों और सुधार दृष्टिकोण की जानकारी दें। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडलीय सचिवालय ने एक निर्धारित प्रारूप प्रसारित किया है, जिसमें हरेक मंत्रालय को पिछले कुछ वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों के साथ भविष्य की सुधार पहलों का विवरण देना होगा। इस प्रारूप में यह स्पष्ट करना होगा कि सुधार कब लागू किए गए या कब प्रस्तावित हैं और उन सुधारों से क्या परिणाम अपेक्षित हैं। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया है कि हरेक मंत्रालय अपने सुधार एजेंडे को प्राथमिकता दे ताकि उसके परिणाम जमीनी स्तर पर दिखाई दें। यह समूची प्रक्रिया वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की व्यापक रूपरेखा का हिस्सा मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में पी.टी.आई.-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में कहा था कि उनकी सरकार की ‘रिफॉर्म एक्सप्रेसÓ से आम नागरिकों को व्यापक लाभ मिल रहा है। अगले दशक की शीर्ष प्राथमिकताओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘हमारी दिशा स्पष्ट है, इसे किसी निश्चित संख्या तक सीमित नहीं किया जा सकता।Ó प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत के लिए प्रौद्योगिकी, सुधार एवं वित्तÓ विषय पर आयोजित एक बजट-पश्चात वेबिनार में सरकार, उद्योग, वित्तीय संस्थानों और अकादमिक जगत के बीच सहयोग के लिए ‘सुधार साझेदारी चार्टरÓ विकसित करने का सुझाव भी दिया

बठिंडा के जंडांवाला गांव के 70 परिवार भाजपा की किश्ती में हुए सवार

बठिंडा (सत्ता संदेश)-गांव जंडांवाला में भाजपा के भुच्चो निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी और जिला अध्यक्ष एससी मोर्चा के प्रयास से 70 परिवारों ने अकाली दल छोड़कर भाजपा की किश्ती में सवार हो गये। इस अवसर पर गांव जंडांवाला में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सरूप चंद सिंगला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। पंजाब में डबल इंजन की भाजपा सरकार समय की आवश्यकता है, जिससे राज्य से नशे और गैंगस्टरों का खात्मा कर शांति, कानून-व्यवस्था और भाईचारे को मजबूत किया जा सके। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार वादे पूरे नहीं कर पाई। इस मौके पर भुच्चो मंडी के प्रभारी बलदेव सिंह ने कहा कि समाजसेवी रमणदीप सिंह साथियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। इस अवसर पर जिला महासचिव जतिंदर गोगी, सर्कल अध्यक्ष जसवंत सिंह मान और गुरमेल सिंह खेमुआना उपस्थित थे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले परिवारों में तीरथ राम शर्मा पंचायत सदस्य, मिट्टू सिंह और अन्य लोग उपस्थित थे।

14 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मोगा में करेंगे बदलाव रैली को संबोधित

चंडीगढ़ (सत्ता संदेश)-केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 14 मार्च को पंजाब के मोगा में बदलाव रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने  यह जानकारी दी। चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शर्मा ने कहा कि पंजाब में हर कोई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्य में एक विकल्प के रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब की जनता की सेवा करने, राज्य को विकास के पथ पर ले जाने, इसे नशे की समस्या से मुक्त कराने, किसानों के जीवन में बदलाव लाने और भ्रष्टाचार मुक्त शासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। रैली को पंजाब में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जहां 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर हमला करते हुए शर्मा ने आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। पंजाब में हाल में हुई जबरन वसूली एवं गोलीबारी की हिंसक घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य में मादक पदार्थ, अवैध खनन और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। पठानकोट के विधायक ने दावा किया कि सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है।

10वीं बोर्ड परीक्षा दौरान छात्रा ने दिया स्कूल वॉशरूम में बच्चे को जन्म


मध्य प्रदेश (सत्ता संदेश)-मध्य प्रदेश के धार जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा दे रही 17 वर्षीय छात्रा ने एक निजी स्कूल के वॉशरूम में एक बच्चे को जन्म दिया। इस घटना से यौन उत्पीडऩ का मामला उजागर हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि यह घटना पिथमपुर कस्बे के एक निजी स्कूल में हुई, जहां छात्र गणित की परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा शुरू होने के करीब दो घंटे बाद एक छात्रा ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की और वॉशरूम जाने की अनुमति मांगी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परीक्षकों ने वॉशरूम की जांच की। वहां उन्हें नवजात बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। महिला स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और छात्रा व नवजात को 108 एंबुलेंस के जरिए सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. प्रशांत काजावे ने बताया कि मां और बच्चा दोनों की हालत स्थिर है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा 34 सप्ताह (लगभग आठ माह) की गर्भवती थी और शिशु का जन्म समय से पहले हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ए.एस.पी.) ने बताया कि मामले में बाल यौन अपराधों से संरक्षण (पोस्को) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और इसे बेतमा थाना को स्थानांतरित कर दिया गया है। बेतमा पुलिस को दिए अपने बयान में किशोरी ने आरोप लगाया कि एक डांस कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी, जिसने उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उसे धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया, इसी कारण उसने अपने माता-पिता को इस घटना की जानकारी नहीं दी। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

मुख्यमंत्री मान ने केजरीवाल-सिसोदिया के बरी होने पर मोदी सरकार को घेरा कहा, सत्य की हमेशा जीत होती है

चंडीगढ़ (सत्ता संदेश)-पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में अदालत द्वारा बरी किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि सत्य की हमेशा जीत होती है। दिल्ली की एक अदालत ने आबकारी नीति मामले में केजरीवाल और सिसोदिया को बरी कर दिया तथा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सी.बी.आई.) द्वारा दाखिल आरोपपत्र का संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। इन दोनों नेताओं के अलावा इस मामले में 21 अन्य लोगों को भी बरी कर दिया गया। मुख्यमंत्री मान ने ‘एक्सÓ पर एक पोस्ट में कहा कि सत्य की हमेशा जीत होती है। दिल्ली की माननीय अदालत ने शराब घोटाले के मामले में आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बरी कर दिया है। माननीय अदालत के इस फैसले से सच्चाई सामने आ गई है। समय के साथ अन्य सभी मामलों में भी सच्चाई सामने आ जाएगी। आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने दिल्ली की अदालत के फैसले का स्वागत किया और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर पार्टी को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। अरोड़ा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कहावत है कि न्याय में देर हो सकती है, लेकिन अंधेर नहीं। अरविंद केजरीवाल जी, मनीष सिसोदिया जी और अन्य सभी को दिल्ली के तथाकथित शराब घोटाले के झूठे, मनगढ़ंत और झूठ से भरे मामले में माननीय अदालत द्वारा बरी कर दिया गया है, जिससे एक बार फिर यह साबित हो गया है कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की एजेंसियों ने आम आदमी पार्टी की ईमानदारी की राजनीति को बदनाम करने और नुकसान पहुंचाने के लिए यह सब किया था। उन्होंने कहा कि देश की जनता आने वाले दिनों में साजिशकर्ताओं को मुंहतोड़ जवाब देगी।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफे के 7 महीने बाद तोड़ी चुप्पी मैंने कभी नहीं कहा, मैं बीमार हूं…
  • जयपुर (सत्ता संदेश)-गत 21 जुलाई, 2025 को जब जगदीप धनखड़ ने अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया, तो पूरे देश में अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। राहुल गांधी ने इसे ‘बड़ी कहानीÓ बताया था, लेकिन अब खुद धनखड़ ने राजस्थान के चूरू में चुप्पी तोड़ते हुए असली वजह साफ कर दी है। कस्वां परिवार की मेजबानी में धनखड़ ने जो कहा, उसने विरोधियों के पुराने सवालों को नया मोड़ दे दिया है। अपने गृह जिले चूरू में एक छोटी सभा को संबोधित करते हुए धनखड़ ने स्पष्ट किया कि उन्होंने खराब स्वास्थ्य के चलते इस्तीफा नहीं दिया था। दरअसल, मैंने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया था। पूर्व उपराष्ट्रपति ने कहा कि मैंने स्वास्थ्य के प्रति कभी लापरवाही नहीं बरती। कहते भी हैं-पहला सुख निरोगी काया। उन्होंने कहा कि मैंने जब कहा कि मैं उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे रहा हूं तो मैंने यह कभी नहीं कहा कि मैं बीमार हूं। मैंने कहा थे कि मैं स्वास्थ्य को अहमियत दे रहा हूं। धनखड़ के चूरू दौरे की मेजबानीध कांग्रेस के पूर्व सांसद राम सिंह कस्वां और ओलंपियन व पूर्व कांग्रेस विधायक कृष्णा पूनिया ने की। राम सिंह चूरू के वर्तमान सांसद राहुल कस्वां के पिता हैं। उन्होंने कहा कि मैं राम सिंह कस्वां के हालचाल लेने आया था। इस दौरान वे यह बताना नहीं भूले कि जब भी वह खुद अस्वस्थ हुए हैं तो उनका हालचाल जानने वालों में राम सिंह हमेशा सबसे आगे रहे हैं।
  • * दाढ़ी वाले से लगता है डर
  • संबोधन के दौरान जब धनखड़ अपने और राम सिंह कस्वां के पुराने रिश्तों का जिक्र कर रहे थे, तभी उन्होंने मजाकिया अंदाज चूठकर लेते हुए कहा कि मुझे ‘दाढ़ी वाले’ से डर लगता है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग अर्थ लगाए जा रहे हैं। कुछ इसे राहुल गांधी से जोड़कर देख रहे हैं तो कुछ इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी जोड़कर देख रहे हैं।
  • * क्या कहा था राहुल गांधी ने?
  • लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे और उनकी चुप्पी पर सवाल उठाए थे। राहुल ने उस समय कहा था कि उन्होंने (जगदीप ने) इस्तीफा क्यों दिया, इसके पीछे एक बड़ी कहानी है। आप में से कुछ लोग इसे जानते होंगे, कुछ नहीं, लेकिन इसके पीछे एक कहानी जरूर है। और फिर यह भी एक कहानी है कि वह छिप क्यों रहे हैं। भारत के उपराष्ट्रपति ऐसी स्थिति में क्यों हैं कि वह एक शब्द नहीं कह सकते… और उन्हें छिपना पड़ रहा है… अचानक वह व्यक्ति जो राज्यसभा में खूब गरजता था, वह पूरी तरह से शांत हो गया है।