ब्रेकिंग न्यूज़
10वीं बोर्ड परीक्षा दौरान छात्रा ने दिया स्कूल वॉशरूम में बच्चे को जन्म


मध्य प्रदेश (सत्ता संदेश)-मध्य प्रदेश के धार जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा दे रही 17 वर्षीय छात्रा ने एक निजी स्कूल के वॉशरूम में एक बच्चे को जन्म दिया। इस घटना से यौन उत्पीडऩ का मामला उजागर हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि यह घटना पिथमपुर कस्बे के एक निजी स्कूल में हुई, जहां छात्र गणित की परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा शुरू होने के करीब दो घंटे बाद एक छात्रा ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की और वॉशरूम जाने की अनुमति मांगी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परीक्षकों ने वॉशरूम की जांच की। वहां उन्हें नवजात बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। महिला स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और छात्रा व नवजात को 108 एंबुलेंस के जरिए सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. प्रशांत काजावे ने बताया कि मां और बच्चा दोनों की हालत स्थिर है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा 34 सप्ताह (लगभग आठ माह) की गर्भवती थी और शिशु का जन्म समय से पहले हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ए.एस.पी.) ने बताया कि मामले में बाल यौन अपराधों से संरक्षण (पोस्को) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और इसे बेतमा थाना को स्थानांतरित कर दिया गया है। बेतमा पुलिस को दिए अपने बयान में किशोरी ने आरोप लगाया कि एक डांस कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी, जिसने उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उसे धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया, इसी कारण उसने अपने माता-पिता को इस घटना की जानकारी नहीं दी। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *