AAP नेता लकी ओबेरॉय हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी नौकर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
पंजाब डेस्क : जालंधर के आम आदमी पार्टी (AAP) नेता लकी ओबेरॉय की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी और ओबेरॉय के नौकर, शमिंदर सिंह को काबू कर लिया है। यह मुठभेड़ अमृतसर के खासा इलाके में हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
नाकेबंदी के दौरान हुई फायरिंग: एसएसपी अमृतसर ग्रामीण सुहैल कासिम मीर के अनुसार, पुलिस ने खासा के पास नाकाबंदी की थी। जब एक्टिवा सवार शमिंदर सिंह को रुकने का इशारा किया गया, तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हथियार बरामद और पिछला रिकॉर्ड: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक .30 बोर का बेरेटा पिस्तौल भी बरामद किया है। डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि आरोपी मूल रूप से जालंधर के मीठापुर का रहने वाला है और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
कानूनी कार्रवाई : लकी ओबेरॉय की हत्या के बाद 6 फरवरी 2026 को जालंधर के थाना डिवीजन नंबर 6 में आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 25 दर्ज की गई थी। उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे के असल कारणों और किसी अन्य साजिश का पता लगाया जा सके।

