ब्रेकिंग न्यूज़
IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास; सहवाग-गंभीर का बड़ा रिकॉर्ड 61 गेंद पहले ही किया ध्वस्त

स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की सलामी जोड़ी, वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। इस युवा जोड़ी ने दिग्गज भारतीय सलामी जोड़ी वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़कर खुद को आईपीएल की नंबर-1 भारतीय ओपनिंग जोड़ी के रूप में स्थापित कर लिया है।

सबसे तेज 500 रन का रिकॉर्ड: वैभव और यशस्वी की जोड़ी आईपीएल में सबसे तेज 500 रन जोड़ने वाली भारतीय ओपनिंग जोड़ी बन गई है। वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने बतौर ओपनिंग जोड़ी 309 गेंदों पर 500 रन पूरे किए थे, लेकिन वैभव और यशस्वी ने यह कारनामा उनसे 61 गेंदें कम खेलकर ही कर दिखाया।

248 गेंदों में रचा इतिहास: इस जोड़ी ने केवल 248 गेंदों में ही 500 रनों की साझेदारी पूरी कर ली। 4 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अपनी पारी की दूसरी गेंद खेलते ही उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। इस मैच से पहले तक उनके नाम 246 गेंदों पर 497 रन दर्ज थे।

सिक्सर किंग जोड़ी: पिछले सीजन से अब तक की बात करें तो पावरप्ले में यशस्वी जायसवाल 25 छक्के और वैभव सूर्यवंशी 20 छक्के जड़ चुके हैं। उनकी आक्रामकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अकेले इन दोनों के छक्कों की संख्या आईपीएल की पूरी टीमों जैसे चेन्नई सुपर किंग्स (21 छक्के) और दिल्ली कैपिटल्स (26 छक्के) के पावरप्ले रिकॉर्ड्स के लगभग बराबर है।

विस्फोटक स्ट्राइक रेट: वैभव और यशस्वी पिछले सीजन में 200 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाली आईपीएल की इकलौती ओपनिंग जोड़ी थी। उनकी इस बल्लेबाजी शैली ने उन्हें मौजूदा सीजन की सबसे खतरनाक जोड़ी बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *