लुधियाना ब्लॉक कांग्रेस प्रधान मर्डर केस: बिहार से दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार; पंचायती जमीन खाली कराने की रंजिश में कुल्हाड़ी से उतारा था मौत के घाट
पंजाब डेस्क: लुधियाना के कूमकलां इलाके में हुए कांग्रेस ब्लॉक प्रधान परमिंदर तिवारी की सनसनीखेज हत्या के मामले को पंजाब पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी अजय कुमार उर्फ विजय कुमार और उसके साथी लक्की को बिहार के मुंगेर जिले से गिरफ्तार किया है।
नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी: दोनों आरोपी बिहार के जमालपुर (मुंगेर) से नेपाल सीमा में घुसने की योजना बना रहे थे, तभी पंजाब पुलिस ने बिहार पुलिस की मदद से उन्हें दबोच लिया। अदालत ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
हत्या का कारण: पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का परिवार पिछले 25 साल से पांच मरले पंचायती जमीन पर घर बनाकर रह रहा था। कांग्रेस नेता परमिंदर तिवारी इस जमीन को पंचायत को वापस दिलाने का प्रयास कर रहे थे, जिसे लेकर आरोपी का परिवार उनसे रंजिश रखता था
वारदात का तरीका: 29 मार्च की शाम जब परमिंदर तिवारी अपने क्वार्टर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे, तब आरोपियों ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इलाज के दौरान उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया था।
पहले हो चुकी गिरफ्तारियां: पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी अजय के पिता जय सिंह, भाई रवि कुमार, अमरीश और एक अन्य साथी सुनील को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
बरामदगी: पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और बाइक भी बरामद कर ली है।डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस जसकिरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि मुख्य आरोपी का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है और लंबे समय से लुधियाना के गांव खोखरा में रह रहा था।

