ब्रेकिंग न्यूज़
PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…23-04-2026

पंजाब डेस्क: आज राज्य में राजनीतिक सरगर्मियों से लेकर सुरक्षा और जन-समस्याओं तक कई अहम घटनाक्रम हुए हैं। भाजपा ने गठबंधन की अटकलों को खत्म करते हुए अकेले चुनाव लड़ने का मन बनाया है, वहीं लुधियाना और चंडीगढ़ से कुछ चिंताजनक खबरें भी सामने आई हैं। आइए, विस्तार से जानते हैं आज की बड़ी खबरें।

1. पंजाब चुनाव में भाजपा किसी से गठबंधन नहीं करेगी: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ गठबंधन की सभी अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी और नए स्वरूप में मैदान में उतरेगी। नबीन के अनुसार, पार्टी का संगठन चुनाव को ध्यान में रखकर पूरी तरह तैयार है और इसमें किसी का सहयोग नहीं लिया जाएगा।

2. सांसद अमृतपाल सिंह 2 दिन के पुलिस रिमांड पर: खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को अजनाला कोर्ट ने 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत नजरबंदी 22 अप्रैल को समाप्त हो गई थी, जिसके बाद अजनाला थाने में घुसने और पुलिस के साथ झड़प से जुड़े पुराने मामलों में कार्रवाई तेज कर दी गई है।

3. स्कूलों और रेलवे ट्रैक को उड़ाने की धमकी: लुधियाना के तीन स्कूलों और रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिला है। स्प्रिंग डेल, डीएवी और मानव रचना स्कूलों में सुबह ईमेल मिलने के बाद तुरंत छुट्टी कर दी गई। पुलिस और बम स्क्वायड की टीमों ने गहन सर्च ऑपरेशन चलाया है, हालांकि स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में काफी डर का माहौल है।

4. चंडीगढ़ में ‘जॉम्बी ड्रग’ का खौफ: चंडीगढ़ में एक युवक सड़क किनारे एक घंटे तक बिना किसी हलचल के स्टैच्यू बनकर बैठा रहा, जिसे ‘जॉम्बी ड्रग’ (जाइलेजीन) के असर से जोड़कर देखा जा रहा है। यह नशा इंसान के सेंट्रल नर्वस सिस्टम को सुन्न कर देता है जिससे शरीर की जागरूकता खत्म हो जाती है। शहर में इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।

5. भीषण गर्मी में बिजली के लंबे कट: पावरकॉम ने लुधियाना, जालंधर और अमृतसर सहित कई जिलों में 3 से 10 घंटे के लंबे बिजली कट लगाने का शेड्यूल जारी किया है। विभाग इसे सालाना मेंटेनेंस का हिस्सा बता रहा है, लेकिन भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच इन लंबे शटडाउन से आम जनता में भारी गुस्सा है।

6. 3 साल की मासूम बच्ची आग में झुलसी: लुधियाना में एक 3 साल की बच्ची माचिस से खेलते समय खुद को आग लगा बैठी और 60% तक झुलस गई। बच्ची की नायलॉन की फ्रॉक ने तुरंत आग पकड़ ली थी। पिता ने उसे बचाने की कोशिश की जिसमें उनके हाथ भी झुलस गए, बच्ची का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।

7. NRIs के लिए OCI कार्ड के नियमों में ढील: भारत सरकार ने ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड के नियमों में बदलाव किया है, जिससे अब NRI भारत पहुँचते ही तुरंत इसके लिए आवेदन कर सकेंगे। अब उन्हें 6 महीने तक भारत में रुकने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, विदेशी मूल के पति/पत्नी के लिए नियमों को पहले से सख्त कर दिया गया है।

8. बहू से तंग आकर सास ने की आत्महत्या: अबोहर में एक महिला ने नहर में कूदकर जान दे दी और अपनी मौत का जिम्मेदार अपनी बड़ी बहू को ठहराया है। आत्महत्या से पहले महिला ने एक ऑडियो रिकॉर्ड कर बहू को भेजा था, जिसमें उसने परिवार में होने वाले क्लेश का जिक्र किया था।

9. चंडीगढ़ में जज सस्पेंड, वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई: पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ में तैनात एक जज को आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद सस्पेंड कर दिया है। जज को रोहतक ट्रांसफर किया गया है। हालांकि जज का दावा है कि वीडियो मॉर्फ्ड है और उन्हें 1.5 करोड़ रुपये के लिए ब्लैमेल किया जा रहा था।

10. दामाद ने ससुर का घर फूँका: लुधियाना में एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ससुर के घर में डीजल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में घर का कीमती सामान जल गया। पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है और डीजल की केनी भी बरामद कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *