ब्रेकिंग न्यूज़
जालंधर के स्कूल में छात्रा की संदिग्ध मौत: चोरी के आरोप में टीचर ने 3 घंटे कमरे में रखा बंद; हत्या के आरोप के बाद FIR दर्ज

पंजाब डेस्क : पंजाब के जालंधर के नूरपुर स्थित एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा की 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद स्कूल में भारी हंगामा हुआ और मृतका के परिजनों ने स्कूल प्रशासन व संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कड़ा रोष प्रदर्शन किया।

चोरी का आरोप और मारपीट का दावा: परिजनों के अनुसार, छात्रा सोमवार को स्कूल में अपना रोल नंबर लेने गई थी। आरोप है कि वहां एक शिक्षिका परमजीत कौर ने छात्रा को अपना पर्स पकड़ने के लिए दिया और बाद में उस पर पर्स से पैसे (पहले 200 और फिर 2,000 रुपये) चोरी करने का आरोप लगा दिया। मृतका की मौसी कृष्णा देवी ने आरोप लगाया है कि शिक्षिका छात्रा को एक कमरे में ले गई, जहाँ उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसे तीन घंटे तक बंद रखा गया।

आत्महत्या या हत्या?

उठे गंभीर सवाल: हालांकि स्कूल प्रशासन इसे आत्महत्या बता रहा है, लेकिन परिवार ने इसे सोची-समझी हत्या करार दिया है। परिवार ने सवाल उठाए हैं कि:

-यदि छात्रा ने फांसी लगाई थी, तो दरवाजे की कुंडी बाहर से कैसे खुली थी?

-कमरे में कोई रस्सी नहीं थी, तो उसने फंदा कैसे लगाया?

-परिजनों के आने से पहले ही पुलिस को बुलाए बिना या उनके सामने शव को नीचे क्यों उतारा गया?

पुलिस की कार्रवाई: मकसूदां पुलिस स्टेशन ने पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आरोपी शिक्षिका परमजीत कौर के खिलाफ मामला (FIR) दर्ज कर लिया है। डीएसपी करतारपुर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अब स्कूल स्टाफ और अन्य छात्रों के बयान दर्ज कर रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सबूतों को खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *