ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना: कनाडा का PR मिलते ही पति को छोड़ भागी ‘लुटेरी’ दुल्हन; ससुर ने दर्ज कराई FIR, बोले- विदेश जाने के लिए बेटे का इस्तेमाल किया

पंजाब डेस्क; पंजाब के लुधियाना में एक ऐसा मामला सामने आया है जहाँ एक महिला ने कनाडा की परमानेंट रेजिडेंसी (PR) हासिल करते ही अपने पति से नाता तोड़ लिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि महिला ने केवल विदेश में सेटल होने के लिए ही शादी का नाटक किया था।

शादी और विदेश गमन: लुधियाना के अमन नगर के रहने वाले जरनैल सिंह ने बताया कि उनके बेटे मान सिंह, जो पहले से कनाडा का स्थायी निवासी (PR) है, की शादी 10 फरवरी 2024 को कपूरथला की अमनदीप कौर के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद मान सिंह अपनी पत्नी को भी अपने साथ कनाडा ले गया।

PR मिलते ही बदला रंग: आरोप है कि कनाडा पहुँचने और वहां का PR हासिल करने के बाद अमनदीप कौर ने अपने पति को छोड़ दिया और किसी अनजान जगह जाकर रहने लगी। पीड़ित पति ने उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी और अब वह संपर्क में भी नहीं है।

परिवार का आरोप: लड़के के पिता का कहना है कि उनकी बहू ने केवल विदेश में बसने के लिए उनके बेटे का इस्तेमाल किया। जैसे ही उसका मकसद पूरा हुआ, उसने रिश्ता तोड़ लिया।

पुलिस कार्रवाई: लुधियाना के थाना सलेम टाबरी में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी पत्नी (अमनदीप कौर), उसके पिता (ससुर), भाई (साला) और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी (BNS की विभिन्न धाराओं) के तहत केस दर्ज कर लिया है।

BMW का बड़ा धमाका: 2026 में भारत में लॉन्च होंगी 23 नई कारें; इलेक्ट्रिक और SUV सेगमेंट पर रहेगा खास फोकस

गैजेट डेस्क : जर्मनी की दिग्गज लग्जरी कार निर्माता BMW ग्रुप ने भारतीय बाजार के लिए साल 2026 के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया है। कंपनी ने इस साल कुल 27 नए उत्पाद पेश करने का लक्ष्य रखा है, जिनमें से 23 आने वाले महीनों में लॉन्च किए जाएंगे।

लॉन्च का मेगा प्लान: बीएमडब्ल्यू इंडिया के प्रेसिडेंट हरदीप बरार के अनुसार, इस साल के लिए तय 27 उत्पादों में से 4 पहले ही लॉन्च हो चुके हैं और बाकी 23 उत्पाद अगले तीन क्वार्टर (तिमाही) में बाजार में उतारे जाएंगे। ये लॉन्च BMW, MINI और BMW Motorrad ब्रांड के तहत होंगे।

क्या होगा खास: इस लाइनअप में 6 बिल्कुल नए मॉडल शामिल होंगे जो पहली बार भारत आएंगे। इसके अलावा 4 मौजूदा मॉडल्स को बड़े अपडेट दिए जाएंगे और 17 मॉडल्स को फेसलिफ्ट या स्पेशल एडिशन के तौर पर पेश किया जाएगा।

आगामी प्रमुख मॉडल्स: जल्द लॉन्च होने वाले मॉडल्स में BMW F 450 GS (23 अप्रैल को लॉन्च), BMW i5 LWB और BMW iX3 जैसे नाम प्रमुख हैं। साथ ही MINI की ओर से Mini Aceman EV भी लॉन्च होने की संभावना है।

इलेक्ट्रिक कारों पर जोर: कंपनी का खास ध्यान इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेगमेंट पर है। 2026 की पहली तिमाही (Q1) में बीएमडब्ल्यू की कुल बिक्री का 26% हिस्सा इलेक्ट्रिक कारों से आया है और लग्जरी EV सेगमेंट में कंपनी की हिस्सेदारी 70% तक पहुँच गई है।

बिक्री में जबरदस्त उछाल: बीएमडब्ल्यू ने इस साल की पहली तिमाही में 4,567 यूनिट्स बेची हैं, जो पिछले साल की तुलना में 17% की वृद्धि दर्शाती है।

भारत में कंपनी की सफलता में SUV (38% वृद्धि) और लॉन्ग-व्हीलबेस मॉडल्स (23% वृद्धि) का बड़ा हाथ रहा है।बीएमडब्ल्यू का यह विस्तार प्लान भारतीय लग्जरी कार बाजार में अपनी पकड़ को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…

पंजाब डेस्क: पंजाब-चंडीगढ़ टॉप 10 खबरें: सरकारी मुलाजिमों को IAS के बराबर DA, नवजोत कौर सिद्धू का ‘अफीम’ वाला दांव और अलमारी से निकला चोर। चुटकियों में पढ़े दिनभर की अहम खबरें।

1. सरकारी कर्मचारियों की बड़ी जीत: पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने मान सरकार को बड़ा आदेश देते हुए कहा है कि राज्य के 3.5 लाख कर्मचारियों और 4 लाख पेंशनभोगियों को भी IAS-IPS अधिकारियों के बराबर 58% महंगाई भत्ता (DA) दिया जाए. वर्तमान में उन्हें केवल 42% मिल रहा था. सरकार को इसे 30 जून तक लागू करना होगा, जिससे खजाने पर 1400 करोड़ का बोझ पड़ेगा।

2. नवजोत कौर सिद्धू का चुनावी शंखनाद: डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने ऐलान किया है कि वह 2027 का चुनाव ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ से लड़ेंगी और उनकी पार्टी सभी 117 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू फिलहाल किसी भी पार्टी में नहीं हैं।

3. अफीम की खेती का वादा: अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं को गिनाते हुए नवजोत कौर ने कहा कि उनका मुख्य फोकस किसानों पर होगा और वे पंजाब में अफीम की खेती करने की अनुमति देंगी

4. चंडीगढ़ मेयर का धरना: चंडीगढ़ नगर निगम की मीटिंग के दौरान भारी हंगामा हुआ. प्रशासन द्वारा लोगों के घर तोड़े जाने के विरोध में मेयर सौरभ जोशी खुद सदन के बीच धरने पर बैठ गए और कार्रवाई रुकने तक न हटने की चेतावनी दी।

5. अलमारी में छिपा मिला चोर: मोहाली के फेज-7 में एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया. एक रिटायर्ड IRS अधिकारी की बंद कोठी में घुसा चोर पकड़े जाने के डर से अलमारी के अंदर छिप गया. पुलिस ने जब अलमारियां तलाशीं तो आरोपी अंदर से बरामद हुआ।

6. CM हाउस के बाहर धक्कामुक्की: चंडीगढ़ में SOI (स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई. छात्र नेता सीएम भगवंत मान द्वारा संगठन को ‘स्मैक ऑर्गेनाइजेशन’ कहे जाने का विरोध कर रहे थे और उनसे माफी की मांग कर रहे थे।

7. लुधियाना में ‘लुटेरी’ दुल्हन: कपूरथला के एक युवक के साथ कनाडा की पीआर (PR) मिलते ही उसकी पत्नी ने रिश्ता तोड़ दिया. पति का आरोप है कि कनाडा पहुँचने और वहां का पक्का रेजिडेंस हासिल करने के बाद अमनदीप कौर उसे छोड़कर कहीं और रहने लगी

8. सिंगर सुनंदा शर्मा के शो में हंगामा: यूपी के बरेली में सुनंदा शर्मा के शो के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई. भोजपुरी गीत ‘लॉलीपॉप लागेलू’ पर उनके डांस के दौरान छात्रों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

9. हनी सिंह और करण औजला में जुबानी जंग: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के दो दिग्गजों के बीच प्रतिद्वंद्विता तेज हो गई है. हनी सिंह द्वारा ‘6-7’ कहकर तंज कसने के बाद अब करण औजला ने अपने लाइव शो में उन्हें ‘बेबी’ कहकर काउंटर अटैक किया है।

10. निहंग रसूलपुर का ‘योगी मॉडल’ सुझाव: निहंग सिंह बाबा हरजीत सिंह रसूलपुर ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि पंजाब में जब तक बीजेपी ‘योगी स्टाइल’ नहीं अपनाएगी, तब तक उसकी जीत मुमकिन नहीं है. उन्होंने सीएम भगवंत मान को टोहड़ा और बादल के बाद सबसे चालाक नेता बताया।

नवजोत कौर सिद्धू का बड़ा ऐलान: 2027 में पंजाब की सभी 117 सीपर चुनाव लड़ेगी ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’; अफीम की खेती और युवाओं के लिए अनोखे वादे

पंजाब डेस्क: चंडीगढ़ प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी भविष्य की राजनीतिक रणनीति का खुलासा किया है। उन्होंने घोषणा की है कि ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ (BNP) पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
2027 चुनाव का लक्ष्य: नवजोत कौर ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में पूरी मजबूती के साथ उतरेगी,। उन्होंने बताया कि यह पार्टी करीब 9 साल पुरानी है।

कैबिनेट में अनुभव को प्राथमिकता: उन्होंने वादा किया कि यदि उनकी सरकार बनती है, तो केवल अनुभवी लोगों को ही कैबिनेट में पद दिए जाएंगे और मंत्रियों को हर महीने अपनी रिपोर्ट देनी होगी,।

किसानों के लिए अफीम की खेती: किसानों के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने एक बड़ा वादा किया कि पंजाब में किसानों को अफीम की खेती करने की अनुमति दी जाएगी।

युवाओं के लिए ‘मोबाइल’ रोजगार: युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए उन्होंने एक अनोखा तरीका बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को मोबाइल का सही इस्तेमाल सिखाया जाएगा; यदि कोई कूड़ा फेंकता है या गलत पार्किंग करता है, तो युवा उसकी फोटो सरकार को भेजेंगे और चालान की 50% राशि उस युवा को दी जाएगी।

नशे की समस्या का ‘विकल्प‘: ड्रग्स पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि नशे को पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता, इसलिए युवाओं को विकल्प (Alternative) प्रदान करना जरूरी है ताकि वे गुमराह न हों। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि कैंसर के इलाज के लिए वह दवा के साथ कच्ची हल्दी जैसे घरेलू विकल्प भी अपना रही हैं।

चुनाव में पैसे का इस्तेमाल: उन्होंने बड़ी पार्टियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव लड़ने के लिए बहुत पैसे की जरूरत होती है, लेकिन वह पैसे बर्बाद करने के बजाय उन्हें अन्य उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करना पसंद करेंगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें विदेश (NRI) से भी भारी समर्थन मिल रहा है।

सोने-चांदी की कीमतों में आया ‘भूचाल’: एक ही दिन में ₹11,000 महंगी हुई चांदी, सोना भी ₹1.56 लाख के पार; जानें आज का नया रेट

बिजनेस डेस्क: सर्राफा बाजार में बुधवार, 8 अप्रैल 2026 को कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया है, जिसने खरीदारों और निवेशकों को हैरान कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदले हालातों के कारण घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं।

चांदी की तूफानी तेजी: दिल्ली बुलियन मार्केट में चांदी की कीमत में एक ही दिन में 11,000 रुपये (करीब 5%) का भारी उछाल आया है। अब एक किलो चांदी का भाव 2,51,000 रुपये पर पहुँच गया है, जबकि मंगलवार को यह 2,40,000 रुपये पर थी।

सोना भी हुआ बेकाबू: 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 3,200 रुपये की बढ़त दर्ज की गई है। सोना अब 1,56,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुँच गया है।

तेजी की असल वजह: इस उछाल के पीछे सबसे बड़ा कारण सात समंदर पार अमेरिका और ईरान के बीच हुआ 2 हफ्ते का सीजफायर (संघर्ष विराम) है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सैन्य कार्रवाई की डेडलाइन से ठीक पहले दोनों देशों के बीच सहमति बनी कि ईरान ‘होर्मुज स्ट्रेट’ को सुरक्षित व्यापारिक आवाजाही के लिए खोल देगा।

मार्केट एक्सपर्ट्स की राय: एचडीएफसी सिक्योरिटीज के मुताबिक, वैश्विक तनाव कम होने से डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है। इस राहत भरी खबर के बाद निवेशकों ने एक बार फिर सुरक्षित निवेश के रूप में सोने और चांदी की ओर रुख किया है, जिससे मांग और कीमतें दोनों बढ़ गई हैं।

ग्लोबल मार्केट का हाल: अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने का भाव 2.07% बढ़कर 4,803.33 डॉलर प्रति औंस और चांदी 6% की छलांग लगाकर 77.33 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है।यदि आप इस सीजन में गहने बनवाने या निवेश करने की योजना बना रहे थे, तो आपको अपना बजट दोबारा चेक करने की जरूरत पड़ सकती है।

कैबिनेट ने राजस्थान के बालोतरा जिले में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरएल), पचपदरा के लिए लागत संशोधन और इक्विटी में निवेश को मंजूरी दी

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति ने एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरएल) परियोजना की लागत को 43,129 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 79,459 करोड़ रुपये करने और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) द्वारा 8,962 करोड़ रुपये के अतिरिक्त इक्विटी निवेश को मंजूरी दे दी है। इस वृद्धि के बाद एचपीसीएल का कुल इक्विटी निवेश 19,600 करोड़ रुपये हो जाएगा।

कार्यान्वयन की रणनीति और लक्ष्य:

एचआरआरएल रिफाइनरी एक अत्यंत वृहद रिफाइनरी है जिसमें 26 प्रतिशत से अधिक पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार होते हैं। प्रति वर्ष 1 मिलियन मीट्रिक टन पेट्रोल और 4 मिलियन मीट्रिक टन डीजल के उत्पादन के साथ-साथ, यह प्रति वर्ष 1 मिलियन मीट्रिक टन पॉलीप्रोपाइलीन, 0.5 मिलियन मीट्रिक टन एलएलपीडीई (लीनियर लो डेंसिटी पॉलीइथिलीन), 0.5 मिलियन मीट्रिक टन एचडीपीई (हाई डेंसिटी पॉलीइथिलीन) और लगभग 0.4 मिलियन मीट्रिक टन बेंजीन, टोल्यून और ब्यूटाडीन का भी उत्पादन करेगी। ये सभी उत्पाद परिवहन, फार्मा, पेंट, पैकेजिंग उद्योग आदि जैसे क्षेत्रों में हमारे ऊर्जा और औद्योगिक इको-सिस्‍टम के लिए महत्वपूर्ण हैं। यह परियोजना ऊर्जा की आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होगी और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र की आयात पर निर्भरता को कम करेगी। इसकी निर्धारित वाणिज्यिक संचालन तिथि (एससीओडी) 1 जुलाई, 2026 है।

रोजगार सृजन क्षमता सहित प्रमुख प्रभाव:

देश में ऊर्जा की बढ़ती आवश्यकताओं, पेट्रोकेमिकल की जरूरतों और विशेष उत्पादों के विनिर्माण को ध्‍यान में रखते हुए, एचआरएल एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे आयात पर देश की निर्भरता कम होगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी। इसके अलावा, यह परियोजना पिछड़े क्षेत्र के औद्योगीकरण, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मंगला कच्चे तेल के इस्‍तेमाल और भारत को एक रिफाइनिंग हब के रूप में बढ़ावा देने में भी योगदान देगी। इस परियोजना के कार्यान्वयन के दौरान, एचआरएल ने रिफाइनरी इकाइयों के निर्माण में लगे विभिन्न हितधारकों द्वारा लगभग 25,000 श्रमिकों के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए हैं।

पृष्ठभूमि:

राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचआरएल एक 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष (एमएमटीपीए) की क्षमता वाला ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है, जिसकी पेट्रोकेमिकल उत्पादन क्षमता 2.4 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष है। इस परियोजना का कार्यान्वयन एचआरएल द्वारा किया जा रहा है, जो एचपीसीएल और राजस्थान सरकार का संयुक्त उद्यम (जेवी) है। इसमें एचपीसीएल की हिस्सेदारी 74 प्रतिशत और एचपीसीएल की हिस्सेदारी 26 प्रतिशत है।

केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने अरूणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में 1200 मेगावाट की क्षमता वाली वाली कलाई-II जलविद्युत परियोजना के निर्माण के लिए निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दी, परियोजना की अनुमानित लागत 14,105.83 करोड़ रुपये है

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने कलाई-II जलविद्युत परियोजना के निर्माण के लिए 14,105.83 करोड़ के निवेश प्रस्‍ताव को मंजूरी दे दी है। परियोजना का निर्माण अरूणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में लोहित नदी पर किया जाएगा, और इसके पूरा होने की अनुमानित अवधि 78 महीने है।

उम्‍मीद है कि 1200 मेगावाट (6 x 190 मेगावाट और 1 x 60 मेगावाट) की स्थापित क्षमता वाली इस परियोजना से प्रति वर्ष 4852.95 मिलियन यूनिट (एमयू) बिजली उत्पादन होगा। लोहित बेसिन की पहली जलविद्युत परियोजना के रूप में, यह राज्य में बिजली आपूर्ति में सुधार लाएगी, बिजली की अधिक मांग वाले समय में प्रबंधन में सहायता करेगी और राष्ट्रीय ग्रिड के संतुलन में योगदान देगी।

इस परियोजना को टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड और अरूणाचल प्रदेश सरकार के बीच एक संयुक्त उद्यम कम्‍पनी के माध्यम से लागू किया जाएगा। सरकार इस परियोजना के लिए राज्य की इक्विटी हिस्सेदारी के लिए 750 करोड़ रुपये की केन्‍द्रीय वित्तीय सहायता के अलावा आवश्‍यक बुनियादी ढांचे जैसे सड़कों, पुलों और ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण के लिए 599.88 करोड़ रुपये की बजटीय सहायता प्रदान करेगी।

राज्य को 12 प्रतिशत मुफ्त बिजली प्राप्त होगी, साथ ही 1 प्रतिशत अतिरिक्त बिजली स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एलएडीएफ) के लिए निर्धारित की जाएगी, जिससे क्षेत्र में महत्वपूर्ण ढांचागत और सामाजिक-आर्थिक लाभ सुनिश्चित होंगे।

अरूणाचल प्रदेश के नामसाई और अंजॉ जिले के बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस परियोजना के तहत लगभग 29 किलोमीटर सड़कों और पुलों का निर्माण किया जाएगा, जो मुख्यतः स्थानीय उपयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे। स्थानीय लोगों को विभिन्न प्रकार के मुआवज़े, रोजगार के अवसर और सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से भी लाभ मिलेगा।

आईएनएस सुदर्शिनी एस्केल ए सेते 2026 में भाग लेने के बाद फ्रांस के सेते से रवाना

भारतीय नौसेना का नौकायन प्रशिक्षण पोतआईएनएस सुदर्शनी, 7 अप्रैल2026 को सेते बंदरगाह से रवाना हुआ, जो प्रतिष्ठित एस्केल ए सेते उत्सव में उसकी सफल भागीदारी का प्रतीक है। यह द्विवार्षिक उत्सव भूमध्य सागर में सबसे बड़े समुद्री समारोहों में से एक है, जो वैश्विक समुद्री विरासत का जश्न मनाता है। इस आयोजन के दौरान, आईएनएस सुदर्शिनी ने बड़े अंतरराष्ट्रीय जहाजों के साथ विभिन्न समुद्री गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। पोत के चालक दल ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान, समुद्री कार्यशालाओं और खेल आयोजनों में भाग लिया, जो उत्सव के कार्यक्रम का अभिन्न अंग थे।

इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण हेरिटेज सिटी परेड में भारतीय नौसेना की परेड टुकड़ी की भागीदारी थीजो फ्रांसीसी नौसेना की 400वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी। सेते की ऐतिहासिक सड़कों से गुजरते हुए, भारतीय तिरंगे को गर्वपूर्वक प्रदर्शित करते हुए, टुकड़ी ने अनुशासन, एकता और औपचारिक उत्कृष्टता का बेजोड़ प्रदर्शन किया।

उपलब्धियों की श्रृंखला में एक और उपलब्धि जोड़ते हुएसुदर्शिनी रोइंग टीम ने ज्यूक्स मैरीटाइम्स में कांस्य पदक जीता। महोत्सव का समापन भव्य ग्रांडे परेड डे डिपार्ट के साथ हुआ, जो एक औपचारिक नौकायन जुलूस था। इस कार्यक्रम के दौरान जहाज ने अपने पाल फहराए, जिससे एक मनमोहक दृश्य प्रस्तुत हुआ।

बंदरगाह पर ठहरने के दौरान, जहाज आगंतुकों के लिए खुला था और हजारों लोगों का स्वागत किया। इससे उन्हें जहाज की भूमिका और क्षमताओं के बारे में जानकारी मिली। भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति भारत और फ्रांस के बीच मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव और बढ़ते समुद्री संबंधों को दर्शाती है। एफएस एटोइल और आईटीएस कोर्सारो के चालक दल के साथ एक संयुक्त योग सत्र भी आयोजित किया गया, जो स्वास्थ्य, सद्भाव और समग्र कल्याण के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

फ्रांस में भारत के राजदूत श्री संजीव सिंगला द्वारा जहाज पर एक आधिकारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्ति और भागीदार देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने दोनों नौसेनाओं के बीच मजबूत विरासत और बढ़ते समुद्री सहयोग पर जोर दिया।

अपनी रवानगी के बाद, आईएनएस सुदर्शिनी अब कैसाब्लांका के रास्ते में है, और लोकायन 26 के तहत समुद्री संबंधों को मजबूत करने के अपने मिशन को जारी रखे हुए है।

नीति आयोग ने “ऋण प्राप्त करने वाली महिलाओं से लेकर निर्माता तक: महिलाएं और भारत का विकसित होता ऋण बाजार”

महिला उद्यमिता मंच, ट्रांसयूनियन सिबिल और माइक्रोसेव कंसल्टिंग के सहयोग से प्रकाशित हुई रिपोर्ट

महिलाओं के पास 76 लाख करोड़ रुपए का क्रेडिट पोर्टफोलियो है, जो कुल सिस्टम क्रेडिट का 26 प्रतिशत है

नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने 7 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली में अपनी रिपोर्ट ” ऋण लेने वालों से निर्माता तक: महिलाएं और भारत का विकसित होता ऋण बाजार ” का दूसरा संस्करण जारी किया । इस अवसर पर नीति आयोग के कार्यक्रम निदेशक नीलम पटेल (कृषि प्रौद्योगिकी/ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज), राजीव कुमार सेन (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण/राज्य वित्त/एसडीजी/महिला विकास), इश्तियाक अहमद (उद्योग एवं विदेशी निवेश), सोनिया पंत (शिक्षा/सेवा एवं आर्थिक खुफिया इकाई/कौशल विकास, श्रम एवं रोजगार), नीति आयोग की उप महानिदेशक स्वप्नाली भट्टाचार्य, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की संयुक्त सचिव मर्सी एपाओ, ट्रांसयूनियन सीआईबीएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं सीईओ भावेश जैन और माइक्रोसेव कंसल्टिंग के वरिष्ठ भागीदार अखंड तिवारी उपस्थित थे।

रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में महिला उधारकर्ताओं के पास अब 76 लाख करोड़ रुपये का ऋण पोर्टफोलियो है, जो कुल ऋण प्रणाली का 26 प्रतिशत है। इसमें यह भी कहा गया है कि 2017 से महिलाओं की ऋण क्षमता में 4.8 गुना वृद्धि हुई है, जो औपचारिक ऋण प्रणाली में पहुंच-आधारित समावेशन से प्रगति-आधारित भागीदारी की ओर बदलाव का संकेत देती है।

नीति आयोग की सीईओ निधि छिब्बर ने औपचारिक ऋण तक महिलाओं की पहुंच बढ़ाने के महत्व पर जोर देते हुए कहा,  “आर्थिक विकास तभी आगे बढ़ता है जब बाजारों में भागीदारी व्यापक, गहरी और अधिक कुशल हो जाती है। डीपीआई और औपचारिक ऋण प्रणालियों के एकीकरण ने आर्थिक भागीदारी के रिकॉर्ड और वित्तपोषण के तरीके को काफी हद तक बदल दिया है। इस रिपोर्ट के निष्कर्ष दर्शाते हैं कि महिलाएं इन बदलावों को किस प्रकार आकार दे रही हैं और इनसे लाभान्वित हो रही हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि महिला उधारकर्ता प्रवेश स्तर के ऋण से आगे बढ़कर खुदरा और व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए ऋण ले रही हैं, जो मजबूत वित्तीय क्षमता और गहन आर्थिक एकीकरण का संकेत है।”

महिला उद्यमिता मंच (डब्ल्यूईपी) के तत्वावधान में तैयार की गई यह रिपोर्ट ट्रांसयूनियन सीआईबीएल और माइक्रोसेव कंसल्टिंग (एमएससी) द्वारा तैयार की गई थी।

नीति आयोग की कार्यक्रम निदेशक और डब्ल्यूईपी की मिशन निदेशक अन्ना रॉय ने कहा, “औपचारिक ऋण में महिलाओं की भागीदारी का व्यापक और विविधीकरण भारत के आर्थिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत देता है। विशेष रूप से उत्साहजनक बात केवल पहुंच में वृद्धि ही नहीं है, बल्कि जिस तरह महिलाएं ऋण के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं और औपचारिक वित्तीय प्रणालियों के साथ अधिक सक्रिय रूप से जुड़ रही हैं वह भी सराहनीय है। इस गति को बनाए रखने के लिए अनुकूल वातावरण को मजबूत करने पर निरंतर ध्यान देना आवश्यक होगा—ताकि बढ़ी हुई भागीदारी समय के साथ अधिक मजबूत उद्यमों और गहन आर्थिक योगदान में परिवर्तित हो सके।”

रिपोर्ट में कहा गया है कि दिसंबर 2017 से दिसंबर 2025 के बीच, ऋण लेने वाली सक्रिय महिला उधारकर्ताओं की संख्या में 9 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) दर्ज की गई, जबकि महिलाओं के बीच ऋण की पहुंच 19 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई। महिलाओं को दिया गया कुल बकाया ऋण 2017 में 16 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2025 में 76 लाख करोड़ रुपये हो गया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत में लगभग 45 करोड़ ऋण-पात्र महिलाओं के साथ, ऋण में और अधिक विस्तार की अपार संभावनाएं हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि वृद्धि मुख्य रूप से वाणिज्यिक ऋण के कारण हुई है, जिसमें महिला व्यावसायिक उधारकर्ताओं को दिए गए ऋण में 2022 से 2025 के बीच 31 प्रतिशत की सीएजीआर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) दर्ज की गई है, जबकि कुल वाणिज्यिक ऋण में यह दर 17 प्रतिशत रही। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सूक्ष्म वित्त उधारकर्ता धीरे-धीरे व्यक्तिगत खुदरा और वाणिज्यिक ऋणों की ओर बढ़ रहे हैं, और अब सक्रिय सूक्ष्म वित्त संस्थानों (एमएफआई) के 19 प्रतिशत उधारकर्ताओं के पास ऐसे ऋण हैं।

रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि महिलाओं की ऋण पहुंच का भौगोलिक विस्तार हो रहा है, जिसमें बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे उत्तरी राज्यों के साथ-साथ दक्षिणी और पश्चिमी राज्यों में भी वृद्धि देखी जा रही है। व्यक्तिगत ऋण और स्वर्ण ऋण सबसे अधिक मांग वाले उत्पाद बने हुए हैं, जबकि आवास ऋणों में उत्साहजनक वृद्धि हो रही है, जो महिलाओं के बीच संपत्ति स्वामित्व में वृद्धि का संकेत है।

रिपोर्ट में इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि पहचान, भुगतान, बीमा और ऋण सेवा में तेजी से हो रहे डिजिटलीकरण से प्रवेश संबंधी बाधाओं को कम करने और महिलाओं को अनौपचारिक उधार से औपचारिक, संरचित वित्तीय प्रणालियों में संक्रमण करने में सक्षम बनाने की क्षमता है।

यह रिपोर्ट लगभग 16 करोड़ (160 मिलियन) सक्रिय महिला क्रेडिट ब्यूरो के दीर्घकालिक आंकड़ों पर आधारित है, साथ ही 161 ग्रामीण महिला लघु उद्यमियों के साथ किए गए प्राथमिक शोध से मात्रात्मक और व्यावहारिक दोनों प्रकार की अंतर्दृष्टि प्राप्त होती है। इस वर्ष रिपोर्ट में सूक्ष्म वित्त डेटा को भी शामिल किया गया है, जिससे यह क्रेडिट प्रणाली में महिलाओं की पहुंच और प्रगति का व्यापक मूल्यांकन बन गया है।

यह रिपोर्ट डब्ल्यूईपी द्वारा 2025 में अपने फाइनेंसिंग वूमेन कोलैबोरेटिव (एफडब्ल्यूसी) के तहत शुरू किए गए एक सहयोग पर आधारित है, जिसका उद्देश्य औपचारिक ऋण तक महिलाओं की पहुंच पर लिंग-विभाजित डेटा की उपलब्धता में मौजूद कमियों को दूर करना है, जिसमें रुझान, उधारकर्ता व्यवहार और ऋण पारिस्थितिकी तंत्र के भीतर प्रगति शामिल है।

भारतीय नौसेना का जहाज त्रिकंद केन्या के मोम्बासा पहुंचा

भारतीय नौसेना का अग्रणी निर्देशित मिसाइल युद्धपोत आईएनएस त्रिकंद दक्षिण पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी जारी तैनाती के तहत अप्रैल 2026 को केन्या के मोम्बासा पहुंचा। केन्‍या में इस तैनाती का उद्देश्य समुद्री सहयोग को मजबूत करना और भारत तथा केन्या के बीच द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देना है।

इस बंदरगाह पर आईएनएस त्रिकंद युद्धपोत के आगमन के साथ ही पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन भी केन्या यात्रा पर पहुंचे।

इस यात्रा के दौरान व्यावसायिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा और आवश्यक सामग्री केन्या रक्षा बलों को सौंप दी जाएगी। इसके अलावा युद्धपोत के कमांडिंग ऑफिसर केन्‍या के वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

मोम्बासा से प्रस्थान करने से पहले आईएनएस त्रिकंद केन्या नौसेना की इकाइयों के साथ एक पैसेज एक्सरसाइज (पासेक्स) में भाग लेगा। इस अभ्यास में सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों के आदान-प्रदान को सुगम बनाया जाएगा और द्विपक्षीय समुद्री अंतर संचालनीयता को बढ़ावा मिलेगा।

आईएनएस त्रिकंद का मोम्‍बासा बंदरगाह पर आना भारत के महासागर (हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) विजन के अनुरूप है।