अमृतसर में 12वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या: पुलिस को मिले शरीर पर गोलियों के निशान
अमृतसर: अमृतसर के थाना मेहता चौक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली महिसमपुरा रोड पर बीती रात अज्ञात हमलावरों ने 12वीं कक्षा के एक छात्र की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अमरजोत सिंह के रूप में हुई है, जो अपने पिता सुखराज सिंह का इकलौता बेटा था।
एक्सीडेंट की सूचना ने बदला रुख: शुरुआत में पुलिस को सूचना मिली थी कि सड़क पर कोई सड़क दुर्घटना (एक्सीडेंट) हुई है। लेकिन जब थाना मेहता के एसएचओ और पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो जाँच के दौरान युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले, जिससे यह साफ हो गया कि यह हत्या का मामला है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई: एसएसपी देहात सोहेल मीर ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से इसकी जाँच कर रही है। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें सक्रियता से जुटी हुई हैं।
प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।

