पाकिस्तान की काबुल में बड़ी एयर स्ट्राइक: नशा मुक्ति केंद्र पर हमले में 400 की मौत, 250 घायल
इंटरनेशनल डेस्क: अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र (drug rehab hospital) पर हवाई हमला करने का बड़ा आरोप लगाया है। इस भीषण हमले में अब तक 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 250 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान के उप-प्रवक्ता, हमदुल्ला फ़ितरत ने जानकारी दी कि सोमवार देर रात पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए इस हमले से अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया है।
फिलहाल बचाव दल मलबे और आग पर काबू पाकर पीड़ितों के शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।तालिबान ने इस हमले को मानवता के खिलाफ करार दिया है। वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तान ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पाकिस्तानी अधिकारियों और नेताओं का कहना है कि उन्होंने किसी भी अस्पताल या नागरिक स्थल को निशाना नहीं बनाया है और उनके हमलों में किसी भी आम नागरिक को नुकसान नहीं पहुँचा है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव काफी समय से चल रहा है और इस संघर्ष की शुरुआत 22 फरवरी को हुई थी। अफगानिस्तान पर एक हफ्ते के भीतर यह दूसरा सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है। इस घटना पर प्रसिद्ध क्रिकेटर राशिद खान ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए अपना दुख जाहिर किया है और संयुक्त राष्ट्र (UN) से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है।

