IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स बाहर, प्लेऑफ के आखिरी पायदान के लिए RR, KKR और PBKS में छिड़ी जंग
स्पोर्टस डेस्क : आईपीएल 2026 के 68वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) की लखनऊ सुपर जायंट्स पर 7 विकेट से जीत ने प्लेऑफ की रेस को बेहद रोमांचक बना दिया है। इस जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स (DC) अधिकारिक तौर पर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। अब अंतिम चौथे स्थान के लिए राजस्थान रॉयल्स (RR), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए ‘करो या मरो’ का मुकाबला: राजस्थान के लिए समीकरण सीधा है—उन्हें मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना अंतिम मैच हर हाल में जीतना होगा। यदि वे जीतते हैं, तो 16 अंकों के साथ सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएंगे। लेकिन हार की स्थिति में वे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे, क्योंकि पंजाब के पास पहले से ही 15 अंक हैं।
पंजाब किंग्स (PBKS) की किस्मत दूसरों के हाथ में : पंजाब ने अपने सभी 14 मैच खेल लिए हैं और उनके 15 अंक हैं। पंजाब की उम्मीदें अब राजस्थान रॉयल्स की हार पर टिकी हैं। यदि राजस्थान अपना मैच हार जाता है और कोलकाता भी अपना मैच हार जाता है (या बहुत छोटे अंतर से जीतता है), तो पंजाब किंग्स प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को चाहिए ‘विशाल जीत‘ : केकेआर के लिए राह सबसे कठिन है। उन्हें न केवल राजस्थान की हार की प्रार्थना करनी होगी, बल्कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मैच में बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। यदि वे पहले बल्लेबाजी करते हैं, तो उन्हें 77 या उससे अधिक रनों से जीतना होगा, और यदि वे लक्ष्य का पीछा करते हैं, तो उन्हें 12 से 12.4 ओवरों में ही मैच खत्म करना होगा ताकि उनका रन रेट पंजाब से बेहतर हो सके।

