राघव चड्ढा का ‘आप’ को करारा जवाब: बोले- ‘यह छोटा सा ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है’; पंजाब को बताया अपनी आत्मा
पंजाब डेस्क: आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सांसद राघव चड्ढा और पार्टी नेतृत्व के बीच चल रही जुबानी जंग और तेज हो गई है। चड्ढा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए उन आरोपों का जवाब दिया है जिनमें कहा गया था कि वे संसद में पंजाब के मुद्दे उठाने में विफल रहे हैं।
‘पिक्चर अभी बाकी है‘: राघव चड्ढा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि उनके उन साथियों के लिए, जिन्हें यह कहने के लिए मजबूर किया गया कि वे पंजाब के मुद्दे उठाने में विफल रहे, यह सिर्फ एक छोटा सा ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है।
पंजाब से भावनात्मक जुड़ाव: चड्ढा ने कहा कि पंजाब उनके लिए केवल राजनीति या चर्चा का विषय नहीं है, बल्कि वह उनका घर, कर्तव्य, मिट्टी और उनकी आत्मा है,।
सुनियोजित अभियान का आरोप: शनिवार को उन्होंने पार्टी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें ‘झूठा और सुनियोजित अभियान’ का हिस्सा बताया। उन्होंने चुनौती दी कि संसद की कार्यवाही सीसीटीवी में रिकॉर्ड होती है और कोई एक भी ऐसा उदाहरण दिखाए जब उन्होंने विपक्ष के वॉकआउट में हिस्सा न लिया हो
काम का लेखा-जोखा: उन्होंने स्पष्ट किया कि वे संसद में हंगामा करने या माइक तोड़ने नहीं जाते। उन्होंने संसद में जीएसटी, आयकर, दिल्ली का प्रदूषण, पंजाब का जल संकट, बेरोजगारी और महंगाई जैसे गंभीर जनहित के मुद्दे उठाए हैं।
हस्ताक्षर विवाद पर सफाई: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर न करने के आरोप पर उन्होंने कहा कि पार्टी के किसी भी नेता ने उनसे इस बारे में औपचारिक या अनौपचारिक रूप से संपर्क नहीं किया था,।यह विवाद तब शुरू हुआ जब पार्टी ने उन पर सदन में सक्रिय न रहने का आरोप लगाकर उन्हें पद से मुक्त कर दिया था।

