AI की रेस में कर्मचारियों पर गिरी गाज: 2026 में अब तक 51,000 से ज्यादा टेक नौकरियां खत्म; Amazon, Meta और Oracle में बड़ी छंटनी
इंटरनेशनल डेस्क : दुनियाभर की दिग्गज टेक कंपनियों में साल 2026 की शुरुआत के साथ ही छंटनी की एक नई और विनाशकारी लहर देखने को मिल रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में निवेश बढ़ाने और परिचालन को अधिक कुशल बनाने के नाम पर Amazon, Meta, Oracle और Block Inc. जैसी बड़ी कंपनियों ने महज तीन महीनों के भीतर 51,000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।
Oracle की ऐतिहासिक छंटनी: टेक दिग्गज ओरेकल (Oracle) ने 31 मार्च को अपने इतिहास की सबसे बड़ी छंटनी करते हुए करीब 20,000 से 30,000 कर्मचारियों को बाहर कर दिया है, जो इसके कुल वर्कफोर्स का लगभग 18 प्रतिशत है। कंपनी इस कटौती से सालाना 8 से 10 अरब डॉलर बचाएगी, जिसे AI डेटा सेंटर्स में निवेश किया जाएगा।
मेटा का ‘ईयर ऑफ एफिशिएंसी‘: मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा (Meta) ने अपने ‘ईयर ऑफ एफिशिएंसी’ प्लान के तहत रियलिटी लैब्स, फेसबुक और सेल्स जैसे विभागों से सैकड़ों लोगों को निकाला है। कंपनी का पूरा ध्यान अब Llama जैसे AI मॉडल्स पर है।
अमेजन और एटलसियन: अमेजन (Amazon) ने जनवरी में करीब 16,000 कॉरपोरेट नौकरियां खत्म कीं, खासकर अलेक्सा और रिटेल विभागों में। वहीं एटलसियन (Atlassian) ने अपने 10% स्टाफ यानी लगभग 1,600 कर्मचारियों की छंटनी की है।
ब्लॉक इंक का चौंकाने वाला फैसला: जैक डोर्सी की कंपनी ब्लॉक इंक (Block Inc.) ने अपने वर्कफोर्स का लगभग 40 से 50 प्रतिशत (4000 कर्मचारी) हिस्सा कम कर दिया है। डोर्सी ने AI के जरिए काम को अधिक एफिशिएंट बनाने को इसका मुख्य कारण बताया है।
भारत समेत दुनिया पर असर: 2026 के पहले तीन महीनों में ही 100 से ज्यादा कंपनियों ने छंटनी की है। इसका सबसे ज्यादा असर अमेरिका (32,000+ नौकरियां) में देखा गया है, लेकिन भारत, कनाडा, मैक्सिको, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसे देशों में भी हजारों लोगों की नौकरियां गई हैं।
कंपनियों की रणनीति: विशेषज्ञों के अनुसार, कंपनियां मिड-लेवल कर्मचारियों को हटाकर उस पैसे का इस्तेमाल AI टूल्स और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग सिस्टम में कर रही हैं। हालांकि, इससे टेक सेक्टर में नौकरी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं क्योंकि कंपनियां मुनाफे में होने के बावजूद AI-फर्स्ट फ्यूचर की ओर बढ़ रही हैं।

