हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सुदेश कुमार का 95 वर्ष की आयु में निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर
मनोरंजन डेस्क : हिंदी सिनेमा के ‘गोल्डन एरा’ (स्वर्ण युग) के मशहूर सितारे सुदेश कुमार का 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनकी बेटी मिशिका धवन जमतानी ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है। सुदेश कुमार के निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है और कई सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
पृथ्वी थिएटर से शुरू किया था सफर: सुदेश कुमार ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत ‘पृथ्वी थिएटर’ से की थी, जहाँ उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं। उन्होंने 50, 60 और 70 के दशक में अपनी सादगी और बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों के दिलों पर राज किया। वे दिग्गज अभिनेता राज कपूर के भी बेहद करीबी थे और उनके साथ कई परियोजनाओं का हिस्सा रहे।
यादगार फिल्में और योगदान: अपने लंबे करियर में उन्होंने कई ब्लॉकबस्टर और कल्ट फिल्में दीं। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘छोटी बहन’ (1959), ‘सारंगा’ (1961), ‘रॉकेट गर्ल’ (1962), ‘पैसे’ (1957), ‘धरती’, ‘वारिस’, ‘खानदान’ और ‘मन मंदिर’ जैसी फिल्में शामिल हैं। अभिनय के अलावा, उन्होंने निर्देशन में भी हाथ आजमाया और 1966 की मशहूर फिल्म ‘दो बदन’ में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया।
अंतिम विदाई दिवंगत: अभिनेता का अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट में किया गया। इस दौरान हिंदी सिनेमा के कई नामचीन सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए मौजूद रहे। उनके द्वारा निभाए गए किरदार आज भी दर्शकों की यादों में जीवित हैं।

