ब्रेकिंग न्यूज़
परमाणु डील पर ईरान का बड़ा सरेंडर: अमेरिका को सौंपेगा 440 KG यूरेनियम, ट्रंप बोले- समझौता तय

इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चली आ रही परमाणु तनातनी अब खत्म होने की कगार पर है। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान अपने 440 किलो संवर्धित यूरेनियम (Enriched Uranium) के भंडार को छोड़ने के लिए तैयार हो गया है। इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान का बड़ा ‘सरेंडर’ माना जा रहा है, क्योंकि तेहरान पहले इस मुद्दे पर बात करने को तैयार नहीं था।

सैन्य कार्रवाई के डर से झुका ईरान? रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी वार्ताकारों ने स्पष्ट कर दिया था कि यदि ईरान यूरेनियम के मुद्दे पर पीछे हटता है, तो अमेरिका वार्ता छोड़कर दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकता है। बताया जा रहा है कि अमेरिकी सेना ने इस्फहान स्थित भूमिगत परमाणु केंद्रों पर ‘बंकर बस्टर’ हमले और संयुक्त कमांडो ऑपरेशन जैसी योजनाएं भी तैयार कर ली थीं। इसी भारी दबाव के बीच ईरान ने घुटने टेक दिए हैं।

क्या है समझौते का मसौदा? इस प्रस्तावित समझौते के तहत, ईरान अपना यूरेनियम भंडार रूस को सौंप सकता है, जैसा कि 2015 के परमाणु समझौते के दौरान किया गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि संघर्ष समाप्त करने के लिए समझौता लगभग तय हो चुका है और अब केवल तकनीकी पहलुओं पर चर्चा बाकी है। इस डील से होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में सामान्य आवाजाही बहाल होने और वैश्विक तेल बाजार में स्थिरता आने की उम्मीद है।

इतिहास और तनाव: ईरान और अमेरिका के बीच फरवरी 2026 से तनाव चरम पर था, जब दोनों पक्षों के बीच हमले तेज हो गए थे। हालांकि अप्रैल से युद्धविराम लागू है, लेकिन यूरेनियम सौंपने के इस फैसले को शांति की दिशा में सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के अनुसार, ईरान के पास 60% तक संवर्धित यूरेनियम मौजूद था, जिससे कई परमाणु हथियार बनाए जा सकते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *